जम्मू कश्मीर में नशा तस्करों पर पुलिस का शिकंजा, अनंतनाग में 4 करोड़ की संपत्ति जब्त; कुलगाम में गांजा बरामद
पुलिस ने जम्मू-कश्मीर में नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई तेज करते हुए अनंतनाग में एक कुख्यात तस्कर की 4.17 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की है।
-1795341455140_m.webp)
अनंतनाग में नशा तस्कर की 4.17 करोड़ की संपत्ति अटैच।
HighLights
अनंतनाग में नशा तस्कर की 4.17 करोड़ की संपत्ति अटैच
कुलगाम में नाके पर 2.705 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया
पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ अभियान तेज करने का संकल्प लिया
राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर में नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। अनंतनाग में पुलिस ने एक कुख्यात नशा तस्कर की करीब 4.17 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति अटैच की है।
वहीं, कुलगाम में नाके के दौरान एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 2.705 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है। पुलिस ने दोनों मामलों में एनडीपीएस अधिनियम के तहत कार्रवाई की है।
अनंतनाग पुलिस के अनुसार, मट्टन पुलिस थाने की टीम ने सीर हमदान, मट्टन के रहने वाले इशफाक अहमद मीर पुत्र गुलाम मोहम्मद मीर की संपत्ति अटैच की है। पुलिस के मुताबिक, आरोपित का नाम नशीले पदार्थों की तस्करी से जुड़े वर्ष 2013, 2019 और 2026 में दर्ज मामले शामिल हैं।
पुलिस की ओर से अटैच की गई संपत्ति में एक आवासीय मकान, आठ दुकानें, पांच कमरे, एक अग्निशमन सेवा शेड, एक शौचालय और दो वाशरूम शामिल हैं। इन सभी संपत्तियों का अनुमानित बाजार मूल्य करीब 4.17 करोड़ रुपये बताया गया है। पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई नशा तस्करी से अर्जित संपत्ति की पहचान कर उसे कानून के तहत जब्त करने के प्रयासों का हिस्सा है।
नाके पर पकड़ा गया गांजा लेकर जा रहा व्यक्ति
उधर, कुलगाम पुलिस ने चट्टाबल बाईपास पर नियमित नाका जांच के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़कर उसके कब्जे से 2.705 किलोग्राम गांजा बरामद किया। पुलिस के अनुसार, नाका पार्टी ने संदिग्ध गतिविधि के आधार पर व्यक्ति को रोककर उसकी तलाशी ली। उसकी पहचान सज्जाद अहमद वागे पुत्र गुलाम मोहम्मद वागे निवासी गोरीपोरा, कुलगाम के रूप में हुई है।
बरामद पदार्थ गांजे जैसा बताया गया है। इस मामले में कुलगाम पुलिस थाने में एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आगे की जांच शुरू कर दी है। जांच के दौरान बरामद नशीले पदार्थ के स्रोत और इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के संभावित संपर्कों का पता लगाया जाएगा।
दोनों कार्रवाइयों के बाद पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशा तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि वे नशे के कारोबार की जानकारी देकर इस मुहिम में सहयोग करें, ताकि समाज को नशामुक्त बनाने के प्रयासों को सफल किया जा सके।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।