जम्मू-कश्मीर में सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर 12 लाख से अधिक की ठगी, आरोपी ने फर्जी नियुक्ति पत्र तक थमाए
क्राइम ब्रांच कश्मीर ने एक व्यक्ति को सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर गांदरबल के एक परिवार से 12.20 लाख रुपये ठगने के आरोप में गिरफ्तार किया है।
-1795712600449_m.webp)
सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर परिवार से 12.20 लाख ठगे।
HighLights
सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर 12.20 लाख की ठगी
आरोपी ने परिवार को थमाए थे तीन फर्जी नियुक्ति पत्र
क्राइम ब्रांच ने मोहम्मद अब्दुल्ला मीर को किया गिरफ्तार
राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर में सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी का एक और मामला सामने आया है। क्राइम ब्रांच कश्मीर की विशेष अपराध शाखा ने गांदरबल के एक परिवार से 12.20 लाख रुपये ठगने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपित ने परिवार के दो बेटों और बेटी को नौकरी दिलाने का भरोसा देकर तीन फर्जी नियुक्ति पत्र भी थमा दिए थे।
क्राइम ब्रांच के अनुसार, आरोपित की पहचान बांडीपोरा सुंबल के रहने वाले मोहम्मद अब्दुल्ला मीर के रूप में हुई है। उसे 25 नवंबर 2026 को गिरफ्तार किया गया। जांच में सामने आया कि उसने दो नियुक्ति पत्र जेएंडके बैंक और एक वन विभाग में नौकरी के नाम पर दिए थे। संबंधित विभागों से सत्यापन कराने पर तीनों पत्र फर्जी पाए गए और अधिकारियों ने इनके जारी होने से इनकार किया।
इस मामले में धोखाधड़ी और जालसाजी की धाराओं में केस दर्ज है। आरोपित के खिलाफ कुनजर, कोकरनाग, आर्थिक अपराध शाखा और कोठीबाग थाने में भी पहले से कई मामले दर्ज हैं। इनमें एक मामले में आरोपपत्र भी दाखिल हो चुका है।
सिटी जज श्रीनगर की अदालत ने आरोपित को पूछताछ और साक्ष्य जुटाने के लिए नौ दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा है। क्राइम ब्रांच अब उसके संभावित साथियों, ठगी के अन्य मामलों और पीड़ितों की पहचान कर रही है। लोगों से भी अपील की गई है कि यदि किसी के साथ नौकरी दिलाने के नाम पर इस व्यक्ति ने ठगी की है तो विशेष अपराध शाखा से संपर्क करें।