बर्फबारी से पहले श्रीनगर की सड़कों पर उतरेंगी स्नो कटर मशीनें, आज रात होगा बड़ा मॉक ड्रिल
श्रीनगर प्रशासन ने संभावित बर्फबारी से निपटने के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं। आज रात शहर में स्नो क्लियरेंस ...और पढ़ें
-1794585196364_m.webp)
श्रीनगर में बर्फबारी की तैयारी। फाइल फोटो
HighLights
श्रीनगर में संभावित बर्फबारी के लिए प्रशासन की तैयारी।
आज रात स्नो क्लियरेंस मशीनों का मॉक ड्रिल आयोजित।
सड़कों को खुला रखने, आवश्यक सेवाएं सुनिश्चित करने का लक्ष्य।
राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। कश्मीर में सर्दियों की दस्तक के साथ ही प्रशासन ने संभावित बर्फबारी से निपटने की तैयारियां तेज कर दी हैं। श्रीनगर में बर्फ गिरने पर सड़कें बंद न हों और लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित न हो, इसके लिए शुक्रवार रात शहरभर में स्नो क्लियरेंस मशीनों का मॉक ड्रिल किया जाएगा।
इस अभ्यास के जरिए मशीनों की कार्यक्षमता जांचने के साथ उन चुनौतियों का भी पता लगाया जाएगा, जो वास्तविक बर्फबारी के दौरान राहत एवं बचाव कार्यों में बाधा बन सकती हैं।
श्रीनगर के डिप्टी कमिश्नर अक्षय लाबरू ने शुक्रवार को पत्रकारों से बातचीत में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मैकेनिकल इंजीनियरिंग डिपार्टमेंट (MED) रात के समय यह अभ्यास करेगा, ताकि यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो। इसके तहत विभाग की वर्कशॉप में खड़ी सभी स्नो क्लियरेंस मशीनों को बाहर निकालकर शहर के विभिन्न निर्धारित मार्गों पर चलाया जाएगा।
विभागों के बीच समन्वय की समीक्षा
डीसी ने कहा कि मॉक ड्रिल का मकसद केवल मशीनों को सड़कों पर उतारना नहीं, बल्कि यह सुनिश्चित करना है कि बर्फबारी के समय वे बिना किसी रुकावट के काम कर सकें। अभ्यास के दौरान मशीनों की तकनीकी स्थिति, मरम्मत की जरूरत, संचालन में आने वाली दिक्कतों और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय की समीक्षा होगी। यदि कहीं अतिरिक्त रखरखाव या बेहतर तालमेल की आवश्यकता महसूस हुई तो उसे समय रहते दुरुस्त किया जाएगा।
पिछली सर्दियों का जिक्र करते हुए लाबरू ने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा कि प्रशासन बार-बार अपनी तैयारियों का भरोसा दिलाता रहा, लेकिन श्रीनगर में बर्फबारी ही नहीं हुई। उन्होंने टिप्पणी की कि दूसरे इलाकों के लोगों को बर्फ का आनंद लेने का मौका मिला, जबकि श्रीनगरवासी इससे वंचित रह गए। हालांकि, इस बार प्रशासन पहले से ही तैयारियों को परखने में जुटा है, ताकि बर्फबारी होने पर किसी तरह की परेशानी न आए।
कंट्रोल रूम सक्रिय, मशीनरी और कर्मचारी अलर्ट
डिप्टी कमिश्नर के अनुसार, श्रीनगर नगर निगम (एसएमसी) ने भी शीतकालीन तैयारियों के तहत अपने कंट्रोल रूम स्थापित कर दिए हैं। मशीनरी और कर्मचारियों को अलर्ट कर दिया गया है, ताकि बर्फ गिरते ही तत्काल कार्रवाई शुरू की जा सके।
प्रशासन की प्राथमिकता मुख्य सड़कों पर यातायात बहाल रखने के साथ अस्पतालों, स्वास्थ्य केंद्रों और अन्य जरूरी सेवाओं तक लोगों की पहुंच सुनिश्चित करना है। इसके अलावा आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति बाधित न हो, इसके लिए भी व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
लाबरू ने भरोसा जताया कि इस बार बर्फबारी चाहे जब हो, प्रशासन समय पर बर्फ हटाने और जरूरी सेवाएं जारी रखने के लिए तैयार रहेगा। उनका कहना था कि बर्फ गिरने का इंतजार कीजिए, प्रशासन अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए तैयार है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।