उमर अब्दुल्ला ने फिलहाल टाली बगावत की आंच, पर नेशनल कान्फ्रेंस में अभी भी असंतोष; आगे की राह आसान नहीं
जम्मू-कश्मीर नेशनल कॉन्फ्रेंस में आंतरिक असंतोष पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ है, भले ही बगावत की आंच धीमी पड़ गई ...और पढ़ें

उमर अब्दुल्ला के सामने संगठन में भरोसा बहाल करना बड़ी चुनौती। (फाइल फोटो)
HighLights
25 विधायकों की नाराजगी और मंत्रियों की कार्यशैली पर सवाल।
वरिष्ठ नेता आगा रुहुल्ला मेहदी का पार्टी छोड़ना।
उमर अब्दुल्ला के सामने सरकार और संगठन में विश्वास बहाली।
नवीन नवाज, श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर की सत्ताधारी नेशनल कान्फ्रेंस में भले ही फिलहाल बगावत के सुर कुछ धीमे पड़ गए हों, लेकिन पार्टी के भीतर असंतोष पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ है। करीब 25 विधायकों की नाराजगी, मंत्रियों और मुख्यमंत्री के सलाहकारों की कार्यशैली पर सवाल और वरिष्ठ नेता आगा सैयद रुहुल्ला मेहदी के पार्टी छोड़ने से नेतृत्व की कार्यप्रणाली चर्चा में हैं। इस घटनाक्रम ने मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के सामने सरकार चलाने के साथ-साथ संगठन में विश्वास बहाल करने की चुनौती भी खड़ी कर सकेंत दिया है कि उनकी आगे की डगर आसान नहीं है।
पिछले पखवाड़े के राजनीतिक घटनाक्रम ने नेशनल कान्फ्रेंस के भीतर के हालात को पूरी तरह उजागर कर दिया। एक समय ऐसा लगा कि पार्टी करीब 43 वर्ष बाद फिर विभाजन की स्थिति में पहुंच सकती है। हालांकि पार्टी अध्यक्ष डॉ. फारूक अब्दुल्ला ने वरिष्ठ नेताओं और नाराज विधायकों के साथ बातचीत कर तत्काल स्थिति को संभाल लिया।
हालांकि, असंतुष्ट विधायकों की नाराजगी के वास्तविक कारणों का समाधान हुआ है या केवल अस्थायी समझौता हुआ है, यह अभी स्पष्ट नहीं है। असंतुष्ट विधायकों ने बैठक में मुख्यमंत्री, मुख्यमंत्री के सलाहकार नासिर असलम वानी, उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी और मंत्रियों के कामकाज व सरकार में निर्णय लेने की प्रक्रिया पर सवाल उठाए हैं।
असंतुष्ट विधायकों ने उमर के कामकाज पर उठाए सवाल
बैठक के दौरान उमर अब्दुल्ला द्वारा कथित तौर पर दो बार पद छोड़ने की बात कहे जाने की जानकारी विधायक अब्दुल मजीद बट उर्फ लारमी ने भी दी। इससे विवाद की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है। बैठक में असंतुष्ट विधायकों ने सीधे तौर पर कहा कि मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला का आम कार्यकर्ताओं के साथ कोइ कनेक्ट नहीं है, वह सिर्फ अपनी किचन कैबिनेट के सहारे चलते हैं।
24 साल पुराना साथ छोड़ रुहुल्लाह ने बढ़ाई नेकां की मुश्किलें
दूसरी ओर, आगा सैयद रुहुल्ला मेहदी का पार्टी छोड़ना इस संकट का महत्वपूर्ण राजनीतिक पहलू है। करीब 24 वर्षों तक नेशनल कान्फ्रेंस से जुड़े रहे रुहुल्ला ने तीन नवंबर को बडगाम में अपने पिता की पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम में पार्टी से अलग होने और श्रीनगर लोकसभा सीट की सदस्यता छोड़ने की घोषणा की।
उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी नेतृत्व 2024 के विधानसभा चुनावों में किए गए वादों, विशेषकर अनुच्छेद 370 और जम्मू-कश्मीर के संवैधानिक अधिकारों के मुद्दे पर अपेक्षित राजनीतिक पहल नहीं कर रहा है।
रुहुल्ला और पार्टी नेतृत्व के बीच मतभेद नए नहीं थे। दिसंबर 2024 में आरक्षण नीति के युक्तिसंगतीकरण की मांग को लेकर विद्यार्थियों के आंदोलन के दौरान मुख्यमंत्री आवास के बाहर उनकी मौजूदगी के बाद मतभेद सार्वजनिक होने लगे थे। इसके बाद उन्होंने सरकार की कार्यशैली और पार्टी की राजनीतिक दिशा पर लगातार सवाल उठाए।
आंतरिक असंतोष को बाहरी साजिश बताने की कोशिश
इस पूरे विवाद ने पार्टी के भीतर संवाद की व्यवस्था पर भी प्रश्न खड़े किए हैं। क्या नेतृत्व ने रुहुल्ला की नाराजगी दूर करने के लिए गंभीर संगठनात्मक प्रयास किए? क्या चुनावी घोषणापत्र और संवैधानिक अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर पार्टी ने अपने नेताओं को स्पष्ट राजनीतिक रोडमैप दिया? ये सवाल अब केवल एक नेता की विदाई तक सीमित नहीं हैं।
नेशनल कान्फ्रेंस के विधायक सलमान सागर व अन्य नेता आगा रुहुल्ला और पार्टी में उभरे असंतोष को किसी तीसरी ताकत का किया धरा बताने का प्रयास करते हैं, आप्रेशन लोटस का भी दावा किया जाता है,लेकिन जो सवाल इस पूरे प्रकरण में उठे हैं, वह सत्ताधारी नेशनल कान्फ्रेंस के नेतृत्व को ही कठघरे में खड़े करते हैं।
नेशनल कान्फ्रेंस के सामने सत्ता और संगठन के बीच बढ़ती दूरी भी बड़ी चुनौती है। मुख्यमंत्री के सलाहकारों की प्रशासनिक भूमिका, मंत्रियों की जवाबदेही और क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व को लेकर विधायकों की चिंताएं बताती हैं कि पार्टी के भीतर निर्णय प्रक्रिया पर व्यापक चर्चा की आवश्यकता है।
फारूक के सामने संगठन को एकजुट रखने की चुनौती
राजनीतिक मामलों के जानकार रशीद राही ने कहा कि लोगों ने वोट दिया है तो उनके अपेक्षाएं भी होंगी। अनुच्छेद 370, राज्य का दर्जा, आरक्षण नीति, रोजगार और बिजली जैसे मुद्दे चुनावी राजनीति के केंद्र में रहे हैं। ऐसे में सरकार को अपनी उपलब्धियों के साथ उन क्षेत्रों की जानकारी भी सार्वजनिक करनी होगी, जहां केंद्रशासित प्रदेश की सीमित शक्तियों के कारण फैसले प्रभावित हो रहे हैं।
फारूक अब्दुल्ला के सामने संगठन को एकजुट रखने की जिम्मेदारी है, जबकि उमर अब्दुल्ला को सरकार और पार्टी दोनों के भीतर संवाद तथा विश्वास कायम करना होगा। केवल नाराज विधायकों को बैठक में बुलाकर समझौता कर लेना स्थायी समाधान नहीं हो सकता। इसके लिए नियमित संवाद, पारदर्शी निर्णय प्रक्रिया और चुनावी वादों पर प्रगति का स्पष्ट विवरण जरूरी है।
फिलहाल नेशनल कान्फ्रेंस का आंतरिक संकट भले ही टलता दिखाई दे रहा हो, लेकिन असंतोष के कारण बने मुद्दे कायम हैं। आने वाले समय में पार्टी नेतृत्व इन सवालों का किस तरह जवाब देता है, इसी से संगठन की दिशा तय होगी। उमर अब्दुल्ला के सामने चुनौती अब सिर्फ सरकार चलाने की नहीं, बल्कि अपनी पार्टी के भीतर नेतृत्व की स्वीकार्यता और राजनीतिक भरोसा बनाए रखने की भी है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।