37 साल का इंतजार खत्म, श्रीनगर के 700 साल पुराने दुर्गेश्वरी मंदिर में गूंजा शंखनाद; कार्तिक पूर्णिमा पर खुले कपाट
श्रीनगर में 700 साल पुराना श्री दुर्गेश्वरी माता मंदिर 36 साल बाद कार्तिक पूर्णिमा पर श्रद्धालुओं के लिए फिर से खोल दिया गया। आतंकवाद के कारण वीरान हुए इस मंदिर का पुनरुद्धार स्थानीय लोगों, कश्मीरी पंडितों और मुस्लिम पड़ोसियों के प्रयासों से हुआ।

37 साल बाद श्रीनगर के फतेह कदल में श्री दुर्गेश्वरी पाठशाला मंदिर फिर से खुला। (फोटो- जागरण/साहिल मीर)
HighLights
36 साल बाद श्रीनगर का श्री दुर्गेश्वरी मंदिर फिर खुला।
पुनरुद्धार में मुस्लिम पड़ोसियों ने भी अहम भूमिका निभाई।
यह मंदिर कश्मीर की साझी विरासत का प्रतीक है।
नवीन नवाज, श्रीनगर। आतंकवाद की मार और कश्मीरी पंडितों के विस्थापन से उजड़े कश्मीर के साझा सामाजिक-सांस्कृतिक जीवन में उम्मीद की एक नई किरण जगी है। श्रीनगर के फतेह कदल स्थित करीब 700 साल पुराने श्री दुर्गेश्वरी माता मंदिर में लगभग 37 वर्षों बाद एक बार फिर पूजा-अर्चना हुई और शंखनाद गूंजा। जीर्णोद्धार के बाद कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर मंगलवार को मंदिर के द्वार श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। इस मौके पर श्रीनगर के जिला उपायुक्त भी मौजूद रहे।
कभी श्रद्धालुओं की आवाजाही और धार्मिक गतिविधियों से गुलजार रहने वाला यह मंदिर आतंकवाद के दौर में वीरान हो गया था। कश्मीरी पंडित परिवारों के पलायन के बाद इसकी देखरेख करने वाला कोई नहीं बचा और समय के साथ मंदिर जर्जर होता चला गया।
अब स्थानीय लोगों, कश्मीरी पंडित समुदाय और मुस्लिम पड़ोसियों के साझा प्रयासों से मंदिर का पुनरुद्धार हुआ है। इसकीवापसी केवल एक धार्मिक स्थल के फिर आबाद होने की कहानी नहीं, बल्कि कश्मीर की उस साझी विरासत को संजोने की कोशिश भी है, जो कभी घाटी के सामाजिक जीवन की पहचान हुआ करती थी।
कैसे बिखर गया सदियों पुराना सामाजिक ताना-बाना?
