मटन, चिकन या मछली... अब मेन्यू में बताना होगा ताजा है या फ्रोजन, श्रीनगर-अनंतनाग में 100+ होटलों को FDA का नोटिस
खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने श्रीनगर और अनंतनाग में 100 से अधिक खाद्य कारोबारियों को नोटिस जारी किए हैं।

श्रीनगर में अब मेन्यू में बताना होगा मांस और मछली ताजा है या फ्रोजन। फाइल फोटो
HighLights
श्रीनगर, अनंतनाग में एफडीए ने 100 से अधिक कारोबारियों को नोटिस दिए
मांस, मछली का प्रकार और ताजगी मेन्यू में बताना अनिवार्य
ग्राहकों को खाद्य उत्पादों की वास्तविक जानकारी देना जरूरी
राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। अब होटल, रेस्तरां और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों में ग्राहकों को यह बताना होगा कि उन्हें परोसा जाने वाला मांस या मछली किस प्रकार की है और वह ताजा है या फ्रोजन।
खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने खाद्य पदार्थों की बिक्री में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए श्रीनगर और अनंतनाग जिलों में 100 से अधिक खाद्य कारोबारियों (एफबीओ) को वैधानिक अनुपालन नोटिस जारी किए हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि ग्राहकों से खाद्य उत्पादों की वास्तविक जानकारी छिपाने या भ्रमित करने वाली जानकारी देने पर कार्रवाई की जाएगी।
विभाग के निर्देशों के अनुसार, सभी संबंधित खाद्य प्रतिष्ठानों को अपने मेन्यू कार्ड और परिसर में लगे डिस्प्ले बोर्ड पर स्पष्ट रूप से बताना होगा कि उपलब्ध मांस मटन, बीफ या चिकन है अथवा मछली। साथ ही यह जानकारी भी प्रमुखता से प्रदर्शित करनी होगी कि संबंधित उत्पाद ताजा है या फ्रोजन। इससे ग्राहक अपनी पसंद और जानकारी के आधार पर खाद्य पदार्थों का चयन कर सकेंगे।
एफडीए ने खाद्य कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक विनियमों के तहत व्यंजनों में इस्तेमाल होने वाली सभी सामग्रियों की जानकारी देना भी अनिवार्य किया है। सामग्री की सूची में उन्हें वजन या मात्रा के आधार पर अधिक से कम क्रम में दर्ज करना होगा। यानी जिस सामग्री का इस्तेमाल किसी व्यंजन में सबसे अधिक होगा, उसका नाम सूची में सबसे पहले लिखना होगा।
विभाग की इस पहल का उद्देश्य मांस और मछली उत्पादों को लेकर ग्राहकों के बीच किसी भी तरह की गलतफहमी और अस्पष्टता को दूर करना है। साथ ही खाद्य पदार्थों की बिक्री और तैयारी में पारदर्शिता बढ़ाकर उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा करना है।
एफडीए ने सभी संबंधित प्रतिष्ठानों को निर्देशों का पूरी तरह पालन करने को कहा है। विभाग ने चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन करने या निर्देशों की अनदेखी करने वाले खाद्य कारोबारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।