विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कश्मीर की वादियों में छिपा लोलाब का पर्यटन खजाना, अंतरराष्ट्रीय पहचान का इंतजार

Published: Sun, 22 Nov 2026 03:42 PM (IST)

उत्तरी कश्मीर की लोलाब घाटी, प्राकृतिक सुंदरता से भरपूर, इको-टूरिज्म की अपार संभावनाएं समेटे हुए है, लेकिन इसके व्यवस्थित विकास के लिए एक अलग मास्टर प्लान का अभाव है।

गुलमर्ग-पहलगाम से कम नहीं कश्मीर की लोलाब घाटी।

गुलमर्ग-पहलगाम से कम नहीं कश्मीर की लोलाब घाटी।

HighLights

  1. लोलाब घाटी में प्राकृतिक सुंदरता और इको-टूरिज्म की अपार संभावनाएं हैं

  2. पर्यटन विकास के लिए एक व्यवस्थित मास्टर प्लान अभी विचाराधीन है

  3. पिछले तीन वर्षों में आवंटित पर्यटन बजट का 58.8% ही खर्च हुआ

राहुल शर्मा, श्रीनगर। कश्मीर की खूबसूरती का जिक्र होते ही डल झील, गुलमर्ग, पहलगाम और सोनमर्ग की तस्वीर सामने आती है, लेकिन उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा जिले की लोलाब घाटी भी प्राकृतिक खूबसूरती का अनमोल खजाना समेटे हुए है।

देवदार और चीड़ के घने जंगल, पहाड़ी जलधाराएं, हरे-भरे मैदान और शांत गांव इसे प्रकृति प्रेमियों के लिए खास बनाते हैं। चंदिगाम से कलारूस और बंगस से द्रंगयारी तक फैले इस क्षेत्र में इको-टूरिज्म की अपार संभावनाएं हैं, लेकिन व्यवस्थित पर्यटन विकास के लिए अब तक अलग मास्टर प्लान तैयार नहीं हो पाया है।

चंदिगाम से कलारूस तक प्राकृतिक और ऐतिहासिक आकर्षण

लोलाब का चंदिगाम देवदार और चीड़ के जंगलों तथा खूबसूरत पहाड़ी नजारों के लिए जाना जाता है। वहीं, कलारूस की प्राचीन गुफाएं और सतबरन (सात दरवाजे) पर्यटकों के लिए विशेष आकर्षण बन सकते हैं। इनसे जुड़ी स्थानीय मान्यताएं और लोककथाएं भी इस क्षेत्र को अलग पहचान देती हैं।

अंदेरबुग का ऐतिहासिक जलस्रोत लव नाग भी पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। दूसरी ओर, विशाल घास के मैदानों, ऊंचे पहाड़ों और जलधाराओं से सजी बंगस घाटी ट्रैकिंग और प्रकृति भ्रमण के लिए बेहतर संभावनाएं रखती है। चौकिबल-तंगधार मार्ग पर स्थित द्रंगयारी को भी इस पर्यटन क्षेत्र के महत्वपूर्ण पड़ाव के रूप में विकसित किया जा सकता है।

मास्टर प्लान पर्यटन विभाग के विचाराधीन

लोलाब के विधायक कैसर जमशेद लोन के अनुसार, इको-टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए अब तक कोई अलग मास्टर प्लान तैयार, स्वीकृत या अंतिम रूप नहीं दिया गया है। लोलाब-बंगस-द्रंगयारी पर्यटन विकास प्राधिकरण के लिए व्यापक मास्टर प्लान तैयार करने का मामला पर्यटन विभाग के विचाराधीन है। इस दिशा में काम चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जा रहा है।

विधायक के अनुसार, पर्यटन विकास से स्थानीय युवाओं के लिए होमस्टे, परिवहन, खानपान और हस्तशिल्प के क्षेत्र में रोजगार के अवसर पैदा हो सकते हैं। इसके लिए सड़क संपर्क, संचार, स्वच्छता और ठहरने की सुविधाओं को भी बेहतर बनाना होगा।

तीन वर्षों में 106.43 लाख रुपये मंजूर, 62.64 लाख खर्च

पर्यटन विभाग की सचिव अवनी लवासा के अनुसार, लोलाब-बंगस-द्रंगयारी पर्यटन विकास प्राधिकरण को कैपेक्स बजट के तहत सामान्य तौर पर सालाना 150 से 200 लाख रुपये आवंटित किए जाते हैं। इसके अतिरिक्त पर्यटन विभाग भी विकास कार्यों के लिए धन उपलब्ध कराता है।

विभाग के आंकड़ों के अनुसार, लोलाब विधानसभा क्षेत्र में पिछले तीन वित्तीय वर्षों में 106.43 लाख रुपये मंजूर हुए, जिनमें से 62.64 लाख रुपये खर्च किए गए। वर्ष 2023-24 में 56.93 लाख रुपये की मंजूरी के मुकाबले 23.04 लाख, 2024-25 में 30.66 लाख के मुकाबले 23.01 लाख और 2025-26 में 18.84 लाख के मुकाबले 16.59 लाख रुपये खर्च हुए। इस तरह स्वीकृत राशि का करीब 58.8 प्रतिशत ही खर्च हो पाया।

प्रकृति संरक्षण के साथ हो पर्यटन विकास

लोलाब, बंगस और द्रंगयारी की सबसे बड़ी पूंजी इनके जंगल, जलस्रोत और प्राकृतिक मैदान हैं। विधायक कैसर जमशेद लोन के अनुसार, यहां अनियोजित निर्माण और पर्यटकों के अत्यधिक दबाव से बचते हुए जिम्मेदार पर्यटन को बढ़ावा देना जरूरी है।

स्थानीय लोगों की भागीदारी से होमस्टे, स्थानीय गाइड, खानपान और हस्तशिल्प जैसी गतिविधियां विकसित की जा सकती हैं। इससे न केवल ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होगी, बल्कि क्षेत्र की प्राकृतिक विरासत को भी सुरक्षित रखा जा सकेगा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।