विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

शेषनाग झील के पास सड़क बनी या फिर पुराने ट्रैक की मरम्मत हुई? 4 घंटे पैदल चलकर जांच टीम ने खंगाला सच

By Naveen NawazEdited By: Dallu Slathia
Published: Fri, 27 Nov 2026 01:21 PM (GMT+05:30)

शेषनाग झील के पास निर्माण विवाद पर वन विभाग की प्रारंभिक रिपोर्ट ने स्पष्ट किया है कि यह वर्षों पुराने अमरनाथ यात्रा ट्रैक का रखरखाव और मजबूतीकरण है। सैटेलाइट तस्वीरों और मौके के निरीक्षण से पुष्टि हुई है कि कोई नई सड़क नहीं बनाई गई है।

वन विभाग  की टीम ने सैटेलाइट तस्वीरों के आधार पर दिया जवाब ।(फाइल फोटो)

वन विभाग की टीम ने सैटेलाइट तस्वीरों के आधार पर दिया जवाब ।(फाइल फोटो)

नवीन नवाज, श्रीनगर। शेषनाग झील के किनारे जेसीबी और अन्य भारी मशीनों की मौजूदगी से उठे पर्यावरणीय नुकसान और नई सड़क निर्माण के सवालों के बीच अब सरकारी जांच ने विवाद को नया मोड़ दे दिया है। वन विभाग की प्रारंभिक रिपोर्ट के मुताबिक, झील के आसपास कोई नई सड़क नहीं बनाई जा रही थी, बल्कि अमरनाथ यात्रा के वर्षों पुराने पारंपरिक ट्रैक का रखरखाव और मजबूतीकरण किया जा रहा था।

विभाग ने अपने दावे के समर्थन में सैटेलाइट तस्वीरों, घटनास्थल के वीडियो और फोटोग्राफ को आधार बनाया है।

चार घंटे की चढ़ाई के बाद जांच दल ने खंगाली मौके की स्थिति

विवाद बढ़ने के बाद वन विभाग ने शेषनाग झील के आसपास की वास्तविक स्थिति का पता लगाने के लिए 12 सदस्यीय विशेष जांच दल गठित किया। दल ने करीब चार घंटे की पैदल यात्रा कर दुर्गम स्थल पर पहुंचकर पूरे क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान वीडियो रिकॉर्डिंग और फोटोग्राफी के जरिए मौके की स्थिति दर्ज की गई। बाद में इन साक्ष्यों का पुराने और मौजूदा सैटेलाइट चित्रों के साथ मिलान किया गया।

प्रारंभिक रिपोर्ट में कहा गया है कि चंदनवाड़ी से अमरनाथ गुफा तक जाने वाला पारंपरिक ट्रैक पहले से निर्धारित दिशा में ही मौजूद है। यह शेषनाग झील के समानांतर गुजरता है, लेकिन झील की तटरेखा से अलग रहता है। उपलब्ध सैटेलाइट तस्वीरों में भी मार्ग की दिशा में किसी नए बदलाव की पुष्टि नहीं हुई है।

2012 से जारी है रास्ते को दुरुस्त करने का सिलसिला

वन विभाग के अनुसार, इस ट्रैक पर रखरखाव और सुधार का काम वर्ष 2012 से किया जा रहा है। इसलिए वर्ष 2026 में सामने आए कार्य को नई सड़क परियोजना या नए निर्माण के रूप में देखना उचित नहीं है। विभाग ने इस काम को अमरनाथ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षित आवाजाही की जरूरतों से जोड़कर देखा है।

गौरतलब है कि अमरनाथ यात्रा मार्ग की सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने वर्ष 2012 में महत्वपूर्ण निर्देश दिए थे। इनमें श्रद्धालुओं, घोड़ों और पालकियों की आवाजाही सुचारु रखने के लिए रास्ते की न्यूनतम चौड़ाई 12 फीट बनाए रखने पर जोर दिया गया था। इसके साथ ही संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा इंतजाम मजबूत करने, कमजोर हिस्सों को स्थिर करने और जरूरी संरचनात्मक सुधार करने के निर्देश भी दिए गए थे। हालांकि, मार्ग का मूल स्वरूप पैदल यात्रा के रास्ते के रूप में बनाए रखने की बात कही गई थी।

