गुलमर्ग में पर्यटकों से मनमानी करने वाले ड्राइवरों पर पुलिस का शिकंजा, 11 गाड़ियां जब्त
गुलमर्ग में पर्यटकों से मनमानी और परिवहन नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन संचालकों के खिलाफ पुलिस ने विशेष अभियान चलाया है।

गुलमर्ग में पर्यटकों से मनमानी पर पुलिस का शिकंजा, 11 वाहन जब्त 5 के चालान।
HighLights
पुलिस ने गुलमर्ग में विशेष जांच अभियान चलाया।
पर्यटकों से मनमानी करने वाले 11 वाहन जब्त किए गए।
परिवहन नियमों का उल्लंघन करने पर 5 वाहनों के चालान।
राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। कश्मीर के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल गुलमर्ग में पर्यटकों के साथ मनमानी और परिवहन नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन संचालकों के खिलाफ बुधवार को चलाए गए विशेष जांच अभियान के दौरान पुलिस ने 11 वाहनों को जब्त कर लिया, जबकि नियमों का उल्लंघन करने वाले पांच अन्य वाहनों के चालान काटे।
बारामुला जिले के गुलमर्ग पुलिस स्टेशन की ओर से चलाए गए इस अभियान में उन वाहन संचालकों को निशाने पर लिया गया, जो निर्धारित परमिट शर्तों का पालन नहीं कर रहे थे और मोटर वाहन अधिनियम (एमवी एक्ट) के विभिन्न प्रावधानों का उल्लंघन कर रहे थे। पुलिस के अनुसार, अभियान का मुख्य उद्देश्य परिवहन संबंधी अनियमितताओं पर अंकुश लगाना और पर्यटकों को संभावित शोषण से बचाना है।
जब्त किए गए वाहनों में ई-ऑटो जेके05एल-7542, स्कॉर्पियो जेके05एम-5606, टवेरा जेके05डी-7442, टवेरा जेके01पी-8307, स्कॉर्पियो जेके05एन-5210, स्कॉर्पियो जेके01एक्स-0026 और स्कॉर्पियो जेके01टी-3984 शामिल हैं। इसके अलावा पांच अन्य वाहनों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। इनमें जेके01डब्ल्यू-6694 और जेके05सी-7981 नंबर वाले वाहन शामिल हैं, जिन्हें विभिन्न नियमों के उल्लंघन पर चालान जारी किए गए।
पुलिस का कहना है कि गुलमर्ग जैसे लोकप्रिय पर्यटन स्थल पर पर्यटकों की आवाजाही सुरक्षित और व्यवस्थित बनाए रखना प्राथमिकता है। परिवहन नियमों का पालन नहीं होने से न केवल यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है, बल्कि पर्यटकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
पुलिस ने वाहन संचालकों को स्पष्ट चेतावनी दी है कि वे परमिट की शर्तों और कानूनी प्रावधानों का सख्ती से पालन करें। भविष्य में भी ऐसे विशेष अभियान जारी रहेंगे और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने दोहराया कि पर्यटकों के हितों की रक्षा और गुलमर्ग में सुरक्षित माहौल बनाए रखने के लिए नियमों का पालन सुनिश्चित किया जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।