विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

श्रीनगर का गंदा पानी घोल रहा झेलम में जहर, डल झील भी नहीं सुरक्षित

Published: Sun, 29 Nov 2026 08:58 PM (IST)

श्रीनगर की झेलम नदी और विश्वप्रसिद्ध डल झील में अनुपचारित सीवेज के कारण प्रदूषण का खतरा लगातार बढ़ रहा है, जिससे शहर की सीवरेज व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।

श्रीनगर की झेलम और डल झील में अनुपचारित सीवेज से बढ़ता प्रदूषण।

श्रीनगर की झेलम और डल झील में अनुपचारित सीवेज से बढ़ता प्रदूषण।

HighLights

  1. श्रीनगर की झेलम नदी और डल झील प्रदूषित हो रही हैं

  2. शहर का अनुपचारित गंदा पानी सीधे जलस्रोतों में मिल रहा है

  3. सीवरेज प्रबंधन की कमी से पर्यावरण को गंभीर खतरा है

राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। श्रीनगर की पहचान मानी जाने वाली झेलम नदी और विश्वप्रसिद्ध डल झील पर प्रदूषण का खतरा लगातार बढ़ रहा है। शहर का गंदा पानी बिना किसी उपचार के सीधे जलस्रोतों में पहुंच रहा है।

नवाकदल में खंजर क्षेत्र की ओर से निकलने वाला गंदा पानी झेलम नदी में गिर रहा है। नदी के किनारे कचरे और मलबे का ढेर भी जमा है। इससे शहर की सीवरेज व्यवस्था और प्रदूषण नियंत्रण के दावों पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

झेलम में गंदे पानी का सीधा बहाव इस बात का संकेत है कि श्रीनगर के कई इलाकों में घरेलू सीवरेज के उचित निस्तारण की व्यवस्था अब भी प्रभावी नहीं है। गंदे पानी को उपचारित करने के बजाय उसे सीधे नदी में छोड़ने से जल प्रदूषण का खतरा बढ़ रहा है। चिंता की बात यह है कि यही स्थिति शहर के दूसरे प्रमुख जलस्रोत डल झील में भी देखने को मिल रही है।

वर्ष 2024 में जम्मू-कश्मीर प्रदूषण नियंत्रण समिति (जेकेपीसीसी) की ओर से राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) को सौंपी गई रिपोर्ट में डल झील में बिना उपचार वाला सीवरेज पहुंचने का मामला सामने आया था। रिपोर्ट के अनुसार, तेलबल और लालबाजार सहित कई क्षेत्रों से घरेलू गंदा पानी झील में पहुंच रहा था। इसके अलावा हाउसबोटों से निकलने वाले अपशिष्ट जल को भी कई बार बिना उपचार झील में छोड़ दिया जाता है।

इस मामले में एनजीटी ने संबंधित अधिकारियों को प्रदूषण के स्रोतों और इसके लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान करने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद आज तक झील में गंदे पानी की पहुंच को रोकने के लिए कोई प्रभावी कदम नहीं उठाए गए हैं।

कैग की रिपोर्ट में भी सामने आई थी सीवरेज नेटवर्क की कमी

श्रीनगर की सीवरेज व्यवस्था की खामियां कैग की वर्ष 2025 की ऑडिट रिपोर्ट में भी उजागर हुई थीं। रिपोर्ट के अनुसार, जांच के दायरे में आए क्षेत्रों में बारिश के पानी की निकासी और घरेलू सीवरेज के लिए अलग-अलग नेटवर्क उपलब्ध नहीं थे। कुछ इलाकों में सीवरेज का स्वतंत्र नेटवर्क ही नहीं था।

ऑडिट में यह भी सामने आया कि शहर के कुछ डीवाटरिंग स्टेशन घरेलू गंदे पानी को झेलम और दूधगंगा नदियों में छोड़ रहे थे। इससे स्पष्ट होता है कि श्रीनगर में सीवरेज प्रबंधन की समस्या किसी एक इलाके तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका असर शहर के कई जलस्रोतों पर पड़ रहा है। अफसोस की बात है कि सरकार के समक्ष खामियां उजागर करने के बाद भी इसकी रोकथाम के लिए जमीनी स्तर पर कुछ होता नहीं दिख रहा है।

जलस्रोतों को बचाने के लिए जरूरी है ठोस कार्रवाई

लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों ने सीवरेज ट्रीटमेंट की उपलब्धता, क्षमता और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं। जरूरत है कि संबंधित विभाग गंदे पानी के सभी स्रोतों की पहचान कर उन्हें सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट से जोड़ें। साथ ही, बिना उपचार अपशिष्ट जल छोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

झेलम और डल झील केवल श्रीनगर की पहचान नहीं, बल्कि यहां के पर्यावरण और जनजीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। यदि समय रहते सीवरेज के सीधे बहाव पर रोक नहीं लगाई गई तो इन जलस्रोतों का प्रदूषण आने वाले समय में और गंभीर चुनौती बन सकता है।

श्रीनगर में सीवरेज का उचित प्रबंधन नहीं होने से घरेलू गंदा पानी झेलम, डल झील और दूधगंगा जैसे प्रमुख जलस्रोतों में पहुंच रहा है। यदि समय रहते इस पर रोक नहीं लगाई गई तो इससे पानी की गुणवत्ता के साथ उसमें रहने वाले जीव-जंतुओं और वनस्पतियों पर भी बुरा असर पड़ सकता है।- राजा मुजफ्फर भट, पर्यावरणविद।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।