विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दोगुनी कमाई का नया फॉर्मूला, कश्मीर में ट्यूलिप-शहद-लैवेंडर बदलेंगे किसानों की किस्मत; प्रशासन का मेगा प्लान तैयार

Published: Mon, 09 Nov 2026 11:55 AM (IST)

पुलवामा में ट्यूलिप बल्ब उत्पादन बढ़कर 1.5 लाख हुआ, साथ ही मधुमक्खी पालन और सुगंधित फसलों से किसानों की आय बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है।

कश्मीर में फूलों की खेती और मधुमक्खी पालन को मिलेगा बढ़ावा (AI Generated)

कश्मीर में फूलों की खेती और मधुमक्खी पालन को मिलेगा बढ़ावा (AI Generated)

HighLights

  1. ट्यूलिप बल्ब उत्पादन 25,000 से बढ़कर 1.5 लाख पहुंचा।

  2. मधुमक्खी पालन और सुगंधित फसलों से किसानों की आय बढ़ेगी।

  3. कृषि विविधीकरण पर जोर, सीएसआईआर-आईआईआईएम का योगदान।

जागरण संवाददाता, श्रीनगर। पुलवामा जिले में पारंपरिक खेती को आधुनिक और मुनाफेदार बनाने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है। जिला उपायुक्त (डीसी)पुलवामा कुलदीप कृष्ण सिधा ने बोनेरा स्थित सीएसआइआर-इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ इंटीग्रेटिव मेडिसिन के फील्ड स्टेशन का दौरा कर कृषि विविधीकरण और वैज्ञानिक नवाचारों का जायजा लिया। इस दौरान ट्यूलिप बल्ब उत्पादन में 25,000 से बढ़कर लगभग 1.5 लाख तक हुई रिकॉर्ड बढ़ोतरी और लैवेंडर जैसी सुगंधित फसलों के मूल्यवर्धन पर विशेष चर्चा की।

उपायुक्त ने विज्ञानियों की सराहना करते हुए मधुमक्खी पालन के जरिये स्थानीय किसानों की आजीविका और आय को दोगुना करने के निर्देश दिए।

केसर, लैवेंडर और फूलों की खेती को बढ़ावा

डा. शाहिद रसूल ने बताया कि स्टेशन के शोध, क्षेत्र की कृषि परिस्थितियों और किसानों की चुनौतियों को ध्यान में रखकर किए जा रहे हैं। इनमें प्राकृतिक संसाधनों की कमी, जलवायु परिवर्तन, मौसम की चरम स्थितियां और फसल कटाई के बाद होने वाले जोखिम शामिल हैं। दौरे के दौरान डीसी ने औषधीय और सुगंधित फसलों, केसर, फूलों की खेती, मधुमक्खी पालन, आवश्यक तेल निकालने और मूल्यवर्धन के लिए विकसित की जा रही उन्नत प्रसंस्करण तकनीकों का जायजा लिया।

उन्हें बताया गया कि स्टेशन वैज्ञानिक तरीके से मधुमक्खी पालन और प्रभावी परागण को बढ़ावा दे रहा है। लैवेंडर शहद, सेब का शहद और अन्य विशेष प्रकार के शहद के उत्पादन से किसानों के लिए अतिरिक्त आय के अवसर बन रहे हैं।

ट्यूलिप की खेती से बदलेगी जिले की पहचान

जिला उपायुक्त ने ट्यूलिप की खेती और स्थानीय स्तर पर ट्यूलिप बल्ब के उत्पादन से जुड़े काम भी देखे। अधिकारियों ने बताया कि स्टेशन में ट्यूलिप बल्ब का उत्पादन लगभग 25,000 से बढ़ाकर लगभग 1.5 लाख किया गया है और इसे आगे बढ़ाने के प्रयास जारी हैं।

इस पहल से स्थानीय उत्पादन को प्रोत्साहन मिलने के साथ समर्पित ट्यूलिप गार्डन विकसित करने और जिले में फूलों की खेती मजबूत करने की संभावना है।

पारंपरिक खेती को हाई-वैल्यू उद्यमों में बदलने पर जोर

जिला उपायुक्त ने प्लांट बायोटेक्नोलाजी तथा क्षेत्र के अनुकूल उच्च मूल्य वाली औद्योगिक फसलों की किस्में विकसित करने से जुड़ी सुविधाओं और तकनीकी हस्तक्षेपों की समीक्षा की। लैवेंडर समेत सुगंधित फसलों से तेल निकालने, उन पर शोध और उनके मूल्यवर्धन के कार्यों की भी जानकारी ली।

उपायुक्त ने वैज्ञानिक तकनीकों को व्यावहारिक कृषि में बदलने और स्थानीय परिस्थितियों के अनुकूल किस्में व तकनीक विकसित करने में सीएसआइआर-आइआइएम के योगदान की सराहना की।

उन्होंने कहा कि संस्थान ने पारंपरिक कृषि को उच्च मूल्य वाले, ज्ञान-आधारित उद्यमों में बदलने की बड़ी क्षमता दिखाई है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।