विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'जम्मू-कश्मीर में दोबारा परिसीमन की जरूरत नहीं', अनंतनाग में बोलीं सकीना इट्टू

Published: Sun, 29 Nov 2026 06:14 PM (IST)

स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री सकीना इट्टू ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में हाल ही में परिसीमन हुआ है, इसलिए देश में दोबारा परिसीमन होने पर इसे बाहर रखा जाना चाहिए।

जम्मू-कश्मीर में फिर परिसीमन की जरूरत नहीं : सकीना इट्टू। फाइल फोटो

जम्मू-कश्मीर में फिर परिसीमन की जरूरत नहीं : सकीना इट्टू। फाइल फोटो

HighLights

  1. जम्मू-कश्मीर को दोबारा परिसीमन प्रक्रिया से बाहर रखा जाए।

  2. महिलाओं के लिए 33% आरक्षण के फैसले का स्वागत किया।

  3. नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी की स्थापना को ऐतिहासिक उपलब्धि बताया।

राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर में विधानसभा चुनाव से पहले परिसीमन की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। ऐसे में तीन-चार साल बाद दोबारा परिसीमन कराने का कोई औचित्य नहीं है।

यदि देश में फिर से परिसीमन किया जाता है तो जम्मू-कश्मीर को इससे बाहर रखा जाना चाहिए। यह बात स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री सकीना इट्टू ने रविवार को अनंतनाग में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कही।

उन्होंने संसद में बार-बार परिसीमन की प्रक्रिया दोहराने के विचार पर सवाल उठाते हुए कहा कि जम्मू-कश्मीर में महज तीन साल पहले ही परिसीमन हुआ है। ऐसे में दोबारा इसकी जरूरत नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि केंद्र स्तर पर परिसीमन की प्रक्रिया आगे बढ़ती है तो जम्मू-कश्मीर को इससे अलग रखा जाना चाहिए।

महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण के फैसले का स्वागत करते हुए सकीना इट्टू ने इसे अच्छा कदम बताया। उन्होंने कहा कि इससे महिलाओं को राजनीति में आगे आने और निर्णय लेने की प्रक्रिया में भागीदारी का अवसर मिलेगा।

महिलाएं विकास कार्यों में भी अपनी भूमिका निभा सकेंगी। उन्होंने कहा कि मतदान में महिलाओं की भागीदारी करीब 50 प्रतिशत रहती है। महिलाएं पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करना जानती हैं और उन्हें राजनीति में उचित अवसर मिलना चाहिए।

नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी को बताया बड़ी उपलब्धि

जम्मू-कश्मीर में नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी की स्थापना को उन्होंने मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला की बड़ी और ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री ने अपना वादा पूरा किया है। यह जम्मू-कश्मीर की लंबे समय से लंबित मांग थी।

अब यहां के विद्यार्थियों को कानून की पढ़ाई के लिए दूसरे राज्यों का रुख नहीं करना पड़ेगा। विश्वविद्यालय की स्थापना से प्रदेश में ही उन्हें बेहतर शैक्षणिक अवसर मिल सकेंगे और इसका काम यहीं शुरू होगा।

उन्होंने विधानसभा में पारित प्राइवेट मेंबर बिल को भी मुख्यमंत्री और शिक्षा विभाग के प्रयासों से उठाया गया महत्वपूर्ण कदम बताया। इट्टू ने कहा कि उपलब्धियों पर स्वस्थ आलोचना होनी चाहिए, लेकिन आलोचना करने वालों को मुख्यमंत्री की इस पहल के लिए बधाई भी देनी चाहिए।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।