सरला भट्ट के बाद नीलकंठ गंजू-टपलू केस की बारी, कश्मीर में खुलेगी 30 साल पुराने अनसुलझे आतंकी हत्याकांडों की फाइल
जम्मू-कश्मीर पुलिस की विशेष जांच एजेंसी तीन दशक पुराने अनसुलझे आतंकी हत्याकांडों की फाइलें फिर से खोलेगी। एक उच्चस्तरीय समिति ...और पढ़ें

टीका लाल टपलू, नीलकंठ गंजू केस समेत कई केस की जांच करेगी SIA। (फाइल फोटो)
HighLights
एसआइए तीन दशक पुराने आतंकी हत्याकांडों की फाइलें खोलेगी।
उच्चस्तरीय समिति पुराने आतंकी मामलों की एफआइआर की समीक्षा कर रही।
नीलकंठ गंजू, टीका लाल टपलू हत्याकांड भी जांच के दायरे में।
नवीन नवाज, श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर पुलिस की विशेष जांच एजेंसी (SIA) जल्द ही नीलकंठ गंजू, टीका लाल टपलू हत्याकांड और बंधामा समेत विभिन्न नरसंहारों की जांच का भी जिम्मा संभालेगी। जम्मू कश्मीर में आतंकियों द्वारा कत्ल किए गए विभिन्न कश्मीरी हिंदुओं व मुस्लिमों के अनसुलझे मामलों की एक उच्चस्तरीय समिति द्वारा समीक्षा की जा रही है। समीक्षा के आधार पर कई मामलों की जिम्मेदारी से संबधित जिला पुलिस को मुक्त करते हुए, एसआइए को सौंपे जाएंगे। फिलहाल, 50 के करीब मामलों से संबधित एफआइआर, पुलिस रिकार्ड और उनकी जांच से जुढे दस्तावेजों का आकलन किया जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि उपराज्यपाल मनोज सिन्हा के दिशा निर्देश में जम्मू कश्मीर के गृहविभाग और पुलिस प्रशासन ने आतंियों द्वारा कत्ल से संबधित उन सभी मामलों की फाइलें फिर से खंगाला जा रहा है,जिनकी जांच को बिना किसी नतीजे के बंद कर िया गया या फिर जिनमें लिप्त तत्वों को पकड़ा नहीं जा सका है।
सरला भट्ट हत्याकांड की जांच एसआइए ने की पूरी
इसी प्रक्रिया के तहत शेर-ए-कश्मीर आयुर्विज्ञान संस्थान (SKIMS) सौरा में कार्यरत कश्मीरी हिंदू नर्स सरला भट्ट की हत्या के मामले की जांच एसआइए ने की और उसने आरोप पत्र भी गत जून में ही अदालत में दायर किया है।
इसमें जेकेएलएफ के पूर्व चीफ कमांडरमोहम्मद यासीन मलिक समेत पांच आरोपित हैं जिनमें से तीन की मौत हो चुकी है और एक अन्य फरार है। सरला भट्ट को प्रतिबंधित आतंकी संगठन जम्मू कश्मीर लिबरेशन फ्रंट जेकेएलएफ के आतंिकयों ने 18 अप्रैल 1990 को अपहरण किया गया था। अगले दिन उनका शव बरामद हुआ था।
आतंकियों ने पिता-पुत्र को अगवा कर गोलियों से भूना
संबधित अधिकारियाें ने बताया कि एसआइए लेखक सरवानंद कौल 'प्रेमी' और उनके बेटे वीरेंद्र कौल की हत्या के मामले की भी जांच का रही है। सरवानंद कौल और उनके पुत्र को आतिकयों ने 29 अप्रैल 1990 को अगवा किया और पहली मई 1990 को पिता-पुत्र के गोलियों से छलनी बुलबुल नौगाम में पेड़ से लटके हुए मिले थे।
उन्होंने बताया कि समिति जिन मामलों की समीक्षा कर रही है उनमें केवल कश्मीरी हिंदुओं की हत्याओं के साथ साथ आतंियों के हाथों मारे गए कश्मीरी मुस्लिमों के मामले भी हैं। इनमें वे हत्याएं भी हैं, जिनमें आतंकियों ने मुखबिरी करने, आतंकी संगठनों का विरोध करने या मुख्यधारा की राजनीति से जुड़े होने के आरोप में लोगों को निशाना बनाया था।
1989 से 1990 के बीच 209 लोगों की हुई थी हत्या
उन्होंने बताया कि आतंियों द्वारा 1989 में कत्ल किए गए सेवानिवृत्त न्यायाधीश नीलकंठ गंजू, 1989 में मारे गए टीका लाल टपलू और 1998 का बंधामा नरसंहार भी एसआइए को सौंपे जाने वाले मामलों की सूची में हैं।
उन्होंने बताया कि एक सर्वे के मुताबिक कश्मीरी हिंदुओं की हत्याओं से जुढ़े 140 मामलों में से 115 मामलों में कथित अपराधियों की पहचान नहीं हो सकी थी। सर्वे के अनुसार, वर्ष 1989 से 1990 के बीच कुल 209 लोगों की हत्या हुई थी, जिनमें 109 हत्याएं वर्ष 1990 में दर्ज की गई थीं।
पुलिस के सामने होंगी कई चुनौतियां
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि पुराने हत्याकांडों की दोबारा जांच में कई व्यावहारिक चुनौतियां सामने आएंगी। आतंकवाद के शुरुआती दौर में घाटी की पुलिस व्यवस्था पर भारी दबाव था। कई मामलों में जांच पूरी नहीं हो सकी और आरोपितों की पहचान के लिए पर्याप्त साक्ष्य नहीं जुटाए जा सके।
तीन दशक से अधिक समय बीतने के कारण पुराने दस्तावेज और पुलिस रिकार्ड खोजना, गवाहों का पता लगाना जहां मुश्किल है, वहीं कई संदिग्धों की मौत हो चुकी है या फिर वह लापता है।
उन्होंने बताया कि पुराने मामलों में समिति साक्ष्यों और दस्तावेजों की दोबारा पड़ताल करने, गवाहों के बयान दर्ज करने और नए सुराग तलाशने के साथ यह निर्धारित करेगी कि किन मामलों में अभियोजन के लिए पर्याप्त सामग्री उपलब्ध है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।