जम्मू-कश्मीर के बडगाम में एक आतंकी ढेर, सुरक्षाबलों ने जंगल को चारों तरफ से घेरा; दूसरे की तलाश जारी
बडगाम के ऊपरी युसमर्ग में सुरक्षाबलों ने एक आतंकी को मार गिराया है, जबकि दूसरे की तलाश जारी है। यह ...और पढ़ें

बडगाम में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता संयुक्त ऑपरेशन में एक आतंकी ढेर।
HighLights
बडगाम के युसमर्ग में सुरक्षाबलों ने एक आतंकी को मार गिराया।
मारे गए आतंकी के लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े होने की आशंका।
दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में दूसरे आतंकी की तलाश जारी है।
राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। मध्य कश्मीर के बडगाम जिले के ऊपरी युसमर्ग की असदार गली में जारी आतंकरोधी अभियान के दूसरे दिन शुक्रवार सुबह सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में एक आतंकी को मार गिराया। मारे गए आतंकी की तत्काल पहचान नहीं हो पाई है।
उसके लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े होने और पाकिस्तानी नागरिक होने की संभावना जताई जा रही है। इलाके में उसके अन्य साथियों के छिपे होने की आशंका के चलते सुरक्षाबलों ने व्यापक तलाशी अभियान जारी रखा है।
भारतीय सेना के अनुसार, आतंकियों की मौजूदगी के संबंध में विशेष खुफिया सूचना मिलने के बाद गुरुवार को भारतीय सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और सीआरपीएफ ने असदार गली इलाके में संयुक्त तलाशी अभियान शुरू किया था। अभियान के दौरान सुरक्षाबलों ने संदिग्ध गतिविधि देखी।
जवानों ने जब वहां मौजूद संदिग्धों को चुनौती दी तो आतंकियों ने गोलीबारी शुरू कर दी। इसके बाद सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच भीषण मुठभेड़ शुरू हो गई। अलबत्ता, गुरूवार की रात को अंधेरा होने के बाद सुरक्षाबलों ने घेराबंदी जारी रखते हुए आतंकियों पर अपनी तरफ से फायरिंग रोक दी थी।
अलबत्ता, शुक्रवार की सुबह सूर्य की पहली किरण के साथ सुरक्षाबलों ने अपना अभियान तेज करते हुए जैसे ही आगे बढ़ने का प्रयास किया, आतंकियों से फिर सामना हुआ और हुई गोलीबारी में एक आतंकी मारा गया।
हालांकि, स्थानीय सूत्रों ने दो आतंकियों के मारे जाने का दावा किया है, लेकिन रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता के अनुसार, मुठभेड़स्थल से अभी तक एक ही आतंकी का शव, एक एसाल्ट राइफल व अन्य युद्धक सामग्री मिली है। जब तक दूसरे आतंकी का शव नही मिल जाता उसके मारे जाने की पुष्टि नहीं हो सकती। प्रवक्ता ने बताया कि मारे गए आतंकियों के वहीं आस पास छिने होने की संभावना को देखते हुए अभियान को जारी रखा गया है।
ऊपरी युसमर्ग पीर पंजाल पर्वतीय क्षेत्र में स्थित है और घने जंगलों तथा दुर्गम पहाड़ी भूभाग के कारण सुरक्षा अभियानों के लिहाज से चुनौतीपूर्ण माना जाता है। युसमर्ग एक प्रसिद्ध पर्यटन स्थल भी है। अप्रैल 2025 में पहलगाम आतंकी हमले के बाद इसे पर्यटकों के लिए बंद किया गया था। यहां से राजौरी-पुंछ क्षेत्र की ओर जाने वाले मार्ग भी निकलते हैं।
सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके में घेराबंदी और तलाशी बढ़ा दी है। अधिकारियों के अनुसार, अभियान पूरा होने के बाद ही मारे गए आतंकी की पहचान और अन्य विवरण साझा किए जाएंगे।
