विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कॉलेज छोड़कर थामी बंदूक, छिपता फिर रहा लश्कर का नया 'पोस्टर ब्वॉय' लतीफ भट; 15 लाख के इनामी आतंकी की क्राइम कुंडली

By Naveen NawaazEdited By: Nitish Kumar Kushwaha
Published: Fri, 13 Nov 2026 09:31 AM (IST)

सुरक्षा एजेंसियों ने लश्कर के मुखौटा आतंकी संगठन द रजिस्टेंस फ्रंट के स्वयंभू कमांडर लतीफ बट और उसके साथी की तलाश तेज कर दी है।

आतंकी लतीफ बट की तलाश तेज।

आतंकी लतीफ बट की तलाश तेज।

नवीन नवाज, श्रीनगर। दक्षिण कश्मीर के कुलगाम में सीआरपीएफ दल पर हुए हमले के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने लश्कर के मुखौटा आतंकी संगठन द रजिस्टेंस फ्रंट (टीआरएफ) के स्वयंभू कमांडर लतीफ बट और उसके साथी की तलाश तेज कर दी है।

15 लाख का इनामी आतंकी मोहम्मद लतीफ बट कश्मीर में सक्रिय सबसे वांछित स्थानीय आतंकियों में शामिल है। वह नवंबर 2025 में आतंकी गतिविधियों में शामिल हुआ था। आतंकी बनने से पहले लतीफ बढ़ई, इलेक्ट्रिशियन और प्लंबर का काम करता था।

आतंकी लतीफ की ड्रोन से की जा रही तलाश

सीआरपीएफ जवानों पर बुधवार को हुए हमले में तीन जवान घायल हो गए थे। हमले के बाद जंगल में भागे दोनों आतंकियों की तलाश में गुरुवार को दूसरे दिन भी तलाशी अभियान चलाया गया। ड्रोन की भी मदद ली गई। सेना की चिनार कोर के कमांडर लेफ्टिनेट जनरल बलवीर सिंह ने भी कुलगाम में घटनास्थल का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों संग आतंकरोधी अभियान की समीक्षा की।

एनआईए का एक दल भी गुरुवार को घटनास्थल पर पहुंचा। एनआईए के अधिकारियों ने सीआरपीएफ के अधिकारियों से घटनास्थल पर वारदात की स्थिति को समझा और उन पेड़ों के झुंड का भी मुआयना किया, जहां से आतंकियों ने फायर किया था। इस बीच, सुरक्षा एजेंसियों ने हमले में शामिल आतंकी लतीफ को पकड़ने के लिए उसके साथियों और उसे पनाह देने वाले स्थानीय मददगारों को भी चिह्नित करना शुरू कर दिया है। एक दर्जन से ज्याद संदिग्ध तत्वों को पूछताछ किए जाने की सूचना है।

आतंकी लतीफ बट ने कॉलेज में ही छोड़ दी थी पढ़ाई

इस बीच, हमले में घायल हेड कॉन्स्टेबल सोमवीर सिंह, कॉन्स्टेबल राकेश दास और कॉन्स्टेबल संतोष चंद्रू की हालत स्थिर बताई जा रही है। पिछले सप्ताह श्रीनगर में पुलिस ने जिन चार स्थानीय आतंकियों के पोस्टर जारी किए थे, उनमें लतीफ भी एक है। सूत्रों की मानें तो लतीफ व उसके साथ पोस्टर में दिखाए गए अन्य तीन आतंकियों द्वारा किसी बड़ी वारदात को अंजाम दिए जाने का खुफिया अलर्ट था।

आतंकी हमले का षड्यंत्र सुरक्षाबल की मुस्तैदी से विफल रहा था। सूत्रों के अनुसार, कुछ समय पहले लतीफ कथित तौर पर श्रीनगर और उसके साथ सटे इलाकों में देखा गया था। जांच में शामिल एक अधिकारी ने बताया कि लतीफ बट ने कॉलेज में पढ़ाई बीच में ही छोड़ दी। वह क्षेत्र में एक बीडिंग मशीन यूनिट में भी बढ़ई का काम करता था।

कई वारदात में है शामिल

लतीफ ने 22 जुलाई 2026 को अनंतनाग के लाल चौक इलाके में हेड कॉन्स्टेबल अशिक हुसैन कुरैशी और उसके बाद 31 जुलाई को कुलगाम के केलम इलाके में छत्तीसगढ़ के दो श्रमिकों की हत्या की।

इन दोनों घटनाओं के बाद वह भूमिगत हो गया था, लेकिन इस दौरान उसने से तीन विदेशी आतंकियों संग ओवरग्राउंड वर्करों का एक नया नेटवर्क तैयार किया। संबंधित अधिकारियों ने बताया कि अब कुलगाम हमले में शामिल दो आतंकियों में से एक के लतीफ बट होने की आशंका है।

2026 में जम्मू संभाग के चार जिलों में मारे गए 10 आतंकी

आतंकियों के खिलाफ सुरक्षाबल के अभियान भी जारी हैं और उनका एक-एक कर सफाया कर जम्मू-कश्मीर को आतंक के मुक्त करने का अभियान जारी है। मौजूदा वर्ष में जनवरी से 12 नवंबर 2026 तक उपलब्ध मीडिया रिपोर्टों और सुरक्षा एजेंसियों के बयानों के अनुसार, जम्मू संभाग के चार जिलों किश्तवाड़, उधमपुर, कठुआ और डोडा में सुरक्षा बल ने विभिन्न अभियानों में कुल 10 आतंकियों को मार गिराया।

इनमें किश्तवाड़ में चार, उधमपुर में चार, कठुआ में एक और डोडा में एक आतंकी शामिल है। किश्तवाड़ में चार फरवरी को आदिल कोड नाम का एक आतंकी मारा गया था, जबकि 22 फरवरी को आपरेशन त्राशी-एक के दौरान तीन और आतंकी ढेर किए गए थे। इनमें जैश का कमांडर सैफुल्लाह भी शामिल था।

उधमपुर में चार फरवरी को रुबानी उर्फ अबू माविया और एक अन्य आतंकी मारा गया, जबकि 17 सितंबर को माजलता मुठभेड़ में सद्दाम और मुस्तफा उर्फ आदिल को सुरक्षाबल ने मार गिराया। कठुआ जिले के बिलावर क्षेत्र में 23 जनवरी को पाकिस्तानी जैश आतंकी उस्मान का सफाया किया गया। वहीं, डोडा जिले के सेयोजधार के जंगल में सितंबर में एक पाकिस्तानी जैश आतंकी का शव बरामद हुआ था।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।