विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

न बैलेंस का पता, न बिजली खपत की जानकारी... कश्मीर में स्मार्ट मीटर एप ठप; उपभोक्ताओं की बढ़ी परेशान

Published: Sun, 22 Nov 2026 01:19 PM (IST)

कश्मीर में स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं के लिए "बिल सहूलियत" ऐप काम नहीं कर रहा है, जिससे बिजली बैलेंस जांचने और प्रीपेड खाते रिचार्ज करने में दिक्कत आ रही है। 

कश्मीर में स्मार्ट मीटर एप ठप। फाइल फोटो

कश्मीर में स्मार्ट मीटर एप ठप। फाइल फोटो

HighLights

  1. बिल सहूलियत ऐप कश्मीर में स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं के लिए ठप।

  2. उपभोक्ता बिजली बैलेंस, खपत और रिचार्ज करने में असमर्थ।

  3. तकनीकी खराबी से सर्दियों में बिजली कटौती का डर बढ़ा।

राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। स्मार्ट मीटर से बिजली का इस्तेमाल कर रहे कश्मीर के उपभोक्ताओं की मुश्किलें बढ़ गई हैं। बिजली का बैलेंस देखने और प्रीपेड खाते को रिचार्ज करने के लिए शुरू किया गया कश्मीर पावर डिस्ट्रीब्यूशन कारपोरेशन लिमिटेड (केपीडीसीएल) का ''बिल सहूलियत'' एप पिछले कुछ समय से ठीक से काम नहीं कर रहा है।

इसके चलते उपभोक्ता न तो अपने बिजली खाते का बैलेंस देख पा रहे हैं और न ही यह पता लगा पा रहे हैं कि अब तक कितनी बिजली खर्च हुई है। कई उपभोक्ताओं को एप के जरिये अग्रिम भुगतान करने में भी परेशानी हो रही है।

उपभोक्ताओं के अनुसार, स्मार्ट मीटर लगने के बाद बिजली का भुगतान प्रीपेड व्यवस्था के तहत करना होता है। इसके लिए बिल सहूलियत एप एक महत्वपूर्ण माध्यम है। इस एप के जरिये उपभोक्ता बिजली की खपत, खाते से कटने वाली राशि और शेष बैलेंस की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। साथ ही जरूरत पड़ने पर खाते में अग्रिम राशि जमा कर सकते हैं। लेकिन एप में तकनीकी खराबी आने से यह पूरी व्यवस्था प्रभावित हो रही है।

बटमालू के रहने वाले ताहिर मीर का कहना है कि उन्होंने अपने बिजली खाते में 500 रुपये तक की अग्रिम राशि जमा कराई है, लेकिन अब उन्हें यह पता नहीं चल पा रहा कि खाते से कितनी रकम कट चुकी है और कितनी बिजली की खपत हुई है। ऐसे में यह अनुमान लगाना भी मुश्किल हो गया है कि मौजूदा बैलेंस कितने दिन तक चलेगा और दोबारा रिचार्ज कब कराना पड़ेगा।

वहीं पालपोरा के रहने वाले अमीन भट का कहना है कि एप पर लॉगइन करने की कोशिश करने पर बार-बार एरर दिखाई देता है। इससे न केवल बैलेंस और बिजली खपत का विवरण देखने में दिक्कत आ रही है, बल्कि नए सिरे से अग्रिम भुगतान करना भी संभव नहीं हो पा रहा है।

आपको बता दें कि सर्दियों में घाटी में बिजली की मांग बढ़ जाती है। ऐसे में एप की खराबी ने उपभोक्ताओं की चिंता और बढ़ा दी है। उन्हें आशंका है कि बैलेंस की सही जानकारी नहीं मिलने से कहीं उनकी बिजली ऐसे समय में न कट जाए जब उन्हें उसे फिर से शुरू कराने में दिक्कत हो। एप ठप पड़ा है और बिजली निगम उपभोक्ताओं को बिल जमा न कराने को लेकर कनेक्शन काटने की चेतावनी दे रहा है। जिससे लोग चिंतित हैं।

इस संबंध में केपीडीसीएल के अधिकारियों ने बताया कि एप को अपडेट करने की प्रक्रिया चल रही है और इसे जल्द बहाल कर दिया जाएगा। हालांकि, उपभोक्ताओं का कहना है कि तकनीकी समस्या को जल्द दूर करना जरूरी है, ताकि वे अपनी बिजली खपत, खाते में उपलब्ध राशि और भुगतान की स्थिति पर नजर रख सकें।
----राहुल शर्मा---

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।