श्रीनगर में खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, 79 दुकानों का हुआ इंस्पेक्शन; मानकों का उल्लंघन करने वाली मोमोज की दुकान सील
श्रीनगर में खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन पर एफडीए ने मोमोज बनाने वाली दुकान सील की और हैट्रिक के स्टोर को बंद किया है।

श्रीनगर में एक मोमोज की दुकान को सील कर दिया गया है (फोटो- जागरण आर्काइव)
HighLights
श्रीनगर में मोमोज की दुकान और हैट्रिक स्टोर सील।
खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन पर एफडीए की कार्रवाई।
79 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण, 13 मामलों में कार्रवाई की सिफारिश।
राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने सख्त कार्रवाई की है।
विभाग ने श्रीनगर के निगीन में मोमोज बनाने और बेचने वाले एक प्रतिष्ठान को सील कर दिया है। वहीं, राजबाग स्थित मैसर्स हैट्रिक के स्टोरेज एरिया को भी निर्धारित स्वच्छता और भंडारण मानकों का पालन नहीं करने पर बंद कर दिया गया है।
खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत चलाए जा रहे अभियान के दौरान एफडीए ने प्रदेश के सभी जिलों में कुल 79 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान खाद्य पदार्थों के नौ नमूने भी जांच के लिए उठाए गए, ताकि उनकी गुणवत्ता और निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन की जांच की जा सके।
विभाग ने स्वच्छता और साफ-सफाई से जुड़े नियमों का उल्लंघन करने के 13 मामलों में अधिनियम की धारा 56 के तहत कार्रवाई शुरू करने की सिफारिश की है। इस धारा के तहत दोषी पाए जाने पर एक लाख रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकता है।
एफडीए ने उपभोक्ताओं से भी सतर्क रहने की अपील की है। विभाग ने कहा है कि यदि कहीं असुरक्षित या मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री अथवा वितरण की जानकारी मिलती है तो इसकी शिकायत आधिकारिक ईमेल पर की जा सकती है।