फतेह कदल के बना मोहल्ले में स्थित इस मंदिर के ठीक पास एक मस्जिद है। स्थानीय बुजुर्गों के अनुसार, कभी सुबह मस्जिद से अजान की आवाज उठती थी तो मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ घंटियां और शंखनाद गूंजते थे। दोनों धार्मिक स्थलों की मौजूदगी के बावजूद इलाके में कभी कोई दूरी नहीं थी। हिंदू और मुस्लिम परिवारों के बीच पारिवारिक रिश्ते थे।
बच्चे साथ पढ़ते और लोग एक-दूसरे के सुख-दुख में शामिल होते थे। लेकिन 1990 के दशक में आतंकवाद के विस्तार और कश्मीरी पंडितों के बड़े पैमाने पर पलायन ने इस पूरे सामाजिक ताने-बाने को तहस-नहस कर दिया।
मंदिर को नुकसान पहुंचा और देखरेख करने वाले परिवारों के चले जाने से यहां धार्मिक गतिविधियां बंद हो गईं। कभी आस्था और सामुदायिक मेलजोल का केंद्र रहा यह परिसर धीरे-धीरे खंडहर में तब्दील हो गया।

बडशाह के शासनकाल से जुड़ा है मंदिर का इतिहास
स्थानीय मान्यताओं और ऐतिहासिक विवरणों के अनुसार, श्री दुर्गेश्वरी मंदिर का इतिहास करीब सात शताब्दी पुराना है। इसका निर्माण 14वीं-15वीं शताब्दी में कश्मीर के सुल्तान जैन-उल-आबिदीन, जिन्हें बडशाह के नाम से जाना जाता है, के शासनकाल के आसपास माना जाता है। मंदिर अपनी विशिष्ट अष्टकोणीय वास्तुकला के लिए जाना जाता है। इसकी बनावट ऐसी है कि इसे चारों दिशाओं से देखा जा सकता है।
मंदिर के गर्भगृह में करीब 700 साल पुराना प्राचीन शिवलिंग स्थापित है। श्रद्धालुओं की इसमें गहरी आस्था रही है। यहां भगवान शिव के साथ माता दुर्गा और भगवान गणेश की पूजा की परंपरा भी रही है। देवी की आराधना महिषासुर मर्दिनी और दुर्गेश्वरी स्वरूप में की जाती है। स्थानीय श्रद्धालु माता को क्षेत्र की रक्षा करने वाली आदिशक्ति के रूप में पूजते हैं।
मंदिर परिसर में चलती थी हिंदू-मुस्लिम बच्चों की पाठशाला
श्री दुर्गेश्वरी मंदिर का महत्व केवल धार्मिक गतिविधियों तक सीमित नहीं था। बीसवीं सदी की शुरुआत में मंदिर परिसर में दुर्गा पाठशाला की स्थापना की गई थी। यह विद्यालय हिंदू और मुस्लिम परिवारों के बच्चों की साझा शिक्षा का केंद्र बना। दशकों तक यहां दोनों समुदायों के हजारों बच्चों ने एक साथ पढ़ाई की।
स्थानीय लोगों के अनुसार, 1990 के दशक तक यह इलाके के प्रमुख शिक्षण संस्थानों में शामिल था। यहां पढ़ने वाले बच्चों के बीच धार्मिक पहचान कभी बाधा नहीं बनी। कश्मीरी पंडित परिवारों के पलायन के बाद पाठशाला का संचालन भी बंद हो गया। आज इसकी इमारत की बाहरी दीवारें ही शेष हैं, जबकि अंदर का हिस्सा खंडहर बन चुका है।
मंदिर और पाठशाला की बदहाली उस दौर की याद दिलाती है, जब आतंकवाद ने घाटी के सामाजिक और सांस्कृतिक जीवन को गहरे तक प्रभावित किया था।
शशि टिक्कू की पहल से बदली मंदिर की तस्वीर
करीब 36 वर्षों की वीरानी के बाद मंदिर को फिर से संवारने की पहल सितंबर 2026 में शशि टिक्कू के नेतृत्व में शुरू हुई। शुरुआत उन्होंने व्यक्तिगत स्तर पर मंदिर की सफाई और मरम्मत का जिम्मा उठाकर की। धीरे-धीरे इस प्रयास से स्थानीय निवासी, कश्मीरी पंडित समुदाय के लोग और अन्य शुभचिंतक जुड़ते चले गए।
