विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जम्मू-कश्मीर: SSM कॉलेज विवाद में कूदे रुहुल्लाह, छात्रों की चैट साझा कर दिया जवाब; NC के आरोपों को फर्जी बताया

Published: Fri, 06 Nov 2026 11:54 AM (IST)

एसएसएम कॉलेज के छात्रों से संपर्क को लेकर NC प्रवक्ता इमरान नबी डार और पूर्व सांसद आगा सैयद रुहुल्लाह मेहदी ...और पढ़ें

रुहुल्लाह कार्यालय ने पूछा- छात्रों की मदद करना घोटाला कैसे? (फाइल फोटो)

रुहुल्लाह कार्यालय ने पूछा- छात्रों की मदद करना घोटाला कैसे? (फाइल फोटो)

HighLights

  1. रुहुल्लाह कार्यालय और एसएसएम कॉलेज छात्रों के संपर्क पर विवाद गहराया।

  2. नेकां प्रवक्ता डार के आरोपों को रुहुल्लाह कार्यालय ने नकारा।

  3. निलंबित छात्रों ने स्वयं पूर्व सांसद रुहुल्लाह से सहायता मांगी थी।

राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। सर सैयद मेमोरियल (एसएसएम) कॉलेज को लेकर नेशनल कॉन्फ्रेंस के प्रदेश प्रवक्ता इमरान नबी डार और पूर्व सांसद आगा सैयद रुहुल्लाह मेहदी के कार्यालय के बीच विवाद गहरा गया है। पूर्व सांसद कार्यालय ने डार की ओर से लगाए गए आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए उन्हें फर्जी खबर करार दिया है।

दरअसल, विवाद का मुख्य मुद्दा एसएसएम कॉलेज के छात्रों और पूर्व सांसद आगा सैयद रुहुल्लाह मेहदी के कार्यालय के बीच संपर्क को लेकर है। दोनों पक्ष इस संपर्क की वजह को अलग-अलग तरीके से पेश कर रहे हैं।

कार्यालय का कहना है कि कॉलेज के कुछ छात्रों ने खुद अपनी परेशानी को लेकर रुहुल्लाह से मदद मांगी थी, लेकिन इसे गलत तरीके से विवाद का रूप दिया जा रहा है।

रुहुल्लाह के कार्यालय ने साझा किए छात्रों की चैट के स्क्रीनशॉट

शुक्रवार को इंटरनेट मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी पोस्ट में पूर्व सांसद रुहुल्लाह मेहदी के कार्यालय ने छात्रों से व्हाट्सऐप बातचीत के स्क्रीनशॉट भी साझा किए। कार्यालय के मुताबिक, एसएसएम कॉलेज ने नौ छात्रों को निलंबित कर दिया था और उन्हें परीक्षा में बैठने की अनुमति देने के लिए हलफनामों पर हस्ताक्षर करवाए गए थे। इतना ही नहीं, कॉलेज में दीक्षांत समारोह के दौरान एक मंजिल पर ताला भी लगा दिया था।

पूर्व सांसद कार्यालय ने दावा किया कि इन परिस्थितियों से परेशान छात्रों ने स्वयं अपने सांसद को पत्र लिखकर सहायता मांगी थी। उनका कहना है कि विद्यार्थियों की शिकायत पर मदद करना किसी तरह का घोटाला नहीं है।

छात्रों के मोबाइल नंबर साझा करने पर सवाल

वहीं, नेशनल कॉन्फ्रेंस के प्रदेश प्रवक्ता इमरान नबी डार ने आरोप लगाया था कि एसएसएम कॉलेज ने अपने विद्यार्थियों के मोबाइल नंबर रुहुल्लाह मेहदी के कार्यालय के साथ साझा किए। उन्होंने दावा किया कि इसके बाद छात्रों से संपर्क किया जा रहा था और उन्हें पूर्व सांसद कार्यालय की ओर आकर्षित करने की कोशिश की जा रही थी।

डार ने इस मामले में कॉलेज प्रबंधन से स्पष्टीकरण देने के साथ सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की भी मांग की थी। अब पूर्व सांसद कार्यालय ने इन आरोपों को खारिज करते हुए सवाल उठाया है कि जब विद्यार्थी खुद मदद के लिए अपने सांसद तक पहुंचे, तो इसे विवाद या स्कैंडल क्यों बताया जा रहा है।

दोनों पक्षों के अलग-अलग दावों के बीच एसएसएम कॉलेज की भूमिका, छात्रों के मोबाइल नंबर साझा किए जाने के आरोप और विद्यार्थियों की शिकायतों को लेकर विवाद चर्चा में आ गया है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।