'मैं फाइटर हूं, लड़ता रहूंगा', मुबारक गुल के तेवर से नेकां में हड़कंप; बोले- आज कोई खुलासा नहीं करूंगा
नेशनल कॉन्फ्रेंस के वरिष्ठ नेता मुबारक गुल ने अपनी निर्धारित प्रेस कॉन्फ्रेंस स्थगित कर दी है। उन्होंने कहा कि वह ...और पढ़ें

मुबारक गुल की प्रेस कॉन्फ्रेंस टली। (फोटो- इंटरनेट मीडिया)
HighLights
मुबारक गुल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस स्थगित की, कहा 'फाइटर' हैं।
नेकां में खींचतान के बीच महत्वपूर्ण घोषणा का संकेत दिया।
समर्थकों की भावनाओं का सम्मान करते हुए फैसले का जिक्र।
नवीन नवाज, श्रीनगर। नेशनल कान्फ्रेंस में खींचतान जारी है। इस बीच नेशनल कान्फ्रेंस के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधानसभा स्पीकर मुबारक गुल ने अपने आवास पर जुटे पत्रकारों को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा- आज होने वाली प्रेस कॉन्फ्रेंस को फिलहाल स्थगित किया जाता है।
गुल ने अपने आवास पर जुटे पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि जम्मू-कश्मीर के मौजूदा राजनीतिक हालात और अपने साथियों, दोस्तों व कार्यकर्ताओं की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए वह एक महत्वपूर्ण घोषणा करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि इस फैसले के पीछे उनके समर्थकों की भावनाएं भी अहम हैं।
'मैं आज कोई खुलासा करूंगा'
गुल ने आगे कहा, 'पिछले कई दशकों से इस संघर्ष के सफर में जो कार्यकर्ता और साथी मजबूती से मेरे साथ खड़े रहे हैं, उनकी कुर्बानियां, वफादारी, मोहब्बत और भावनाएं मेरे लिए बेहद मायने रखती हैं। मैं अपने सभी कार्यकर्ताओं और साथियों के जज्बातों की कद्र करते हुए घोषणा करता हूं कि आज होने वाली प्रेस कॉन्फ्रेंस फिलहाल स्थगित की जाती है।'
उन्होंने कहा, 'आज मैं कोई सफाई नहीं दूंगा और न ही कोई खुलासा करूंगा, क्योंकि इस समय मेरे साथियों और दोस्तों की भावनाएं मेरे लिए सबसे ज्यादा महत्वपूर्ण हैं।'
गुल ने आगे कहा, 'सही समय आने पर मैं आप सभी के सामने अपनी बात जरूर रखूँगा। जिस समय यह एलान किया जाएगा, उसी समय आपको इसकी जानकारी दे दी जाएगी।
'मैं एक फाइटर हूँ, लड़ता आया हूँ, लड़ता रहूंगा'
उन्होंने कहा, 'मैं अपने सभी दोस्तों, साथियों और कार्यकर्ताओं का दिल से शुक्रिया अदा करता हूँ, खासकर उन सभी लोगों का जिन्होंने लगातार फोन के माध्यम से मेरा मार्गदर्शन किया, मेरा हौसला बढ़ाया और हर कदम पर मेरा साथ दिया। मैं अपने साथियों की सलाह और उनकी भावनाओं की पूरी कद्र करता हूँ और आगे भी उनके मार्गदर्शन के अनुसार अपना सफर जारी रखूंगा।' मेरा संकल्प आज भी वही है 'मैं एक फाइटर हूँ, लड़ता आया हूँ, लड़ता रहूंगा और अपने मकसद के लिए संघर्ष जारी रखूँगा।'
जम्मू से कश्मीर तक समर्थकों ने जताया साथ
पत्रकारों से बातचीत में गुल ने जम्मू-कश्मीर के विभिन्न हिस्सों से उनके आवास पर पहुंचकर समर्थन जताने वालों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने जम्मू, कठुआ, ऊधमपुर, बारामुला, कुपवाड़ा, अनंतनाग, पुलवामा और श्रीनगर से आए लोगों के साथ प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का भी धन्यवाद किया।
उन्होंने कहा कि पिछले 55 वर्षों से लोग उनके साथ खड़े रहे हैं। हालांकि, पार्टी के भीतर चल रहे घटनाक्रम और अपनी भावी रणनीति पर उन्होंने कोई टिप्पणी नहीं की। उनकी विस्तृत प्रेस वार्ता स्थगित होने के बाद उनके अगले राजनीतिक कदम को लेकर चर्चाएं तेज हैं।
मंत्रिमंडल में जगह नहीं मिलने से नाराज हुए मुबारक गुल
मंत्रिमंडल विस्तार में जगह नहीं मिलने से गुल की नाराजगी सामने आई थी। इसके बाद 27 अक्टूबर को नेशनल कान्फ्रेंस अध्यक्ष डॉ. फारूक अब्दुल्ला ने उन्हें पार्टी महासचिव नियुक्त किया। यह नियुक्ति अली मुहम्मद सागर के मंत्रिमंडल में शामिल होने के बाद हुई थी। लेकिन 30 अक्टूबर को जारी एक अन्य पार्टी आदेश में सागर को अगले आदेश तक महासचिव बने रहने का निर्देश दिया गया।
इससे गुल की संगठनात्मक भूमिका को लेकर असमंजस पैदा हो गया। उन्होंने पहले चार नवंबर को प्रेस वार्ता में इन घटनाक्रमों पर खुलकर अपना पक्ष रखने का संकेत दिया था।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।