विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

शिकारा की सैर और लाल चौक का दीदार… कश्मीरी रंग में रंगे बॉलीवुड सिंगर कुमार सानू, कश्मीर को बताया धरती का स्वर्ग

Published: Wed, 11 Nov 2026 06:04 AM (IST)

बॉलीवुड गायक कुमार सानू कश्मीर की खूबसूरती का आनंद ले रहे हैं, उन्होंने डल झील में शिकारा की सैर की और लाल चौक का दीदार किया।

धरती के स्वर्ग पहुंचे कुमार सानू। फोटो जागरण

धरती के स्वर्ग पहुंचे कुमार सानू। फोटो जागरण

HighLights

  1. कुमार सानू ने डल झील में शिकारा की सैर का आनंद लिया।

  2. उन्होंने कश्मीर को 'धरती का स्वर्ग' बताया, शांति की सराहना की।

  3. कुपवाड़ा में 'कश्मीर गॉट टैलेंट' ग्रैंड फिनाले में शामिल होंगे।

राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। बॉलीवुड के मशहूर प्लेबैक सिंगर और ‘किंग ऑफ मेलोडी’ के नाम से लोकप्रिय कुमार सानू इन दिनों कश्मीर की खूबसूरती का आनंद ले रहे हैं। मंगलवार को उन्होंने श्रीनगर की प्रसिद्ध डल झील में शिकारा की सैर की और घाटी के प्राकृतिक नजारों की जमकर तारीफ की। कश्मीर की खूबसूरती, शांत माहौल और लोगों के प्यार से प्रभावित सानू ने इसे ‘धरती का स्वर्ग’ बताया।

कुमार सानू का यह दौरा केवल पर्यटन तक सीमित नहीं है। वह उत्तर कश्मीर के बारामुला जिले का भी दौरा करने वाले हैं। उनकी यात्रा का एक प्रमुख आकर्षण कुपवाड़ा में आयोजित होने वाले पहले ‘कश्मीर गॉट टैलेंट’ कार्यक्रम का ग्रैंड फिनाले है, जो 11 नवंबर को होगा।

देशवासियों से की खास अपील

इस आयोजन से भी कुमार सानू जुड़े हुए हैं। कश्मीर यात्रा के दौरान कुमार सानू श्रीनगर के ऐतिहासिक लाल चौक स्थित प्रसिद्ध घंटाघर भी पहुंचे। यहां उन्होंने कश्मीर के खूबसूरत वातावरण और शांतिपूर्ण माहौल की प्रशंसा करते हुए कहा कि घाटी की स्थिति बिल्कुल ठीक है। उन्होंने देशभर के लोगों से कश्मीर आने और यहां की प्राकृतिक सुंदरता को करीब से देखने की अपील भी की।

प्रसिद्ध गायक ने अपनी यात्रा के दौरान स्थानीय लोगों की गर्मजोशी, अपनापन और मेहमाननवाजी की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि कश्मीर की खूबसूरती के साथ यहां के लोगों का स्नेह भी इस जगह को खास बनाता है। उनकी यह यात्रा घाटी की पर्यटन संभावनाओं और यहां के सकारात्मक माहौल को सामने लाने के लिहाज से भी अहम मानी जा रही है।

संगीत की दुनिया में अपनी सुरीली आवाज से करोड़ों दिलों में जगह बनाने वाले सानू की कश्मीर यात्रा से स्थानीय प्रतिभाओं को भी प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है। अब सभी की निगाहें कुपवाड़ा में होने वाले इस खास आयोजन पर टिकी हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।