अब नियम तोड़े तो तुरंत कटेगा चालान! श्रीनगर में 3 महीनों में कटे 52 हजार से ज्यादा चालान
श्रीनगर में यातायात नियमों के उल्लंघन पर अप्रैल से जून 2026 के बीच 52,545 चालान काटे गए, जो पिछले वर्ष ...और पढ़ें
-1791018803358_m.webp)
श्रीनगर में लागू हुआ नया ट्रैफिक मॉनिटरिंग सिस्टम
HighLights
श्रीनगर में तीन माह में 52,545 यातायात चालान काटे गए
स्वचालित प्रवर्तन प्रणाली और ट्रैफिक कैमरों से वृद्धि दर्ज की गई
बिना हेलमेट गाड़ी चलाना सबसे आम उल्लंघन पाया गया
जागरण संवाददाता, श्रीनगर। यदि आप बिना लाइसेंस, बिना हेलमेट, तेज ड्राइविंग या गलत पार्किंग कर रहे हैं, तो सावधान रहें। आपकी इन हरकतों पर कड़ी नजर रखी जा रही है और आपके खिलाफ त्वरित कार्रवाई की जाएगी।
यातायात नियमों की अनदेखी करने के परिणामस्वरूप हजारों लोगों को दंडित किया गया है। इस वर्ष अप्रैल से जून 2026 के बीच श्रीनगर में 52,545 ट्रैफिक चालान काटे गए, जो पिछले 12 महीनों में काटे गए चालानों की संख्या से लगभग दोगुना है।
यह वृद्धि शहर में ट्रैफिक कैमरों के बढ़ते नेटवर्क के कारण हुई है, जो आटोमेटेड एनफोर्समेंट (स्वचालित निगरानी और कार्रवाई) को बढ़ावा दे रहा है।
12 महीनों में कटे 27000 चालान
यह जानकारी हाल ही में संपन्न विधानसभा सत्र में पेश किए गए 'श्रीनगर ट्रैफिक एंड अर्बन मोबिलिटी फ्रेमवर्क' में दी गई। फ्रेमवर्क के अनुसार, पिछले 12 महीनों में यातायात नियमों के उल्लंघन पर 26,331 चालान काटे गए थे, जबकि अप्रैल से जून 2026 में 52,545 चालान काटे गए।
बिना हेलमेट बाइक चलाने वालों की खैर नहीं
आटोमेटेड एनफोर्समेंट डेटा में बिना हेलमेट के गाड़ी चलाने के मामले सबसे अधिक हैं। इस प्रणाली में 66 जंक्शनों पर 835 कैमरे लगाए गए हैं, जिनमें से 792 कैमरे (95 प्रतिशत) और 62 जंक्शन (94 प्रतिशत) पूरी तरह से कार्यरत हैं। यह सिस्टम आटोमेटेड चालान बनाने के लिए डिज़ाइन किया गया है और इसे आईटीएमएस - आईटीएलएस कंट्रोल रूम और ट्रैफिक पुलिस द्वारा संचालित किया जाता है।
ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त हुई पुलिस
सरकार ने ट्रैफिक-मैनेजमेंट उपायों को छह-स्तंभीय फ्रेमवर्क के तहत एकीकृत किया है, जिसमें स्मार्ट एनफोर्समेंट, पब्लिक ट्रांसपोर्ट, पार्किंग इंफ्रास्ट्रक्चर, सड़क सुरक्षा और ट्रैफिक नियमन शामिल हैं। एक पुलिस अधिकारी ने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों का उल्लंघन किसी को भी सहन नहीं किया जाएगा।
