कुलगाम में आतंकी हमला, छत्तीसगढ़ के प्रवासी मजदूरों पर अंधाधुंध गोलीबारी; एक की मौत और दूसरा गंभीर
दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले में आतंकियों की गोलीबारी में एक प्रवासी मजदूर की मौत हो गई और दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।

कुलगाम में आतंकियों का हमला, एक प्रवासी मजदूर की मौत और दूसरा घायल। फाइल फोटो
HighLights
कुलगाम में आतंकियों ने प्रवासी मजदूरों को निशाना बनाया
एक मजदूर दीपक की मौत, भूपेंद्र गंभीर रूप से घायल
सुरक्षाबलों ने हमलावरों की तलाश में घेराबंदी की
जागरण संवाददाता, कुलगाम। शुक्रवार (31 जुलाई, 2026) शाम दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले के केलम इलाके में आतंकियों की गोलीबारी में एक प्रवासी मजदूर की मौत हो गई और वहीं दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
अधिकारियों ने बताया कि आतंकियों ने केलम में दो प्रवासी मजदूरों को निशाना बनाया। दोनों को तुरंत इलाज के लिए पास के अस्पताल ले जाया गया। बाद में उनमें से एक की मौत हो गई। घायल मजदूर को बेहतर इलाज के लिए GMC अनंतनाग भेजा गया है।
इस हमले के बाद सुरक्षाबलों ने इलाके की घेराबंदी कर दी है और हमलावरों का पता लगाने के लिए सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। पीड़ितों की पहचान छत्तीसगढ़ के दीपक और भूपेंद्र कुमार के तौर पर हुई है। आतंकियों की गोलीबारी में दीपक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि भूपेंद्र गंभीर रूप से घायल हैं, जिसका GMC अनंतनाग में इलाज चल रहा है।
एलजी मनोज सिन्हा ने आंतकियों को खत्म करने का दिया निर्देश
इस कायराना आतंकी हमले के बाद उपराज्यपाल ने जम्मू-कश्मीर के पुलिस महानिदेशक (DGP) और सुरक्षा के शीर्ष अधिकारियों से बात की। उन्होंने सुरक्षाबलों को अपने ऑपरेशन तेज करने और आंतकियों को खत्म करने का निर्देश दिया है।
एलजी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, 'मैंने कुलगाम में हुए बर्बर आतंकी हमले के बाद DGP नलिन प्रभात और सुरक्षा के शीर्ष अधिकारियों से बात की, जिसमें छत्तीसगढ़ के एक मजदूर की मौत हो गई। मैं इस कायरतापूर्ण हरकत की कड़ी निंदा करता हूं। मैंने हमारे सुरक्षाबलों को अपने ऑपरेशन तेज करने और आतंकियों को खत्म करने का निर्देश दिया है।
उन्होंने आगे लिखा, 'पुलिस और सुरक्षाबलों ने इलाके की घेराबंदी कर दी है और दोषियों को सजा दिलाने के लिए ऑपरेशन शुरू कर दिया है। छत्तीसगढ़ के एक और घायल मजदूर को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है। पीड़ित परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं और मैं घायल के जल्द ठीक होने की प्रार्थना कर रहा हूं। जम्मू-कश्मीर प्रशासन और पूरा देश इन परिवारों के साथ खड़ा है।'
यह इंसानियत का कत्ल है: महबूबा मुफ्ती
वहीं, इस आतंकी हमले को महबूबा मुफ्ती ने कहा, 'मैं कुलगाम में छत्तीसगढ़ के दो मजदूरों की हत्या की स्पष्ट रूप से निंदा करती हूं। वे अपने परिवारों का पेट पालने के लिए घर से बहुत दूर रहकर दिन-रात कड़ी मेहनत करते हैं। ऐसे निरर्थक हिंसक कृत्यों में उन्हें निशाना बनाना अत्यंत क्रूर और निंदाजनक है। यह इंसानियत का कत्ल है।'
