जेल से छूटने के बाद 5 अप्रैल को करगिल में जनसभा करेंगे सोनम वांगचुक, लद्दाख के लिए उठाएंगे अहम मुद्दे
पर्यावरणविद् सोनम वांगचुक 5 अप्रैल को कारगिल के गांधी पार्क में जनसभा को संबोधित करेंगे। जोधपुर जेल से रिहाई के बाद यह उनका पहला कारगिल दौरा है।
-1775241862889_m.webp)
5 अप्रैल को करगिल में जनसभा करेंगे सोनम वांगचुक। फाइल फोटो
HighLights
सोनम वांगचुक 5 अप्रैल को कारगिल में जनसभा करेंगे।
जोधपुर जेल से रिहाई के बाद यह पहला कारगिल दौरा।
राज्य दर्जे, छठी अनुसूची जैसे मुद्दों पर करेंगे बात।
राज्य ब्यूरो, जम्मू। केंद्र सरकार द्वारा रिहा किए गए पर्यावरणविद्ध लेह के बाद अब 5 अप्रैल को कारगिल में जनसभा को संबोधित करेंगे। वह उनकी रिहाई का मुद्दा उठाने वाले कारगिल के निवासियों का अाभार जताएंगे।
वांगचुक 5 अप्रैल को करगिल के बारू में गांधी पार्क में जनसभा को संबोधित करेंगे। जोधपुर जेल से रिहा होने के बाद यह उनका पहला कारगिल दौरा है। इस दौरान से कारगिल में राज्य दर्जे, संविधान की छठी अनुसूचि जैसे मुद्दों को बल मिलेगा।
उनकी रिहाई का मुद्दा दिल्ली तक उठाने वाले कारगिल डेमोेक्रेटिक अलायंस ने वांगचुक के कार्यक्रम को कामयाब बनाने की पूरी तैयारी की है। लेह की तरह कारगिल में भी जनसभा में लोगों की भारी भीड़ उमड़ना तय है।
कारगिल डेमोक्रेटिक अलायंस के पदाधिकारी सज्जाद कारगिली ने शुक्रवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि वांगचुक 5 अप्रैल सुबह 11 बजे जनसभा को संबोधित करेंगे। उन्होंने बताया कि कारगिल के लोगों से अपील की जा रही है कि वे रिहाई के बाद कारगिल में होने वाली सोनम वांगचुक की पहली रैली में बढ़ चढ़ कर हिस्सा लेने के लिए गांधी पार्क में पहुंचे।
वांगचुक जोधपुर जेल से रिहा होने के बाद 22 मार्च को लेह पहुंचे थे। उन्हें लेह में जनसभा को संबोधित करने के साथ सितंबर 2025 के प्रदर्शन में सुरक्षाबलों की की गोलीबारी में मारे गए लोगों के घर जाकर शोक जताया था।
सोनम वांगचुक को गत वर्ष 24 सितंबर को लेह में हुए हिंसक प्रदर्शन के बाद नेशनल सेफ्टी एक्ट के तहत गिरफ्तार कर जोधपुर जेल में रखा गया था। वांगचुक को 14 मार्च को जोधपुर जेल से रिहा किया गया था। इसके बाद वह कुछ दिन तक दिल्ली में रहने के बाद लद्दाख पहुंचे थे।
