विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आतंक के खिलाफ जंग के गुमनाम नायक हैं जम्मू-कश्मीर के SPO, 30 साल में 515 ने गंवाई जान; पढ़ें इन जांबाजों के किस्से

Published: Sat, 21 Nov 2026 07:00 AM (IST)

जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में SPO अनसुने नायक हैं, जिन्होंने 30 वर्षों में 515 सर्वोच्च बलिदान दिए हैं। ये स्थानीय योद्धा खुफिया जानकारी जुटाने और अभियानों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए आतंकियों के निशाने पर भी रहते हैं।

आतंकियों से लोहा लेते हुए 30 साल में 515 SPO बलिदान। (AI Generated)

आतंकियों से लोहा लेते हुए 30 साल में 515 SPO बलिदान। (AI Generated)

HighLights

  1. 30 वर्षों में 515 एसपीओ ने दिया सर्वोच्च बलिदान।

  2. स्थानीय जानकारी से आतंकवाद विरोधी अभियानों में सहायक।

  3. अब्दुल लतीफ जैसे एसपीओ को मिला शौर्य चक्र।

नवीन नवाज, श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद के खिलाफ तीन दशक से अधिक समय से जारी संघर्ष की सफलता के पीछे कुछ ऐसे नायक भी हैं, जिनकी वीरता और बलिदान की कहानी अक्सर सुर्खियों से दूर रह जाती है। ये हैं जम्मू-कश्मीर पुलिस के विशेष पुलिस अधिकारी (SPO), जिन्होंने आतंकवाद के सबसे कठिन दौर में न केवल सुरक्षा बलों का साथ दिया, बल्कि आतंकियों के नेटवर्क को ध्वस्त करने और अपने क्षेत्रों को आतंकमुक्त बनाने के लिए जान की बाजी तक लगा दी। जम्मू-कश्मीर पुलिस महानिदेशक नलिन प्रभात के अनुसार, बीते 30 वर्षों में आतंकवाद विरोधी अभियानों के दौरान 515 एसपीओ सर्वोच्च बलिदान दे चुके हैं। मौजूदा समय में प्रदेश में लगभग 35 हजार एसपीओ कार्यरत हैं।

किश्तवाड़ में पिछले सप्ताह एसपीओ रछपाल और बाबी चंद का बलिदान इसी संघर्ष की एक और दर्दनाक कड़ी है। आतंकवादियों के निशाने पर रहने के बावजूद ये जवान अपने कर्तव्य से पीछे नहीं हटे।

उनकी शहादत बताती है कि आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में स्थानीय स्तर पर काम करने वाले इन पुलिसकर्मियों ने कितनी बड़ी कीमत चुकाई है। विडंबना यह है कि उनकी वीरता, योगदान और बलिदान की चर्चा अक्सर तभी होती है, जब उनकी कथित उपेक्षा और सुविधाओं को लेकर कोई विवाद सामने आता है।

आतंकवाद के चरम दौर में हुई थी शुरुआत

वर्ष 1995 में जब जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद चरम पर था, तब दूरदराज और दुर्गम इलाकों में सुरक्षा बलों का समय पर पहुंचना बड़ी चुनौती था। स्थानीय भूगोल, रास्तों और परिस्थितियों की जानकारी के अभाव में अभियानों में मुश्किलें आती थीं। ऐसे में स्थानीय युवाओं को सुरक्षा व्यवस्था से जोड़ने की जरूरत महसूस हुई और एसपीओ की भर्ती शुरू की गई। वर्ष 1996 में इसे औपचारिक स्वरूप दिया गया और इसकी शुरुआत जिला डोडा से हुई।

उस समय आज का किश्तवाड़ भी डोडा जिले की तहसील था। शुरुआत में एसपीओ की नियुक्ति उनके अपने थाना क्षेत्रों में की जाती थी। लगभग आठ-नौ वर्ष पहले भर्ती प्रक्रिया को व्यवस्थित कर पात्रता के मानदंड निर्धारित किए गए। स्थानीय भाषा, भूगोल और सामाजिक परिस्थितियों की जानकारी के कारण एसपीओ सुरक्षा बलों के लिए महत्वपूर्ण कड़ी साबित हुए।

