Move to Jagran APP

कश्मीर में फिर बर्फबारी, नेशनल हाईवे बंद

जम्मू कश्मीर में सोमवार को बर्फबारी ने एक बार फिर पारा गिरा दिया है। बारिश भी हुई है। शीतलहर ने जोर पकड़ लिया है। रामबन के डिगडोल में भूस्खलन से नेशनल हाईवे बंद हो गया है। हाईवे पर हजारों वाहन फंसे हुए हैं।

By JagranEdited By: Published: Mon, 06 Jan 2020 07:25 PM (IST)Updated: Tue, 07 Jan 2020 06:22 AM (IST)
कश्मीर में फिर बर्फबारी, नेशनल हाईवे बंद
कश्मीर में फिर बर्फबारी, नेशनल हाईवे बंद

क्रॉसर

loksabha election banner

-पत्नीटॉप, बटोत, भद्रवाह और माता वैष्णो देवी भवन पर भी गिरी बर्फ

-रामबन जिले के डिगडोल में बारिश के चलते फिर से हुआ भूस्खलन

------

जागरण संवाददाता, जम्मू: मौसम के फिर बदले मिजाज से पूरे राज्य में एक बार फिर ठंड ने जोर पकड़ लिया है। पहाड़ों पर बर्फबारी से लेकर मैदानी इलाकों में बारिश हुई है। कश्मीर और लद्दाख में रविवार देर शाम से ही बर्फबारी शुरू हो गई थी, जो सोमवार देर रात तक जारी थी। बदल मौसम के बीच लद्दाख का द्रास क्षेत्र सबसे ज्यादा ठंडा रहा। यहां न्यूनतम तापमान माइनस 12.9 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया। लेह में सोमवार का न्यूनतम तापमान माइनस 10.4 दर्ज किया गया। जम्मू में न्यूनतम तापमान 8.7 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 12.6 दर्ज किया गया। श्रीनगर में न्यूनतम तापमान माइनस 0.8 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 1.6 रिकार्ड किया गया।

कश्मीर घाटी ने एक बार फिर से सफेद चादर ओढ़ ली है। यहां हर इलाके में बर्फबारी हो रही है। प्राकृतिक जलस्त्रोतों समेत डल झील का जमा पानी सैलानियों को खूब लुभा रहा है। पर्यटन स्थल गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान -8.0 दर्ज किया गया। श्रीनगर में भी बर्फबारी हुई है। जम्मू संभाग के बनिहाल इलाके में भारी बर्फबारी हुई है। इसके चलते जनजीवन प्रभावित हुआ है।

280 किलोमीटर जम्मू श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित रामबन के डिगडोल में बारिश के चलते फिर से भूस्खलन हुआ है। इसके चलते दोपहर दो बजे के बाद यातायात रोक दिया गया। हाईवे पर हजारों वाहन फंस गए हैं। चार दिन बाद शनिवार की शाम को ही हाईवे खुला था और श्रीनगर से जम्मू आने वाले वाहनों को निकाला गया था।

मौसम विभाग का कहना है कि दो दिन और मौसम खराब रहेगा। दक्षिण कश्मीर के काजीगुंड, पहलगाम, कोकरनाग और उत्तरी कश्मीर में भी देर रात तक बर्फबारी जारी थी। जम्मू संभाग के पत्नीटॉप, बटोत, भद्रवाह में भी बर्फबारी हो रही है। माता वैष्णो देवी भवन और भैरो घाटी में भी बर्फ गिरी है। जम्मू संभाग के मैदानी इलाकों में रविवार रात से ही बारिश हो रही है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.