सोनमर्ग घूमने जा रहे हैं तो ध्यान दें, इन जगहों पर गाड़ी खड़ी की तो होगी कार्रवाई; यहां मिलेगी पार्किंग की सुविधा
सोनमर्ग विकास प्राधिकरण (एसडीए) ने पर्यटन स्थल के नाजुक पर्यावरण को बचाने के लिए हरे-भरे इलाकों और संवेदनशील जगहों से ...और पढ़ें

सोनर्मग के संवेदनशील स्थानों पर गाड़ियों के पार्क करने पर मनाही। (फाइल फोटो)
HighLights
एसडीए ने सोनमर्ग में अवैध पार्किंग हटाने का दिया निर्देश।
संवेदनशील पर्यावरणीय क्षेत्रों की सुरक्षा हेतु यह कदम उठाया गया।
ट्रैफिक पुलिस को सख्ती से पालन सुनिश्चित करने को कहा गया।
जागरण संवाददाता, श्रीनगर। सोनमर्ग की खूबसूरती और प्राकृतिक वातावरण को बनाए रखने के लिए प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। पर्यटन स्थल पर हरियाली और खुले मैदानों में बेतरतीब तरीके से गाड़ियां खड़ी करने पर रोक लगाई जा रही है। इसी कड़ी में सोनमर्ग डेवलपमेंट अथॉरिटी (एसडीए) ने ऐसे स्थानों पर अवैध रूप से खड़े वाहनों को तुरंत हटाने का निर्देश दिया है।
इस संबंध में जारी आदेश में एसडीए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने ट्रैफिक पुलिस को निर्देश दिया है कि वे यह सुनिश्चित करें कि प्रतिबंधित और अनधिकृत जगहों पर खड़ी गाड़ियों को बिना किसी देरी के हटा दिया जाए।
इस आदेश में होटल माउंट व्यू, होटल अकबर, होटल नमरोस, थाजीवास गेट और गाडकोल के आसपास के इलाकों के साथ-साथ श्रीनगर-लेह नेशनल हाईवे के उन हिस्सों की पहचान की गई है, जहां पार्किंग की आधिकारिक अनुमति नहीं है।
गाड़ियों को ओल्ड ट्रक यार्ड और शुटकाडी पार्किंग में भेजने के निर्देश
आदेश में कहा गया है कि ऐसी जगहों पर पाई जाने वाली गाड़ियों को ट्रैफिक नियमों के अनुसार, तय की गई जगहों ओल्ड ट्रक यार्ड और शुटकाडी पार्किंग एरिया में शिफ्ट कर दिया जाए।
गांदरबल के डीएसपी ट्रैफिक से कहा गया है कि वे इन निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करें और चिन्हित जगहों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करें।
अवैध पार्किंग रोकने के लिए लगातार निगरानी के निर्देश
सोनमर्ग पुलिस स्टेशन के एसएचओ को भी निर्देश दिया गया है कि वे गाड़ियों को हटाने के इस अभियान में मदद के लिए जरूरी पुलिस बल उपलब्ध कराएं, ताकि इस कार्रवाई में कोई रुकावट न आए।
प्राधिकरण ने निर्देश दिया है कि इन निर्देशों को तुरंत लागू किया जाए और अवैध पार्किंग को दोबारा होने से रोकने के लिए लगातार सतर्कता बरती जाए।