खुफिया सूचनाओं से मुठभेड़ तक निभाई भूमिका

आतंकवाद विरोधी अभियानों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा चुके सेवानिवृत्त पुलिस महानिरीक्षक अशकूर वानी के अनुसार, आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक लड़ाई में एसपीओ का योगदान बेहद सराहनीय और प्रेरणादायक रहा है।

उन्होंने आतंकियों की गतिविधियों की जानकारी जुटाने, उनके नेटवर्क में पैठ बनाने और सुरक्षा बलों को महत्वपूर्ण सूचनाएं उपलब्ध कराने में अहम भूमिका निभाई। मुठभेड़ों के दौरान नियमित पुलिसकर्मियों के साथ मोर्चा संभालने के अलावा कानून-व्यवस्था, वीआइपी सुरक्षा और संवेदनशील क्षेत्रों की सुरक्षा में भी उनका योगदान रहा है।

वानी के मुताबिक, स्थानीय पहचान और इलाके की गहरी समझ एसपीओ की सबसे बड़ी ताकत रही है। हालांकि, यही पहचान उन्हें आतंकियों के सीधे निशाने पर भी रखती है। सुरक्षा बलों से जुड़ाव और आतंकियों के खिलाफ सहयोग के कारण उन्हें लगातार जान का खतरा बना रहता है।

एसपीओ से अधिकारी बने कई पुलिसकर्मी

वानी बताते हैं कि जम्मू-कश्मीर पुलिस में अनेक कांस्टेबल, हेड कांस्टेबल, एएसआइ और सब इंस्पेक्टर ऐसे हैं, जिन्होंने एसपीओ के रूप में अपनी सेवा शुरू की और अपनी बहादुरी तथा योग्यता के दम पर नियमित पुलिस सेवा में जगह बनाई। कई एसपीओ को पुलिस वीरता पदक मिले हैं।

जम्मू-कश्मीर पुलिस के अलावा सेना, सीआरपीएफ और बीएसएफ ने भी उनके साहस और योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया है। पिछले छह वर्षों में पांच एसपीओ को शौर्य चक्र से सम्मानित किया गया है।

बिना प्रशिक्षण और आधुनिक हथियारों के आतंकियों से लिया लोहा

जम्मू कश्मीर मामलों के जानकार प्रो. हरि ओम ने कहा कि पाकिस्तान द्वारा जम्मू कश्मीर में जो छद्म युद्ध चलाया जा रहाहै, उसमें उसे नाकाम बनाने की कहानी जम्मू कश्मीर पुलिस के लिए एसपीओ के शौर्य और बलिदान गााथा के बिना अधूरा है। आज इनके पास पहले से ज्यादा बेहतर हथियार हें, लेकिन शुरुआती दौर में इन्होंने प्रदेश के सबसे ज्यादा आतंकवाद प्रभावित इलाकों में जहां बिना औपचारिक प्रशिक्षण के बिना अाधुनिक हथियारों के आतंकियों से लोहा लिया।

किश्तवाड़ में रछपाल और बाबी चंद के बलिदान होने के बाद फिर लोगों का ध्यान एसपीओ की स्थिति की तरफ गया है। एसपीओ के बलिदान को केवल श्रद्धांजलितक सीमित नहीं रखा जाना चाहिए और न उस पर सियासत होनी चाहिए। आतंकवाद के खिलाफ अग्रिम मोर्चे पर खड़े इन स्थानीय योद्धाओं को सम्मान देना उनके योगदान के प्रति सच्ची कृतज्ञता होगा।

SPO का मानदेय

शुरुआत में उन्हें मात्र 3,000 रुपये प्रतिमाह दिए जाते थे। जनवरी 2016 में इसे बढ़ाकर 6,000 रुपये किया गया। इसके बाद सितंबर 2018 में सेवा अवधि के आधार पर मानदेय की लागू की गई।

नयी व्यवस्था के तहत तीन वर्ष से कम सेवा पर 6,000 रुपये प्रतिमाह, तीन से पांच वर्ष की सेवा पर 9,000 रुपये, पांच से दस वर्ष की सेवा पर 12,000 रुपये, दस से पंद्रह वर्ष की सेवा पर 15,000 रुपये और पंद्रह वर्ष से अधिक सेवा पर अधिकतम 18,000 रुपये प्रतिमाह का मानदेय दिया जाता है।

