नेकां में अंदरूनी घमासान तेज, मुबारक गुल के घर आज नया प्लान बनाएंगे नाराज विधायक; फिर फारूक के सामने रखेंगे मांगें
नेशनल कॉन्फ्रेंस के असंतुष्ट विधायक आज मुबारक गुल के आवास पर बैठक कर रहे हैं, ताकि फारूक अब्दुल्ला से मुलाकात ...और पढ़ें

मंत्रिमंडल पुनर्गठन और पार्टी में बेहतर प्रतिनिधित्व की मांग उठाएंगे विधायक। (फाइल फोटो)
HighLights
असंतुष्ट विधायक फारूक अब्दुल्ला से मुलाकात की रणनीति बनाएंगे।
मंत्रिमंडल पुनर्गठन और बेहतर प्रतिनिधित्व की मांग उठाएंगे विधायक।
पार्टी में बढ़ते असंतोष के बीच महत्वपूर्ण बैठक।
नवीन नवाज, श्रीनगर। सत्तारूढ़ नेशनल कॉन्फ्रेंस के भीतर बढ़ते असंतोष के बीच पार्टी के नाराज विधायक आज गुरुवार को पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं वरिष्ठ नेता मुबारक गुल के आवास पर बैठक करने जा रहे हैं। इस बैठक में शुक्रवार को पार्टी अध्यक्ष डॉ. फारूक अब्दुल्ला के साथ प्रस्तावित मुलाकात के लिए रणनीति को अंतिम रूप दिया जाएगा। शुक्रवार की बैठक में मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के भी मौजूद रहने की संभावना है।
सूत्रों के अनुसार, असंतुष्ट विधायकों की बैठक में पार्टी और सरकार के कामकाज से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा होगी। विधायक शुक्रवार को फारूक अब्दुल्ला के सामने अपनी सामूहिक शिकायतें और मांगें रखने की तैयारी कर रहे हैं।
पिछले सात दिनों में इस समूह की यह चौथी बैठक होगी। 27 अक्टूबर को हुए मंत्रिमंडल विस्तार के बाद पार्टी के भीतर नाराजगी का सिलसिला तेज हुआ है। कई विधायक मंत्रियों के चयन, क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व और फैसले लेने की प्रक्रिया से असंतुष्ट बताए जा रहे हैं।
मंत्रिमंडल के पुनर्गठन की मांग
विधायकों की प्रमुख मांगों में मंत्रिमंडल का पुनर्गठन, दो साल का कार्यकाल पूरा कर चुके मंत्रियों के कामकाज की समीक्षा और खराब प्रदर्शन करने वाले मंत्रियों के खिलाफ कार्रवाई शामिल है। इसके अलावा उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी से लोक निर्माण विभाग (आरएंडबी) का जिम्मा वापस लेने और मुख्यमंत्री के सलाहकार नासिर असलम वानी को हटाने की मांग भी उठाई जा सकती है।
बैठक में शासन व्यवस्था में सुधार, निर्वाचित जनप्रतिनिधियों और सरकार के बीच बेहतर तालमेल, चुनावी वादों को पूरा करने तथा जम्मू-कश्मीर का राज्य का दर्जा और विशेष दर्जा बहाल करने जैसे मुद्दे भी उठाए जाने की संभावना है।
विधायक चाहते हैं कि सरकार के साथ नियमित विचार-विमर्श के लिए एक औपचारिक व्यवस्था बनाई जाए, ताकि उनके विधानसभा क्षेत्रों की समस्याओं और आम लोगों की शिकायतों का समय पर समाधान हो सके।
मुबारक गुल की नाराजगी बरकरार
इस बीच, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष मुबारक गुल की नाराजगी भी पार्टी के भीतर चर्चा का अहम विषय बनी हुई है। हालिया मंत्रिमंडल विस्तार में उन्हें जगह नहीं मिलने और कुछ संगठनात्मक फैसलों से वह असंतुष्ट बताए जा रहे हैं। उन्होंने बुधवार को प्रस्तावित प्रेस वार्ता भी स्थगित कर दी।
उनके बेटे यूनुस गुल ने पिता की नाराजगी का समर्थन करते हुए कहा है कि पार्टी के लिए लंबे समय तक किए गए योगदान का सम्मान मांगना बगावत नहीं है।
रुहुल्ला के इस्तीफे से पार्टी नेतृत्व पर बढ़ा दबाव
दूसरी ओर, सांसद आगा सैयद रुहुल्ला मेहदी के इस्तीफे के घटनाक्रम ने भी पार्टी नेतृत्व पर दबाव बढ़ाया है। वहीं, असंतुष्ट विधायक हिलाल अकबर लोन की मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से मुलाकात को भी मौजूदा राजनीतिक घटनाक्रम के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
अब सभी की निगाहें शुक्रवार को होने वाली बैठक पर टिकी हैं। माना जा रहा है कि असंतुष्ट विधायक फारूक अब्दुल्ला के सामने अपनी मांगें एकजुट होकर रखेंगे और पार्टी नेतृत्व से इनका समाधान निकालने की अपेक्षा करेंगे। इस बैठक से यह भी स्पष्ट होगा कि नेशनल कॉन्फ्रेंस का नेतृत्व पार्टी के भीतर बढ़ते मतभेदों को किस तरह संभालता है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।