विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

उमराह की आड़ में कश्मीर में टेरर फंडिंग की साजिश बेनकाब, पाकिस्तान से लंदन-दुबई तक जुड़े तार; 6 पर CIK का शिकंजा

By Naveen NawazEdited By: Dallu Slathia
Published: Mon, 16 Nov 2026 06:17 PM (IST)

CIK ने प्रतिबंधित आतंकी संगठन TRF के वित्तीय नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए छह आरोपितों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की ...और पढ़ें

पाकिस्तान से कश्मीर तक आतंकी फंडिंग नेटवर्क बेनकाब। (AI Generated)

पाकिस्तान से कश्मीर तक आतंकी फंडिंग नेटवर्क बेनकाब। (AI Generated)

HighLights

  1. CIK ने TRF के छह आरोपितों पर चार्जशीट दाखिल की।

  2. पाकिस्तान से कश्मीर तक फैला था आतंकी फंडिंग नेटवर्क।

  3. उमराह की आड़ में सऊदी अरब में हुई थी फंडिंग डील।

नवीन नवाज, श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर में प्रतिबंधित आतंकी संगठन द रेजिस्टेंस फ्रंट (TRF) के कथित वित्तीय नेटवर्क पर काउंटर इंटेलिजेंस कश्मीर (CIK) ने बड़ी कार्रवाई की है। पाकिस्तान से हवाला और अन्य गुप्त माध्यमों के जरिए जम्मू-कश्मीर में आतंकी गतिविधियों के लिए धन पहुंचाने की साजिश के मामले में एजेंसी ने छह आरोपितों के खिलाफ श्रीनगर की विशेष अदालत में आरोपपत्र दाखिल किया है। जांच एजेंसी के मुताबिक, इस नेटवर्क के तार पाकिस्तान, सऊदी अरब, दुबई, लंदन और कश्मीर से जुड़े हुए हैं।

CIK की जांच में पाकिस्तान में सक्रिय TRF से जुड़े मुख़्तार अहमद बाबा की कथित भूमिका सामने आई है। एजेंसी का आरोप है कि बाबा पाकिस्तान से हवाला और अन्य गोपनीय वित्तीय चैनलों के माध्यम से जम्मू-कश्मीर में धन पहुंचाने की व्यवस्था कर रहा था। इस धनराशि को आतंकियों, अलगाववादियों और आतंकी संगठनों के ओवरग्राउंड वर्कर्स (OGW) तक पहुंचाने की योजना थी।

उमराह की आड़ में सऊदी अरब पहुंचे, वहां हुई कथित मुलाकात

जांच एजेंसी के अनुसार, श्रीनगर निवासी इरफान गुल, शाजिया नजीर और रियाज अहमद गोजरी उमराह के लिए सऊदी अरब गए थे। CIK का आरोप है कि इस दौरान उन्होंने मुख़्तार अहमद बाबा के सहयोगियों से मुलाकात की और TRF से जुड़ी धनराशि प्राप्त की। एजेंसी को संदेह है कि इस रकम को जम्मू-कश्मीर में सक्रिय आतंकियों, अलगाववादी तत्वों और OGW तक पहुंचाया जाना था।

जांच का महत्वपूर्ण पहलू यह है कि कथित तौर पर विदेश में संपर्क स्थापित कर धन जुटाने और उसे हवाला के जरिए कश्मीर तक पहुंचाने की व्यवस्था की गई थी। इस पूरे नेटवर्क में स्थानीय स्तर पर रकम प्राप्त करने और आगे पहुंचाने की भूमिका भी जांच के दायरे में है।

दुबई, लंदन और पाकिस्तान में बैठे तीन आरोपित भी नामजद

CIK ने तीन स्थानीय आरोपितों के अलावा विदेश में रह रहे तीन अन्य लोगों को भी चार्जशीट में शामिल किया है। इनमें दुबई निवासी मोहम्मद इकबाल नैमा, लंदन निवासी शमीमा शॉल और पाकिस्तान में मौजूद मुख़्तार अहमद बाबा शामिल हैं। एजेंसी के अनुसार, ये तीनों फिलहाल फरार हैं।

जांच के दौरान विभिन्न स्थानों पर तलाशी लेकर डिजिटल उपकरण जब्त किए गए हैं। CIK का कहना है कि इन उपकरणों में मामले से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्य मिले हैं। इन डिजिटल साक्ष्यों के माध्यम से कथित फंडिंग नेटवर्क, उसके संपर्कों और वित्तीय लेनदेन की कड़ियों की पड़ताल की जा रही है।

UAPA की धाराओं में छह लोगों के खिलाफ आरोपपत्र

CIK ने इरफान गुल, शाजिया नजीर और रियाज अहमद गोजरी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 61(2) और 152 तथा गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (UAPA) की धारा 13 के तहत आरोपपत्र दाखिल किया है।

वहीं, मोहम्मद इकबाल नैमा, शमीमा शॉल और मुख़्तार अहमद बाबा के खिलाफ BNS की धारा 61(2), 152 और UAPA की धाराओं 13, 38, 39 तथा 40 के तहत आरोप लगाए गए हैं।

यह चार्जशीट NIA अधिनियम के तहत नामित विशेष न्यायाधीश (TADA/POTA), श्रीनगर की अदालत में पेश की गई है।

2023 में TRF को घोषित किया गया था प्रतिबंधित आतंकी संगठन

गौरतलब है कि केंद्र सरकार ने पांच जनवरी 2023 को गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम के तहत द रेजिस्टेंस फ्रंट (TRF) को आतंकवादी संगठन घोषित किया था। गृह मंत्रालय के अनुसार, TRF लश्कर-ए-तैयबा से जुड़ा संगठन है। CIK की इस कार्रवाई में कथित आतंकी फंडिंग के स्थानीय और अंतरराष्ट्रीय संपर्कों को एक साथ जांच के दायरे में लाया गया ह

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।