विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जम्मू-कश्मीर: सेब चोरी कर भाग रहे थे, पुलिस ने रास्ते में घेरा; शोपियां में 7 गिरफ्तार और 83 बक्से बरामद

Published: Wed, 11 Nov 2026 01:47 PM (IST)

शोपियां पुलिस ने सेब चोरी की एक बड़ी वारदात को नाकाम करते हुए सात लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ...और पढ़ें

शोपियां में सेब चोरों पर पुलिस का शिकंजा, 7 गिरफ्तार। (फाइल फोटो)

शोपियां में सेब चोरों पर पुलिस का शिकंजा, 7 गिरफ्तार। (फाइल फोटो)

HighLights

  1. शोपियां पुलिस ने सेब चोरी की बड़ी वारदात रोकी।

  2. सात आरोपी गिरफ्तार, 83 सेब के बक्से बरामद हुए।

  3. चोरी में इस्तेमाल तीन टाटा मोबाइल वाहन जब्त किए गए।

डिजिटल डेस्क, जम्मू। सेब के सीजन में चोरी की घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में दक्षिण कश्मीर के शोपियां जिले में पुलिस ने चोरी की एक वारदात को नाकाम करते हुए सात लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के कब्जे से सेब के चोरी हुए 83 बक्से भी बरामद किए गए हैं। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

मामला तब सामने आया जब अमशीपोरा के रहने वाले मोहम्मद यूसुफ वागे ने हीरपोरा थाने में फोन कर मदद मांगी। उन्होंने पुलिस को बताया कि उनके बाग और शेड से सेब के बक्से चोरी हो गए हैं।

सूचना मिलते ही हीरपोरा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से कुछ ही दूरी पर तीन 'टाटा मोबाइल' गाड़ियों को घेर लिया। आरोपी इन गाड़ियों में चोरी के सेब भरकर भागने की फिराक में थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें रंगे हाथों दबोच लिया।

पुलिस ने सभी सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और सेब के 83 चोरी हुए बक्से बरामद किए। पुलिस ने अपराध में इस्तेमाल किए गए तीनों वाहनों को भी जब्त कर लिया है।

गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान

गिरफ्तार किए गए लोगों में गुलज़ार अहमद मल्लाह (पिता गुलाम रसूल मल्लाह, निवासी गातीपोरा, केलर); रियाज़ अहमद लोन (पिता मोहम्मद अशरफ लोन, निवासी गातीपोरा, केलर - जो JK04G-5507 नंबर वाली टाटा मोबाइल गाड़ी चला रहा था); मुज़म्मिल अहमद वानी (पिता अली मोहम्मद वानी, निवासी थेरीना, केलर) के रूप में हुई है

इसके अलावा आशिक हुसैन लोन (पिता बशीर अहमद लोन, निवासी ज़राकान, केलर - जो JK13H-8514 नंबर वाली टाटा मोबाइल गाड़ी चला रहा था); उमर हुसैन वानी (पिता मोहम्मद अशरफ वानी, निवासी थेरीना, केलर); तहज़ीब अहमद लोन (पिता बशीर अहमद लोन, निवासी ज़राकान, केलर); और शाहिद अहमद वानी (पिता मोहम्मद अशरफ वानी, निवासी थेरीना, केलर) को भी गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस ने शुरू की मामले की आगे की जांच

इस मामले में, हीरपोरा पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4) और 305 के तहत FIR नंबर 126/2026 दर्ज की गई है और आगे की जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस ने कहा कि यह कार्रवाई नागरिकों की संपत्ति की सुरक्षा करने और आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ तुरंत कदम उठाने के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है। उन्होंने जनता से यह भी अपील की कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना नजदीकी पुलिस थाने को दें।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।