गिलानी की पोती रुवा शाह की सियासी एंट्री की अटकलों पर घमासान, PDP-NC के बीच छिड़ी जुबानी जंग; जानें किसने क्या कहा
दिवंगत अलगाववादी नेता सैयद अली शाह गिलानी की पोती रुवा शाह की राजनीति में संभावित एंट्री पर घाटी में नई ...और पढ़ें

गिलानी की पोती की सियासी एंट्री पर नेकां-पीडीपी में तीखी बहस।
HighLights
गिलानी की पोती रुवा शाह की सियासी एंट्री पर बहस।
नेकां और पीडीपी नेता आमने-सामने, आरोप-प्रत्यारोप।
रुवा के राजनीति में आने के अधिकार का समर्थन।
राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। दिवंगत अलगाववादी नेता सैयद अली शाह गिलानी की पोती रुवा शाह के राजनीति में आने की अटकलों ने घाटी में नई सियासी बहस छेड़ दी है। उनके पीडीपी में शामिल होने की चर्चाओं के बीच नेशनल कान्फ्रेंस (नेकां) और पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) के नेता आमने-सामने आ गए हैं। पीडीपी विधायक वहीद उर रहमान परा ने नेकां पर निशाना साधते हुए सवाल उठाया है कि एक युवा महिला के राजनीति में आने की संभावना से पार्टी इतनी असहज क्यों है?
वहीं, नेकां के मुख्य प्रवक्ता तनवीर सादिक ने रुवा शाह की संभावित राजनीतिक एंट्री पर टिप्पणी करते हुए कहा था कि यदि वह अपने दादा के नाम पर राजनीति करके लोगों को गुमराह करने की कोशिश कर रही हैं तो यह गलत है।
नेकां की राजनीतिक सोच पर उठाए सवाल
परा ने इंटरनेट मीडिया एक्स पर नेकां की राजनीतिक सोच पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि नेशनल कान्फ्रेंस ने चुनावी फायदे के लिए कश्मीर के राजनीतिक भविष्य पर अलग-अलग समय में विरोधाभासी रुख अपनाए। उन्होंने पार्टी पर कभी पाकिस्तान समर्थक जनमत संग्रह की बात करने और कभी भारत समर्थक राजनीति करने का आरोप लगाया।
उन्होंने जिन्ना के खिलाफ नेकां नेतृत्व के पुराने विरोध और चुनावों के दौरान पाकिस्तानी नमक लहराने की घटनाओं का भी जिक्र किया।
रुवा की राजनीति में एंट्री पर नेकां की प्रतिक्रिया पर निशाना
परा ने कहा कि नेकां एक तरफ मुख्यधारा की राजनीति और मेल-मिलाप की बात करती है, लेकिन रुवा के राजनीति में आने की खबर पर तीखी प्रतिक्रिया देती है।
उन्होंने रुवा के परिवार के संघर्षों और दुखद परिस्थितियों का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने अपने दादा की मुख्यधारा के चुनावी नेता से अलगाववादी नेता तक की यात्रा देखी है।
उनके पिता ने जेल में अंतिम सांस ली और परिवार को कई निजी दुखों का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा कि कश्मीर की राजनीति किसी एक दल की जागीर नहीं है। उनके अनुसार किसी भी व्यक्ति को राजनीति में आने और अपनी जगह बनाने का अधिकार है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।