विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 20, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

जम्मू-कश्मीर की सियासत में शोक की लहर, BJP के वरिष्ठ नेता शमशेर सिंह मन्हास का निधन, LG समेत कई नेताओं ने जताया दुख

Published: Mon, 20 Jan 2025 08:43 PM (IST)Updated: Mon, 20 Jan 2025 08:57 PM (IST)

भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता व राज्यसभा के सदस्य रहे शमशेर सिंह मन्हास के निधन से सियासी जगत में ...और पढ़ें

भाजपा के वरिष्ठ नेता शमशेर सिंह मन्हास का निधन। (फोटो- सोशल मीडिया)
भाजपा के वरिष्ठ नेता शमशेर सिंह मन्हास का निधन। (फोटो- सोशल मीडिया)

राज्य ब्यूरो, जम्मू। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता व राज्यसभा के सदस्य रहे शमशेर सिंह मन्हास का लंबी बीमारी के बाद सोमवार को निधन हो गया। उन्होंने जम्मू शहर के पलौड़ा में अपने आवास पर अंतिम सांस ली। जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा, प्रदेश भाजपा व अन्य दलों के नेताओं ने मन्हास के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। 

उपराज्यपाल ने सोमवार को एक्स पर लिखा कि उन्हें शमशेर सिंह मन्हास के निधन पर दुख हुआ है। एक नेता के रूप में उन्होंने हमेशा लोगों की बेहतरी के लिए काम किया। उपराज्यपाल ने शोक संतप्त परिवार को दुख की घड़ी से निपटने के लिए भी सांत्वना दी है।

65 साल के थे शमशेर सिंह

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में जम्मू कश्मीर में भाजपा को सशक्त बनाने में अहम भूमिका निभाने वाले शमशेर सिंह मन्हास 65 वर्ष के थे। कुछ दिन पहले तबीयत बिगड़ जाने के बाद परिजनों ने उन्हें नई दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती कराया था।

वहां पर उनकी तबीयत और बिगड़ जाने के बाद परिवारजन उन्हें वापस जम्मू ले आए थे। वह मधुमेह के साथ लिवर की बीमारी से पीड़ित थे। सोमवार दोपहर दो बजे के करीब उनका निधन हुआ। उनका अंतिम संस्कार मंगलवार दोपहर एक बजे के करीब शहर के पलौड़ा क्षेत्र में होगा।

आरएसएस से की थी राजनीतिक करियर की शुरुआत

चार जनवरी, 1960 को जन्मे मन्हास जम्मू-कश्मीर में भाजपा का एक जाना-माना चेहरा थे। उन्होंने प्रदेश में अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत आरएसएस के प्रचारक के रूप में की थी। इसके बाद उन्होंनें लंबे समय तक प्रदेश भाजपा में समय दिया।

इस दौरान वह भाजपा युवा मोर्चा के राष्ट्रीय सचिव, जम्मू कश्मीर भाजयुमो के अध्यक्ष के साथ वर्ष 2009 से 2012 तक प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष भी रहे। उन्हें फरवरी 2015 में भाजपा के टिकट पर जम्मू से राज्यसभा के सदस्य चुना गया था।

राज्यसभा से फरवरी 2021 में कार्यकाल समाप्त होने के बाद उन्होंने सक्रिय राजनीति से संन्यास ले लिया। वह राजनीति के साथ समाज सेवा भी हमेशा आगे रहे। उन्होंने अपने राजनीतिक करियर के दौरान जम्मू में मन्हास बिरादरी के सदस्य के रूप में भी अहम भूमिका निभाई।

कई नेताओं ने जताया दुख

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सत शर्मा, प्रधानमंत्री कार्यालय के राज्यमंत्री डॉ. जितेन्द्र सिंह, भाजपा विधायक दल, विपक्ष के नेता समेत भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं ने सोमवार को शमशेर सिंह मन्हास के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया।

 इसके साथ अन्य दलों के कई नेताओं ने भी शमशेर सिंह मन्हास के निधन पर दुख जताया। प्रदेश भाजपा उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित करने के लिए जल्द जम्मू में पार्टी मुख्यालय में शोक सभा का भी आयोजन करेगी।

यह भी पढ़ें- Sopore Encounter: मुठभेड़ में एक जवान बलिदान, रातभर चली फायरिंग; सर्च ऑपरेशन जारी