विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कश्मीर के अनंतनाग में मस्जिद पर पथराव से तनाव, नमाज के दौरान मची अफरा-तफरी; कई लोग घायल और चार हिरासत में

Published: Mon, 02 Nov 2026 12:17 AM (IST)

दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग में ईशा की नमाज के दौरान एक मस्जिद पर पथराव हुआ, जिससे इलाके में तनाव फैल ...और पढ़ें

कश्मीर के अनंतनाग में मस्जिद पर पथराव से तनाव। फोटो सोशल मीडिया

कश्मीर के अनंतनाग में मस्जिद पर पथराव से तनाव। फोटो सोशल मीडिया

HighLights

  1. अनंतनाग में ईशा की नमाज के दौरान मस्जिद पर पथराव।

  2. घटना में मस्जिद क्षतिग्रस्त, कुछ नमाजी भी हुए घायल।

  3. पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लिया, जांच जारी।

राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले में रविवार रात ईशा की नमाज के दौरान एक मस्जिद पर पथराव की घटना से इलाके में तनाव की स्थिति पैदा हो गई। पहरू शेरबाग इलाके में हुई इस घटना में मस्जिद की इमारत को नुकसान पहुंचा, जबकि कुछ नमाजी भी घायल हो गए। पुलिस ने मामले में चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, जिस ईदगाह में नमाज अदा की जा रही थी, वह पहले एक रिहायशी मकान था, जिसे बाद में इबादतगाह में तब्दील किया गया। यहां करीब एक सप्ताह पहले से नमाज शुरू हुई थी। अधिकारियों के मुताबिक, इलाके के कुछ स्थानीय निवासी, जो हनफी विचारधारा का पालन करते हैं, वहां नमाज अदा किए जाने पर आपत्ति जता रहे थे।

इसी मुद्दे को लेकर रविवार को विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते कहासुनी ने टकराव का रूप ले लिया और कुछ शरारती तत्वों ने ईशा की नमाज के दौरान मस्जिद पर पत्थर बरसाने शुरू कर दिए। अचानक हुई इस घटना से वहां मौजूद नमाजियों में अफरा-तफरी मच गई।

मामले की जांच में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। पुलिस ने इस संबंध में एफआइआर दर्ज की है। चार लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। मामले की जांच जारी है और घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाया जा रहा है।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि घटना को सांप्रदायिक रंग देने से बचें और बिना पुष्टि वाली सूचनाएं सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से साझा न करें। पुलिस के अनुसार, फिलहाल कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य और पूरी तरह नियंत्रण में है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।