विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कुपवाड़ा में छात्रा की मौत पर शिक्षक निलंबित, सीईओ से मांगा जवाब; जांच समिति गठित

Published: Sun, 15 Nov 2026 05:01 PM (IST)

कुपवाड़ा के द्रगमुल्ला स्कूल में तीसरी कक्षा की छात्रा की मौत के बाद शिक्षा विभाग और जिला प्रशासन ने कार्रवाई शुरू कर दी है।

कुपवाड़ा स्कूल छात्रा मौत मामले में शिक्षक निलंबित।

कुपवाड़ा स्कूल छात्रा मौत मामले में शिक्षक निलंबित।

HighLights

  1. छात्रा की मौत पर स्कूल शिक्षक तत्काल निलंबित

  2. सुरक्षा ऑडिट में चूक पर सीईओ कुपवाड़ा को नोटिस

  3. घटना की जांच के लिए दो समितियां गठित

राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। कुपवाड़ा जिले के द्रगमुल्ला स्थित स्कूल में तीसरी कक्षा की छात्रा की मौत के मामले में शिक्षा विभाग और जिला प्रशासन ने कार्रवाई शुरू कर दी है।

स्कूल परिसर में छात्रा की मौत के बाद स्कूल शिक्षा निदेशालय कश्मीर (डीएसईके) ने अपर प्राइमरी स्कूल (यूपीएस) बांडीपोरा की शिक्षक एवं संस्थान प्रमुख को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

वहीं, जिला प्रशासन के बाद डीएसईके ने भी घटना की जांच के लिए जांच समिति गठित की है। शिक्षा निदेशालय ने जांच समिति से तीन दिन के भीतर जबकि डीसी कुपवाड़ा ने सात दिन के भीतर रिपोर्ट पेश करने के साथ ही स्कूलों में अनिवार्य सुरक्षा ऑडिट से जुड़े निर्देशों का पालन नहीं करने के आरोप में मुख्य शिक्षा अधिकारी (सीईओ), कुपवाड़ा को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।

सरकारी आदेश के अनुसार, संबंधित शिक्षक को जांच पूरी होने तक निलंबित रखा जाएगा। निलंबन अवधि के दौरान संस्थान प्रमुख मुख्य शिक्षा अधिकारी कार्यालय, कुपवाड़ा में अटैच रहेंगे।

शिक्षा निदेशालय ने मामले की गहन जांच के लिए ज्वाइंट डायरेक्टर उत्तरी क्षेत्र हकीम तनवीर अहमद (जेकेएएस) को जांच अधिकारी नियुक्त किया है। उन्हें घटना के कारणों और उससे जुड़ी परिस्थितियों की विस्तृत जांच कर तीन दिन के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए हैं।

सात दिन में देनी होगी जांच रिपोर्ट

वहीं दूसरी ओर, जिला प्रशासन कुपवाड़ा ने भी छात्रा की मौत को गंभीरता से लेते हुए जांच के लिए चार सदस्यीय समिति गठित की है। प्रशासन की ओर से जारी आदेश में, समिति की अध्यक्षता सहायक आयुक्त राजस्व (एसीआर), कुपवाड़ा पीरजादा मुमताज अहमद करेंगे।

समिति को किसी भी स्तर पर हुई लापरवाही का पता लगाने और जिम्मेदारी तय करने का जिम्मा सौंपा गया है। समिति को सात दिन के भीतर अपनी तथ्यात्मक रिपोर्ट प्रशासन को सौंपनी होगी।

इसके अलावा, जिला प्रशासन ने मुख्य शिक्षा अधिकारी, कुपवाड़ा से दो कार्यदिवस के भीतर लिखित स्पष्टीकरण मांगा है। यह नोटिस डीसी कुपवाड़ा की ओर से पहले जारी उन निर्देशों के कथित अनुपालन में विफलता को लेकर दिया गया है, जिनमें सभी स्कूलों का अनिवार्य सुरक्षा ऑडिट कराने को कहा गया था। प्रशासन यह जानना चाहता है कि निर्देशों के बावजूद स्कूलों में सुरक्षा ऑडिट सुनिश्चित क्यों नहीं किया गया।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि घटना का तत्काल संज्ञान लिया गया है और बच्चों की सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि जांच में जो भी व्यक्ति लापरवाही का दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

शिक्षा विभाग और जिला प्रशासन की ओर से अलग-अलग स्तर पर शुरू की गई जांच के बाद अब यह पता लगाने पर जोर रहेगा कि स्कूल परिसर में छात्रा की मौत किन परिस्थितियों में हुई और सुरक्षा व्यवस्था में कहां चूक हुई।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।