'फीस नहीं तो क्लास से बाहर निकाला', श्रीनगर के प्राइवेट स्कूलों में मासूमों से यह कैसा सलूक? शिक्षा विभाग चुप
श्रीनगर के निजी स्कूल बकाया फीस के कारण छात्रों को कक्षाओं में बैठने, परीक्षा परिणाम जारी करने और स्कूल वाहन ...और पढ़ें

कश्मीर में निजी स्कूलों के फरमान से परेशान बच्चे और अभिभावक। (Ai Generated)
HighLights
निजी स्कूल बकाया फीस पर छात्रों की शिक्षा रोक रहे हैं।
छात्रों के परीक्षा परिणाम रोके, कक्षाओं से निकाला जा रहा है।
स्कूल वाहन भी बकाया फीस वाले छात्रों को नहीं ले रहे हैं।
रजिया नूर, श्रीनगर। प्रशासन लाख दावे करे कि शिक्षा को घर-घर तक पहुंचाना उसकी प्राथमिकता है और शिक्षा को आम बनाने के साथ-साथ इस क्षेत्र को मजबूत करने में कोई समझौता नहीं किया जाएगा। लेकिन जब निजी स्कूलों द्वारा शिक्षा को आम बनाने के उसके संकल्प को रौंदा जा रहा है, तो प्रशासन चुप्पी साधे हुए है। कई निजी स्कूल बकाया फीस जमा न करने पर विद्यार्थियों को कक्षाओं में बैठने की अनुमति नहीं दे रहे हैं और उन्हें वापस घर भेजा जा रहा है।
इतना ही नहीं, कई स्कूलों ने विद्यार्थियों के परीक्षा परिणाम भी रोक दिए हैं। कुछ अभिभावकों ने आरोप लगाया है कि स्कूल प्रबंधन की ओर से स्कूल वाहन चालकों को भी निर्देश दिए गए हैं कि जिन बच्चों की फीस पूरी तरह जमा नहीं है, उन्हें वाहन में न बैठाया जाए। इन निजी स्कूलों द्वारा विद्यार्थियों के खिलाफ बरती जाने वाली सख्ती से बच्चे और पेरेंट्स परेशान हैं।
स्कूल बसों में सफर करने पर भी रोक
निजी स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों का कहना है कि बकाया फीस जमा न करने पर स्कूल प्रशासन न तो विद्यार्थियों के परीक्षा परिणाम सार्वजनिक कर रहा है, न उन्हें कक्षाओं में बैठने दे रहा है और न ही स्कूल वाहनों में सफर करने की अनुमति दे रहा है।
विद्यार्थियों और अभिभावकों के अनुसार, स्कूल प्रशासन ने संबंधित शिक्षकों और स्कूली वाहनों के चालकों को उन विद्यार्थियों की सूची सौंप दी है, जिनकी फीस बकाया है। साथ ही उन्हें सख्त हिदायत दी गई है कि बकाया फीस वाले विद्यार्थियों को न तो कक्षाओं में बैठने दिया जाए और न ही स्कूली वाहनों में सफर करने की अनुमति दी जाए।
स्कूल ने पूरी फीस के बिना रिजल्ट कार्ड देने से किया इन्कार
निजी स्कूल की आठवीं कक्षा की छात्रा ने बताया, 'स्कूल प्रशासन ने मेरा रिजल्ट विदहेल्ड कर दिया था। किसी तरह मैंने अपना रिजल्ट पता किया। मैंने अच्छे अंकों से सातवीं कक्षा पास की थी। नई कक्षाएं शुरू होने पर मैं भी अपनी अगली कक्षा में बैठने लगी। इस बीच मेरे पापा ने बकाया फीस में से आधी फीस जमा करने की कोशिश की, लेकिन उन्हें बताया गया कि पूरी बकाया फीस जमा करने के बाद ही उन्हें मेरा रिजल्ट कार्ड दिया जाएगा।'
छात्रा ने बताया, 'मेरे क्लास टीचर ने मुझे यह कहकर कक्षा से बाहर निकाल दिया कि जब तक आप पूरी बकाया फीस जमा नहीं करवातीं, तब तक आपको कक्षा में बैठने की अनुमति नहीं मिलेगी।
नई कक्षाएं शुरू, पर फीस नहीं चुका पाने के कारण घर बैठे दोनों बच्चे
तारिक अहमद सुहाफ नामक एक अभिभावक ने भी ऐसी ही शिकायत करते हुए कहा कि उनके दोनों बच्चों के परीक्षा परिणाम बकाया फीस जमा न करने के कारण संबंधित स्कूल ने सार्वजनिक नहीं किए। स्कूल प्रशासन ने स्पष्ट रूप से कह दिया कि जब तक वह पूरी बकाया फीस जमा नहीं करवाते, तब तक उनके बच्चों के रिजल्ट कार्ड उन्हें नहीं सौंपे जाएंगे।
सुहाफ ने कहा, 'स्कूल में नई कक्षाएं शुरू हो गई हैं, लेकिन मेरे दोनों बच्चे घर पर ही हैं, क्योंकि मैं अभी बकाया फीस की रकम जमा नहीं करवा पाया हूं।'
वैन चालक ने बेटी को स्कूल ले जाने से किया इन्कार
सकीना अमान नामक एक महिला अभिभावक ने कहा, 'मैंने अपनी बेटी के लिए स्कूली वैन लगवाई है। नया अकादमिक सत्र शुरू होने पर मैंने अपनी बेटी को रोज की तरह उसी वैन से स्कूल भेजने की कोशिश की। मैंने सोचा था कि बकाया फीस बाद में जमा करवा दूंगी। लेकिन वैन चालक ने यह कहते हुए मेरी बेटी को वैन में बैठाने से इन्कार कर दिया कि उसकी बकाया फीस अभी जमा नहीं हुई है।
सकीना के अनुसार, जब उन्होंने चालक से पूछा कि उसे इस बारे में कैसे पता चला, तो उसने उन्हें उन बच्चों की सूची दिखाई, जिन्होंने बकाया फीस जमा नहीं करवाई थी।'
प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन और शिक्षा विभाग चुप
जागरण ने इस संवेदनशील मुद्दे पर एक बार फिर प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन व संबंधित शिक्षा विभाग से संपर्क करने की कई बार कोशिश की, लेकिन उनकी तरफ से कोई रिस्पांस नहीं मिला। बता देते हैं कि घाटी के सभी सरकारी व निजी स्कूलों में पहली कक्षा से 9वीं कक्षा तक परीक्षाएं ली जा चुकी हैं और परीक्षा परिणाम घोषित भी किए गए हैं। शैक्षिणक स्तर 2026-27 के तहत नई कक्षाएं शुरू भी की गई हैं जो इस वर्ष सर्दियों के अवकाश की घोषणा तक जारी रहेंगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।