विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

FAA परीक्षा विवाद पर मीरवाइज ने सरकार को घेरा, दोबारा परीक्षा कराने की उठाई मांग

Published: Sun, 22 Nov 2026 05:16 PM (IST)

मीरवाइज उमर फारूक ने जम्मू-कश्मीर में फाइनांस अकाउंट्स असिस्टेंट (एफएए) भर्ती परीक्षा में कथित गड़बड़ियों पर सरकार से जवाबदेही तय करने और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

एफएए परीक्षा विवाद पर मीरवाइज ने सरकार को घेरा, दोषियों पर कार्रवाई की मांग।

एफएए परीक्षा विवाद पर मीरवाइज ने सरकार को घेरा, दोषियों पर कार्रवाई की मांग।

HighLights

  1. एफएए परीक्षा में कथित गड़बड़ियों पर मीरवाइज ने उठाए सवाल

  2. सरकार से दोषियों पर सख्त कार्रवाई और जवाबदेही तय करने की मांग

  3. भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने पर जोर दिया

राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर में फाइनांस अकाउंट्स असिस्टेंट (एफएए) भर्ती परीक्षा में कथित गड़बड़ियों को लेकर मीरवाइज-ए-कश्मीर डॉ. मौलवी मोहम्मद उमर फारूक ने सरकार से जवाबदेही तय करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि भर्ती परीक्षाओं में बार-बार सामने आ रहे पेपर लीक और धांधली के आरोपों ने युवाओं का व्यवस्था से भरोसा कमजोर किया है।

रविवार को इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर अपनी प्रतिक्रिया में मीरवाइज ने कहा कि परीक्षा में अनियमितताओं के आरोपों से परेशान अभ्यर्थी न्याय और जवाब मांगने के लिए सड़कों पर उतरने को मजबूर हैं।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 की पुलिस सब-इंस्पेक्टर और एफएए परीक्षाओं के अलावा 2025 की जूनियर इंजीनियर (इलेक्ट्रिकल) परीक्षा में भी ऐसे आरोप सामने आए थे। मीरवाइज ने आरोप लगाया कि पहले के मामलों में कोई प्रभावी जांच नहीं हुई।

उन्होंने कहा कि मौजूदा मामले में कथित बिचौलियों की गिरफ्तारी और दस्तावेजों की बरामदगी के बाद भी जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई जरूरी है।

परीक्षा की तैयारी में युवा सालों लगाते हैं और उनके परिवार भी काफी त्याग करते हैं। ऐसे में व्यवस्था ही उन्हें निष्पक्ष अवसर देने में नाकाम रहे तो वे न्याय की उम्मीद किससे करें।

मीरवाइज ने जांच के निष्कर्षों के आधार पर भर्ती प्रक्रिया रद करने या दोबारा परीक्षा कराने की मांग की। साथ ही भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।