विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'ऑल MLA...', शमीमा फिरदौस के पत्र से क्यों नाराज हुए सज्जाद लोन? शिक्षा मंत्री को दी नसीहत

Published: Mon, 16 Nov 2026 01:01 PM (IST)

पीपुल्स कांफ्रेंस के अध्यक्ष सज्जाद गनी लोन ने शिक्षा मंत्री शमीमा फिरदौस द्वारा विधायकों को सामूहिक रूप से 'ऑल' संबोधित ...और पढ़ें

सज्जाद गनी लोन की शिक्षा मंत्री से पत्र वापस लेने की मांग। (फाइल फोटो)

सज्जाद गनी लोन की शिक्षा मंत्री से पत्र वापस लेने की मांग। (फाइल फोटो)

HighLights

  1. सज्जाद लोन ने शिक्षा मंत्री के पत्र पर आपत्ति जताई।

  2. विधायकों को 'ऑल' संबोधित करना अनुचित बताया।

  3. मंत्री से पत्र वापस लेने की मांग की गई।

राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। शिक्षा मंत्री शमीमा फिरदौस की ओर से सभी विधायकों को भेजे गए पहले पत्र को लेकर जम्मू-कश्मीर की सियासत में विवाद खड़ा हो गया है। पीपुल्स कांफ्रेंस के अध्यक्ष और विधायक सज्जाद गनी लोन ने पत्र में विधायकों को सामूहिक रूप से 'ऑल' लिखकर संबोधित करने पर कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने इसे निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के पद और सम्मान के अनुरूप नहीं बताया और मंत्री से पत्र वापस लेने की मांग की।

आपको जानकारी हो कि शिक्षा मंत्री शमीमा फिरदौस ने सभी विधायकों के नाम सामूहिक रूप से एक पत्र जारी किया है। पत्र में किसी विधायक का व्यक्तिगत नाम लिखने के बजाय संबोधन के तौर पर 'ऑल एमएलए' का इस्तेमाल किया गया है।

इसी बात को लेकर सज्जाद लोन ने इंटरनेट मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी नाराजगी जाहिर की।

विधायकों को 'ऑल' कहकर संबोधित करना गलत

लोन ने कहा कि पूरी विनम्रता के साथ वह मंत्री का ध्यान इस ओर दिलाना चाहते हैं कि माननीय विधायकों को 'ऑल' कहकर संबोधित करना सम्मानजनक तरीका नहीं है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विधायकों को इस तरह संबोधित नहीं किया जा सकता और न ही ऐसा किया जाना चाहिए।

सज्जाद लोन ने अपने बयान में शिष्टाचार, विधायकों के विशेषाधिकार और जनता का प्रतिनिधित्व करने वाले उनके संवैधानिक महत्व का भी उल्लेख किया। उनका कहना है कि मंत्री को प्रत्येक विधायक को उनके नाम से व्यक्तिगत रूप से संबोधित करना चाहिए।

'आज मंत्री ने ऑल कहा, कल अफसर भी ऐसा करेंगे'

उन्होंने कहा कि सामान्य तौर पर वह इस तरह के मामले को उठाने की जरूरत नहीं समझते, लेकिन चिंता इस बात की है कि यदि ऐसी परंपरा शुरू हुई तो आने वाले समय में अधिकारी भी विधायकों को सामूहिक ईमेल में 'ऑल' लिखकर संबोधित करने लगेंगे।

लोन ने शिक्षा मंत्री से आग्रह किया कि वह इस पत्र को वापस लें। उन्होंने कहा कि केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर के संदर्भ में ऐसे मुद्दे काफी महत्वपूर्ण हैं और निर्वाचित प्रतिनिधियों के सम्मान तथा गरिमा का पूरा ध्यान रखा जाना चाहिए।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।