2022 से बीआरओ के जिम्मे है रखरखाव

रिपोर्ट के मुताबिक, वर्ष 2022 से अमरनाथ यात्रा मार्ग के रखरखाव की जिम्मेदारी सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) के पास है। इंटरनेट मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में दिखाई देने वाली मशीन का इस्तेमाल भी विभाग के अनुसार पुराने रास्ते की मरम्मत और मजबूती से जुड़े काम में किया जा रहा था।

अधिकारियों का कहना है कि यह इलाका पहाड़ी और तीखी ढलानों वाला है। ऐसे में बारिश, बर्फबारी और लगातार बदलती भौगोलिक परिस्थितियों के कारण रास्ते को स्थिर बनाए रखना जरूरी है। यात्रा के दौरान हजारों श्रद्धालुओं की आवाजाही को देखते हुए कमजोर हिस्सों की मरम्मत सुरक्षा की दृष्टि से महत्वपूर्ण हो जाती है।

दुर्गमता और सुरक्षा के कारण नहीं मिली मौके पर जाने की अनुमति

शेषनाग झील को लेकर विवाद के बीच वनमंत्री अल्ताफ अहमद वानी उर्फ अल्ताफ अहमद कालू, जो स्थानीय विधायक भी हैं, ने भी मौके पर जाने का प्रयास किया था। पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती भी वहां पहुंचना चाहती थीं। हालांकि, संबंधित अधिकारियों के अनुसार, किसी को भी वहां जाने की अनुमति नहीं दी गई। इसके पीछे क्षेत्र की अत्यधिक दुर्गमता, इंटरनेट कनेक्टिविटी का अभाव और सुरक्षा संबंधी कारण बताए गए।

रिपोर्ट का दावा, झील की प्राकृतिक संरचना से नहीं हुई छेड़छाड़

वन विभाग की प्रारंभिक रिपोर्ट का निष्कर्ष है कि संबंधित कार्य का उद्देश्य शेषनाग झील की प्राकृतिक संरचना या पारिस्थितिक संतुलन को प्रभावित करना नहीं था। विभाग के मुताबिक, कार्रवाई केवल पुराने यात्रा मार्ग को मजबूत और सुरक्षित बनाने तक सीमित थी।

हालांकि, झील की संवेदनशीलता को देखते हुए निर्माण सामग्री, मशीनों के इस्तेमाल और पर्यावरणीय प्रभाव की निगरानी भी महत्वपूर्ण रहेगी। फिलहाल सरकार का पक्ष स्पष्ट है कि शेषनाग के पास नई सड़क नहीं बनाई गई, बल्कि वर्षों पुराने अमरनाथ यात्रा मार्ग को सुरक्षित बनाने के लिए रखरखाव किया जा रहा था।

क्यों खास है शेषनाग झील?

जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग ज़िले में पहलगाम से लगभग 23 किमी दूर अमरनाथ यात्रा मार्ग पर 3,590 मीटर (11,780 फीट) की ऊँचाई पर स्थित शेषनाग झील धार्मिक, ऐतिहासिक, जल-वैज्ञानिक एवं पारिस्थितिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। हिंदू मान्यताओं के अनुसार, अमरनाथ गुफा जाते समय भगवान शिव ने माता पार्वती को अमर कथा सुनाने से पूर्व अपने नागों को इसी स्थान पर छोड़ा था।

झील का नाम नागराज शेषनाग से जुड़ा है तथा आसपास की सात चोटियों को उनके सात फनों का प्रतीक माना जाता है। यह अमरनाथ यात्रा का एक प्रमुख पड़ाव भी है, जहाँ श्रद्धालु दर्शन एवं विश्राम करते हैं। ऐतिहासिक रूप से, कल्हण की 12वीं शताब्दी की प्रसिद्ध कृति 'राजतरंगिणी' में इसका उल्लेख नाग देवता सुश्रवस द्वारा निर्मित क्षीर सागर जैसी चमकती झील के रूप में मिलता है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।