विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

केसर, सेब और लाल मिर्च... कश्मीर के किसानों ने बदली अपनी किस्मत, खड़ा कर दिया 5 करोड़ से अधिक का कारोबार

Published: Wed, 18 Nov 2026 07:00 AM (IST)

कश्मीर के छोटे किसान अब अपनी उपज की प्रोसेसिंग, पैकेजिंग और ब्रांडिंग खुद कर रहे हैं, जिससे बिचौलियों पर निर्भरता ...और पढ़ें

कश्मीर के किसानों ने बदली अपनी किस्मत। फोटो जागरण

कश्मीर के किसानों ने बदली अपनी किस्मत। फोटो जागरण

HighLights

  1. एफपीओ ने चार साल में 5.2 करोड़ का कारोबार किया।

  2. किसान अब उपज की प्रोसेसिंग, पैकेजिंग, ब्रांडिंग खुद करते हैं।

  3. आधुनिक तकनीक और सामूहिक प्रयास से बिचौलियों पर निर्भरता घटी।

राहुल शर्मा, श्रीनगर। कश्मीर के छोटे किसानों ने खेती को लेकर एक नई मिसाल पेश की है। कभी फसल तैयार होते ही उसे कम कीमत पर बेचने के लिए मजबूर रहने वाले किसान अब अपनी उपज की प्रोसेसिंग, पैकेजिंग और ब्रांडिंग खुद कर रहे हैं। सामूहिक प्रयासों से किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) का कारोबार मात्र चार सालों में 5.2 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।

इस बदलाव की खास बात यह है कि किसान अब केवल फसल पैदा करने वाले नहीं, बल्कि उसे बाजार तक पहुंचाने और उसकी कीमत तय करने की प्रक्रिया में भी भागीदार बन रहे हैं। पंपोर के केसर से लेकर पुलवामा की लाल मिर्च और घाटी के सेब-अखरोट तक, आधुनिक सुविधाओं और सामूहिक कारोबार ने खेती की पुरानी तस्वीर बदलनी शुरू कर दी है।

सामूहिक कारोबार 5.2 करोड़ तक पहुंच चुका

इस बदलाव में किसान उत्पादक संगठनों की भूमिका अहम है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, इस पहल से जुड़े एफपीओ मेराकसाहिब फेड फ्रूट प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड बारामुला, अथरवार फेड फ्रूट प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड कुपवाड़ा, अदफार फेड फ्रूट प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड बडगाम, टेम्परेट फेड फ्रूट प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड कुलगाम का इन चार सालों में सामूहिक कारोबार 5.2 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है।

इनमें किरमानिया फेड फ्रूट प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड ने अकेले 1.4 करोड़ रुपये का राजस्व हासिल किया है। कंपनी की सीइओ साहिरा शब्बीर ने बताया कि पहले किसान फसल कटाई के तुरंत बाद कच्चा माल बेच देते थे और खरीदारों द्वारा तय कीमत स्वीकार करने को मजबूर थे।

वर्ष 2021 में इन एफपीओ के बनने के बाद अब किसान प्रसंस्करण इकाइयों, सुखाने की सुविधाओं और साझा ब्रांडिंग के जरिए अपनी उपज को तैयार उत्पाद के रूप में बाजार में उतार रहे हैं।

केसर, सेब और मिर्च की खेती में आधुनिक तकनीक

किसानों की बाजार में हिस्सेदारी बढ़ाने के लिए 'समरकाश' नाम से साझा कृषि ब्रांड विकसित किया गया है। इसके तहत किसान संगठनों को पेशेवर ब्रांडिंग, मानकीकृत पैकेजिंग और व्यापक बाजार तक पहुंच उपलब्ध कराई जा रही है।

साझा प्रसंस्करण इकाइयों और सुखाने के केंद्रों से किसान अपनी उपज की छंटाई, ग्रेडिंग और पैकेजिंग कर बेहतर तरीके से बेच पा रहे हैं। इससे बिचौलियों पर निर्भरता घटाने और उपज का अधिक मूल्य हासिल करने का रास्ता खुला है।

पंपोर में केसर की गुणवत्ता बचाने के लिए सौर ऊर्जा से चलने वाले सिंचाई पंप और आधुनिक सोलर ड्रायर लगाए गए हैं। इनसे सिंचाई और केसर को समान रूप से सुखाने में मदद मिलती है, जिससे उसका रंग और खुशबू बरकरार रहती है।

बेहतर मांग के समय अपनी उपज बेच सकते हैं

श्रीनगर और बारामुला के बागवानी क्षेत्रों में सेब और अखरोट के लिए आधुनिक पोस्ट-हार्वेस्ट केंद्र विकसित किए गए हैं। यहां मशीनों से छंटाई, ग्रेडिंग, प्रसंस्करण और कोल्ड स्टोरेज की सुविधाएं उपलब्ध हैं। इससे फसल खराब होने का खतरा कम होता है और किसान बेहतर मांग के समय अपनी उपज बेच सकते हैं।

पुलवामा के तहाब गांव में कश्मीरी लाल मिर्च की खेती को पॉलीहाउस और साझा सोलर ड्रायर से मजबूती दी जा रही है। किसान फारूक अहमद गनी के अनुसार, पहले बारिश, नमी और फंगल संक्रमण से सब्जियां खराब हो जाती थीं। अब सौर ऊर्जा से चलने वाले उपकरणों से उपज सुखाने और उसकी गुणवत्ता बनाए रखने में मदद मिल रही है।

सिर्फ मशीनें नहीं, कारोबार चलाने का प्रशिक्षण भी

किसानों को आधुनिक उपकरण देने के साथ एफपीओ को मानव संसाधन, संस्थागत सहयोग, तकनीकी जानकारी और परिसंपत्तियों के प्रबंधन का प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है। इसका उद्देश्य किसान संगठनों को इतना सक्षम बनाना है कि वे भविष्य में बाहरी सहायता पर निर्भर हुए बिना अपना कारोबार चला सकें।
प्रसंस्करण केंद्रों से स्थानीय स्तर पर रोजगार पैदा हो रहा है।

महिलाओं के लिए कौशल प्रशिक्षण केंद्रों के जरिए वैकल्पिक आजीविका के अवसर विकसित किए जा रहे हैं। खेती में बढ़ती व्यावसायिक संभावनाओं से युवाओं का भरोसा भी लौट रहा है। साहिरा शब्बीर का कहना है कि अब गांव के युवा खेती में अपना भविष्य देखने लगे हैं।

कश्मीर में विकसित हो रही यह व्यवस्था बताती है कि किसान यदि संगठन बनाकर अपनी उपज का मूल्य खुद बढ़ाएं तो वे बिचौलियों पर निर्भरता घटाने के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूत कर सकते हैं। खेती की असली तरक्की तभी होगी, जब किसान केवल उत्पादन करने वाला नहीं, बल्कि अपनी उपज के कारोबार में भी भागीदार बनेगा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।