विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जम्मू में स्थानीय लोगों की सूझबूझ से पकड़ा गया पाकिस्तानी नागरिक, बोली पर शक होने पर पुलिस को दी सूचना

Published: Mon, 23 Nov 2026 08:38 AM (IST)

जम्मू के अरनिया सेक्टर में स्थानीय ग्रामीणों और सेना ने एक पाकिस्तानी नागरिक को संदिग्ध परिस्थितियों में पकड़ा। 

जम्मू के अरनिया से पकड़ा गया पाकिस्तानी नागरिक अवैस l इंटरनेट मीडिया

जम्मू के अरनिया से पकड़ा गया पाकिस्तानी नागरिक अवैस l इंटरनेट मीडिया

HighLights

  1. जम्मू के अरनिया में पाकिस्तानी नागरिक संदिग्ध परिस्थितियों में पकड़ा गया।

  2. ग्रामीणों ने बोली पर शक होने पर पुलिस को सूचना दी।

  3. सुरक्षा एजेंसियां घुसपैठ के मकसद और रास्ते की जांच कर रही हैं।

जागरण संवाददाता, जम्मू। भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे जम्मू के अरनिया सेक्टर में शनिवार सुबह एक पाकिस्तानी नागरिक को स्थानीय ग्रामीणों व सेना की सुरक्षा एजेंसी के एक कर्मी ने दबोच लिया। 25 वर्षीय पाकिस्तानी युवक सीमा पार कर घुस आया था और संदिग्ध परिस्थितियों में घूम रहा था। युवक को पुलिस के हवाले कर दिया गया।

युवक से पाकिस्तानी पहचान पत्र, एटीएम कार्ड, वीवो का मोबाइल फोन और 5100 पाकिस्तानी रुपये बरामद हुए हैं। अब पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां युवक से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी हैं कि वह भारतीय सीमा में किस रास्ते से दाखिल हुआ और उसका यहां आने का मकसद क्या था।

जानकारी के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय सीमा से करीब तीन किलोमीटर अंदर अरनिया के सई कलां इलाके में हर पीर पुल के पास सुबह एक युवक संदिग्ध परिस्थितियों में घूम रहा था। संदेह होने पर दो स्थानीय निवासियों विनोद कुमार व गुरमीत सिंह तथा सेना की सुरक्षा एजेंसी के एक कर्मी ने युवक से पूछताछ की।

पाकिस्तानी युवक ने ग्रामीणों से पूछा कि यहां से शहर कितनी दूर है। ग्रामीणों ने उसकी बोली से समझ लिया कि वह स्थानीय नहीं है। उन्होंने युवक के बारे में तुरंत पुलिस को सूचित किया। पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में ले लिया।

पाकिस्तान के पंजाब का रहने वाला है शख्स

पूछताछ में युवक ने बताया कि उसका नाम अवैस रजा पुत्र इमदाद हुसैन है। वह पाकिस्तान के पंजाब के जिला लैय्या, तहसील जरावाली, पोस्ट आफिस कास, गांव बस्ती गोकल का रहने वाला है।

युवक से बरामद पाकिस्तानी मुद्रा में 1000 रुपये के चार नोट, 500 रुपये के दो नोट और 50 रुपये के दो नोट शामिल हैं।

सर्दियों में सीमा सुरक्षा और कड़ी करने की जरूरत

सर्दियों का मौसम शुरू होने के साथ ही कोहरे के कारण सीमावर्ती क्षेत्रों में घुसपैठ की आशंका भी बढ़ जाती है। ऐसे में अरनिया सेक्टर में पाकिस्तानी नागरिक के घुसने की घटना ने सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े किए हैं। ऐसे में नालों, खेतों तथा सीमावर्ती गांवों में गश्त और निगरानी बढ़ाने की जरूरत है।

ऐक नाले के रास्ते भारतीय क्षेत्र में घुसने की आशंका

प्रारंभिक जांच के अनुसार, पाकिस्तानी नागरिक ऐक नाले के रास्ते भारतीय क्षेत्र में दाखिल हुआ हो सकता है। यह नाला भारत-पाकिस्तान सीमा के दोनों ओर से होकर गुजरता है। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां पाकिस्तानी युवक को घटनास्थल पर ले जाकर भी पूछताछ कर रही हैं, ताकि उसके भारतीय क्षेत्र में दाखिल होने के रास्ते और पूरी गतिविधियों का पता लगाया जा सके।

मोबाइल खंगाला जा रहा, आतंकियों का गाइड तो नहीं

सुरक्षा एजेंसियां पाकिस्तानी युवक के मोबाइल फोन, दस्तावेजों और अन्य सामान की जांच कर रही हैं। साथ ही यह भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वह भारत में अकेले ही दाखिल हुआ या इसके पीछे कोई अन्य कारण अथवा नेटवर्क है या वह आतंकियों का कोई गाइड है।

 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।