शौर्यचक्र से बीते सात वर्ष में सम्मानित SPO

एसपीओ शाहबाज अहमद (मरणोपरांत) 2021: आतंकवादियों के खिलाफ एक भीषण मुठभेड़ में असाधारण साहस दिखाते हुए सर्वोच्च बलिदान देने के लिए उन्हें मरणोपरांत शौर्य चक्र से सम्मानित किया गया था।

-एसीपओ अब्दुल लतीफ़ 2025: रियासी जिले में तैनात एसीपीओ अब्दुल लतीफ़ को मई 2025 में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा व्यक्तिगत रूप से शौर्य चक्र प्रदान किया गया। उन्होंने सितंबर 2023 में अपनी जान की परवाह न करते हुए एक खूंखार विदेशी आतंकवादी को मार गिराने में मुख्य भूमिका निभाई थी।

- एसपीओ बिलाल अहमद मागरे (मरणोपरांत) 2021: आतंकवाद विरोधी आपरेशन के दौरान अदम्य वीरता दिखाने और नागरिकों की जान बचाते हुए बलिदानी होने पर राष्ट्रपति द्वारा इन्हें शौर्य चक्र (मरणोपरांत) दिया गया। उनकी मां राष्ट्रपति से शौर्यचक्र प्राप्त करते हुए अपनी भावनाओं पर काबू नहीं रख सकी और वह वहां सुबक सुबक कर रोई।

- SPO आशिक हुसैन मलिक (मरणोपरांत) 2019: अनंतनाग जिले में 2018 में हुए एक संयुक्त सर्च ऑपरेशन के दौरान आतंकियों की घेराबंदी तोड़ते हुए आगे बढ़कर लोहा लेने और वीरगति को प्राप्त हुए। इस दौरान उन्होंने चार आतंकियो को मार गिराने में अहम भूमिका निभाई। उनके सर्वाेच्च बलिदानी के लिए उन्हें मरणोपरांत शौर्य चक्र प्रदान किया गया ।

अदम्य साहस और सूझबूझ से आतंकियों को दी मात

जम्मू-कश्मीर पुलिस के एसपीओ अब्दुल लतीफ़ (एसपीओ-825) का साहस और सूझबूझ आतंकवाद के खिलाफ संघर्ष की प्रेरक मिसाल है। 4 सितंबर 2023 की सुबह रियासी जिले में उन्होंने जानलेवा खतरे के बीच ऐसा धैर्य दिखाया कि न केवल अपने परिवार को सुरक्षित बचाया, बल्कि एक खूंखार विदेशी आतंकवादी के खात्मे में भी अहम भूमिका निभाई। उनकी इस वीरता के लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मई 2025 में उन्हें शौर्य चक्र से सम्मानित किया।

लतीफ की सूझबूझ से मारा गया एक विदेशी आतंकवादी

उस सुबह करीब 5:45 बजे दो भारी हथियारों से लैस विदेशी आतंकवादी अचानक उनके घर में घुस आए। उस समय लतीफ निहत्थे थे। आतंकवादियों ने उनसे भोजन और शरण मांगी। खतरे को भांपते हुए उन्होंने घबराने के बजाय असाधारण सूझबूझ दिखाई और खुद को आतंकियों का मददगार बताकर उनका विश्वास जीत लिया।

मौका मिलते ही उन्होंने भोजन लाने के बहाने अपने परिवार को घर से सुरक्षित बाहर निकाल दिया। इसके बाद आतंकवादियों को घर के भीतर बंद कर अपने भाई को उन पर नजर रखने की जिम्मेदारी सौंपी और खुद सुरक्षा चौकी पहुंचकर सेना तथा पुलिस को सूचना दी।

सुरक्षा बलों के पहुंचने पर लतीफ ने आगे रहकर जवानों का मार्गदर्शन किया और अभियान में सक्रिय सहयोग दिया। इस कार्रवाई में एक विदेशी आतंकवादी मारा गया। निहत्थे रहते हुए दो हथियारबंद आतंकियों का सामना करने वाले लतीफ ने साबित कर दिया कि संकट की घड़ी में साहस के साथ सूझबूझ भी सबसे बड़ा हथियार बन सकती है


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।