पुनरुद्धार के काम में समन्वय बनाने और अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने के लिए एक व्हाट्सऐप समूह बनाया गया। इसके बाद सामूहिक प्रयासों से मंदिर परिसर की सफाई, मरम्मत, रंग-रोगन और रोशनी की व्यवस्था की गई। पानी का कनेक्शन उपलब्ध कराया गया और बिजली की व्यवस्था दुरुस्त की गई। मंदिर की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए।
इस पूरे अभियान की खास बात यह रही कि इसमें स्थानीय मुस्लिम निवासियों और कारीगरों ने भी बढ़-चढ़कर सहयोग किया। मंदिर की मरम्मत में जुटे कारीगरों ने इसे केवल निर्माण कार्य नहीं, बल्कि क्षेत्र की ऐतिहासिक विरासत को बचाने का अवसर बताया। कुछ कारीगरों ने मंदिर में सेवा करने के अपने अनुभव को मस्जिद में सेवा करने जैसा आत्मीय बताया। इस तरह मंदिर के पुनरुद्धार में सामुदायिक भागीदारी प्रमुख रही।
'आप हमारे भाई-बहन हैं, वापस लौट आइए'
मंदिर के पुनरुद्धार के दौरान स्थानीय मुस्लिम निवासियों ने कश्मीरी पंडित परिवारों से अपने पुराने घरों और मोहल्लों में लौटने की भावुक अपील भी की। उनका कहना है कि पंडित परिवारों के पलायन से केवल घर और मंदिर ही खाली नहीं हुए, बल्कि मोहल्ले का पुराना अपनापन भी कहीं खो गया।
एक स्थानीय निवासी ने पुराने दिनों को याद करते हुए बताया कि कश्मीरी पंडित परिवारों के साथ उनके बेहद आत्मीय संबंध थे। मोहल्ले की महिलाएं उन्हें अपने बच्चों की तरह प्यार करती थीं। बचपन में उन्हें गोद में खिलातीं और दूध पिलाती थीं। साथ पढ़ने और खेलने वाले दोस्त अचानक दूर हो गए।
उन्होंने कहा, 'हम उनसे कहते हैं कि आप हमारे भाई हैं, हमारी बहनें हैं, कृपया वापस लौट आइए। हमने उनके साथ एक ही स्कूल में पढ़ाई की और अपना बचपन साथ बिताया है। उनके जाने के बाद पूरा इलाका वीरान हो गया। यह सब देखकर बहुत दुख होता था। अब हालात बेहतर हो रहे हैं और अगर वे वापस आते हैं तो हम उनका पूरे दिल से स्वागत करेंगे।'
मंदिर के पुनरुद्धार से साझा विरासत के लौटने की उम्मीद
फतेह कदल का बना मोहल्ला कभी हिंदू-मुस्लिम सामाजिक सद्भाव की मिसाल हुआ करता था। मंदिर की घंटियों और मस्जिद की अजान के बीच पले-बढ़े लोगों के लिए दोनों धार्मिक स्थलों का एक साथ मौजूद होना सामान्य जीवन का हिस्सा था। बच्चे एक ही पाठशाला में पढ़ते थे और परिवार एक-दूसरे के त्योहारों और सामाजिक आयोजनों में शामिल होते थे।
आतंकवाद और कश्मीरी पंडितों के विस्थापन ने इस व्यवस्था को गहरा आघात पहुंचाया। मंदिर का उजड़ना और पाठशाला का बंद होना इसी बदलाव के प्रतीक बन गए। अब श्री दुर्गेश्वरी मंदिर के पुनरुद्धार में दोनों समुदायों की भागीदारी ने एक बार फिर उस पुराने भाईचारे की यादें ताजा कर दी हैं।
कार्तिक पूर्णिमा पर मंदिर के द्वार खुलने के साथ यहां फिर पूजा-अर्चना शुरू हुई है। करीब सात शताब्दी पुराना यह मंदिर अब केवल धार्मिक आस्था की बहाली का प्रतीक नहीं है, बल्कि आतंकवाद से प्रभावित कश्मीर की साझा विरासत को बचाने की सामूहिक इच्छाशक्ति का भी संदेश दे रहा है।
मंदिर में फिर गूंजा शंखनाद इस उम्मीद को भी मजबूत करता है कि आने वाले समय में यहां की वीरान गलियों में पुराने रिश्तों की रौनक भी लौटेगी और कश्मीरी पंडित परिवार अपने घरों और पुश्तैनी धार्मिक स्थलों से फिर जुड़ सकेंगे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।