विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 28, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

नसरुल्ला की मौत के बाद जम्मू-कश्मीर में विरोध प्रदर्शन, सड़कों पर काले झंडे लेकर उतरे लोग

By Agency Edited By: Prince Sharma
Published: Sat, 28 Sep 2024 10:44 PM (IST)

Jammu Kashmir News लेबनान में हिजबुल्ला नेता हसन नसरुल्ला की हत्या के बाद जम्मू-कश्मीर में व्यापक विरोध-प्रदर्शन हुए। श्रीनगर के ...और पढ़ें

श्रीनगर में हिजबुल्ला नेता हसन नसरुल्लाह की हत्या के बाद विरोध प्रदर्शन
श्रीनगर में हिजबुल्ला नेता हसन नसरुल्लाह की हत्या के बाद विरोध प्रदर्शन

HighLights

  1. हिजबुल्ला के चीफ नसरुल्ला की मौत पर कश्मीरी नेताओं ने जताया दुख
  2. श्रीनगर में नसरुल्ला की मौत के बाद जगह-जगह देखे गए विरोध-प्रदर्शन
  3. अंजुमन-ए-शरी के अध्यक्ष ने कहा उनके खून से हजारों नसरुल्ला पैदा होंगे

पीटीआई, श्रीनगर। Jammu Kashmir News: लेबनान में हिजबुल्ला नेता हसन नसरुल्ला की हत्या के बाद जम्मू-कश्मीर में विरोध-प्रदर्शन नजर आ रहा है। शनिवार को यहां कई इलाकों में इजरायल विरोधी प्रदर्शन हुए।

इस बारे में जानकारी देते हुए अधिकारियों ने बताया कि शहर के हसनाबाद, रैनावारी, सैदाकदल, मीर बेहरी और आशाबाग इलाकों में बड़ी संख्या में लोग काले झंडे लेकर सड़कों पर उतर आए। इस प्रदर्शन में बच्चे भी शामिल थे। प्रदर्शनकारियों ने इजराइल विरोधी और अमेरिका विरोधी नारे लगाए और लेबनान स्थित आतंकवादी समूह के शीर्ष नेता की हत्या की निंदा की।

शांतिपूर्ण रहा प्रदर्शन

हालांकि, श्रीनगर में ये प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहे। प्रदर्शन उग्र न हो जाए, इसे लेकर जगह-जगह पुलिस की टुकड़ियों को भी तैनात कर दिया गया था। विरोध-प्रदर्शन के कारण जगह-जगह ट्रैफिक भी बाधित रहा। खानयार-हजरतबल इलाके सबसे ज्यादा प्रभावित रहे।

वहीं, नेशनल कॉन्फ्रेंस के उम्मीदवारों के लिए प्रचार कर रहे सांसद आगा रूहुल्लाह ने अपना अभियान स्थगित कर दिया। पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने भी अगले दिन अपना चुनाव अभियान स्थगित कर दिया।

मुफ्ती ने एक्स पर किया पोस्ट

महबूबा मुफ्ती ने एक्स पर पोस्ट किया कि लेबनान और गाजा के शहीदों, खास तौर पर हसन नसरुल्ला के साथ एकजुटता में कल (रविवार) अपना अभियान रद्द कर रही हूं। हम इस दुख और अनुकरणीय प्रतिरोध की घड़ी में फलीस्तीन और लेबनान के लोगों के साथ खड़े हैं।

बता दें कि हिजबुल्ला ने शनिवार को पुष्टि की कि उसके संस्थापकों में से एक नसरुल्ला की पिछले दिन बेरूत में इजरायली हवाई हमले में मौत हो गई है। बयान में कहा गया कि नसरुल्ला अपने साथी शहीदों में शामिल हो गए हैं।

'उनके खून से हजारों नसरुल्ला पैदा होंगे'

जम्मू-कश्मीर अंजुमन-ए-शरी के अध्यक्ष शियान आगा सैयद हसन मोसावी अल सफवी ने कहा कि हम चाहे जितना भी उनकी (हसन नसरुल्ला) मौत पर शोक मनाएं, यह हमेशा कम ही होगा। शांति होनी चाहिए और यही उनका मिशन था। उन पर आतंकवाद में शामिल होने का आरोप लगाया गया था ताकि लोगों को पता न चले कि वह मानवता के लिए क्या कर रहे थे और क्या चाहते थे।

वह चाहते थे कि फलीस्तीन और वहां के लोगों के लिए स्वतंत्र हो। मैं पूरी मानवता और इस्लामी लोगों से कहना चाहता था कि इससे कुछ असाधारण होगा जिसके लिए उन्होंने अपना जीवन बलिदान कर दिया। उनके नुकसान को मापा नहीं जा सकता लेकिन उनके खून से हजारों नसरुल्ला पैदा होंगे।

यह भी पढ़ें- महबूबा मुफ्ती ने नसरुल्ला को बताया शहीद, कहा- मेरे कल के सभी कार्यक्रम रद्द