श्रीनगर-जम्मू हाईवे फिर बंद, पांच घंटे बाद यातायात बहाल
संवाद सहयोगी, श्रीनगर : ऊधमपुर जिले के खैरी इलाके के पास भारी भूस्खलन के चलते श्रीनगर-जम्मू हाईव
संवाद सहयोगी, श्रीनगर : ऊधमपुर जिले के खैरी इलाके के पास भारी भूस्खलन के चलते श्रीनगर-जम्मू हाईवे बुधवार को एक बार फिर यातायात के लिए बंद हो गया। पांच घंटे तक हाईवे बंद रहने के बाद इसे यातायात के लिए दोबारा बहाल कर दिया गया।
गौरतलब है कि 25 और 26 अगस्त को भी रामबन क्षेत्र के रामसू इलाके के निकट भारी बारिश से भूस्खलन के चलते इस मार्ग को यातायात के लिए बंद कर दिया गया था। बाद में मार्ग की मरम्मत कर इसे दो दिन बाद मंगलवार तड़के यातायात के लिए खोल दिया गया। बुधवार तड़के ऊधमपुर जिले के खैरी इलाके के पास भारी भूस्खलन के चलते मार्ग को यातायात के लिए दोबारा बंद कर दिया गया। इस बीच मार्ग के विभिन्न स्थानों पर सैकड़ों वाहन फंस गए। अधिकारियों के अनुसार, बीकन कर्मचारी मार्ग की मरम्मत में जुट गए और करीब पांच घंटों की मशक्कत के बाद मार्ग को दोपहर बाद तीन बजे यातायात के लिए बहाल कर दिया गया। अधिकारियों के अनुसार, पहले मार्ग पर फंसे वाहनों को निकाल कर गंतव्यों की तरफ रवाना किया गया। उसके बाद वाहनों को जम्मू से श्रीनगर और श्रीनगर से जम्मू की तरफ रवाना किया गया।