लद्दाख में पंचायत-नगरपालिका चुनाव से पहले सियासी उलटफेर, जाफर अखून BJP में और फिदा हुसैन कांग्रेस में शामिल
लद्दाख में पंचायत और नगरपालिका चुनावों से पहले कारगिल की सियासत में बड़ा फेरबदल हुआ है। नेकां से निष्कासित मोहम्मद जाफर अखून भाजपा में शामिल हुए।

जाफर अखून BJP में शामिल। फाइल फोटो
HighLights
मोहम्मद जाफर अखून ने भाजपा का दामन थामा।
रजा अब्बासी और फिदा हुसैन कांग्रेस में शामिल।
कारगिल में पंचायत-नगरपालिका चुनावों से पहले बड़ा फेरबदल।
राज्य ब्यूरो, जम्मू। लद्दाख में पंचायत और नगरपालिका चुनावों से पहले कारगिल की सियासत में बड़ा फेरबदल देखने को मिला है। नेशनल कान्फ्रेंस (नेकां) से निष्कासित पूर्व हिल काउंसिल प्रमुख मोहम्मद जाफर अखून ने भाजपा का दामन थाम लिया, जबकि दो प्रमुख हस्तियों रजा अब्बासी और सामाजिक कार्यकर्ता फिदा हुसैन ने कांग्रेस में शामिल होकर नए राजनीतिक समीकरणों को हवा दे दी है।
21 नवंबर को प्रस्तावित स्थानीय निकाय चुनावों से पहले हुए इन दलबदल को कारगिल की राजनीति में महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है। तीनों नेताओं के अपने-अपने दलों में शामिल होने से चुनावी मुकाबला और दिलचस्प होने के आसार हैं।
कारगिल के पूर्व अध्यक्ष रह चुके हैं अखून
अखून लद्दाख स्वायत्त पर्वतीय विकास परिषद (एलएएचडीसी), कारगिल के पूर्व अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यकारी पार्षद रह चुके हैं। उन्हें 18 जुलाई को नेकां ने छह साल के लिए निष्कासित किया था। उन पर वर्ष 2023 में कांग्रेस के साथ हुए सत्ता-साझेदारी समझौते का पालन नहीं करने का आरोप था। समझौते के तहत ढाई साल बाद परिषद का नेतृत्व कांग्रेस को सौंपा जाना था।
गौरतलब है कि 21 अक्टूबर को उपराज्यपाल प्रशासन ने परिषद को भंग कर दिया था। अखून समेत तीन कार्यकारी पार्षदों और छह पार्षदों के इस्तीफों के बाद यह कदम उठाया गया। द्रास, जांस्कर और संकू को नए जिले बनाए जाने से भी कारगिल का प्रशासनिक एवं क्षेत्रीय ढांचा बदला है।
पीएम मोदी से अखून प्रभावित
भाजपा में शामिल होने के बाद अखून ने कहा कि पिछले तीन वर्षों में पार्टी के साथ उनके जुड़ाव ने भाजपा को करीब से समझने का अवसर दिया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और वरिष्ठ भाजपा नेताओं के साथ मुलाकातों से वह प्रभावित हुए हैं। उन्होंने जिला दर्जे की मांग और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए संघर्ष में भाजपा के सहयोग की सराहना करते हुए 'मोदी है तो मुमकिन है' का नारा भी दिया।
उधर, पृर्ववती जम्मू कश्मीर राज्य की विधानसभा में जंस्कार का प्रतिनिधित्व कर चुके पूर्व विधायक हाजी अब्बास के बेटे रजा अब्बासी और फिदा हुसैन ने लद्दाख प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष असगर अली करबलाई तथा अन्य वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। कांग्रेस नेताओं के अनुसार, दोनों प्रमुख चेहरों की पार्टी में एंट्री नगरपालिका समिति चुनावों से पहले संगठन को मजबूती देगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।