विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दो हफ्ते की नजरबंदी के बाद मीरवाइज उमर फारूक जामा मस्जिद पहुंचे, पाबंदियों पर उठाए सवाल; शादियों पर दी ये सलाह

Published: Fri, 13 Nov 2026 04:49 PM (GMT+05:30)

दो सप्ताह की नजरबंदी के बाद मीरवाइज उमर फारूक श्रीनगर की जामा मस्जिद पहुंचे, जहां उन्होंने धार्मिक जिम्मेदारियों पर लगाई ...और पढ़ें

लगभग दो सप्ताह की नज़रबंदी के बाद मीरवाइज़ जामा मस्जिद लौटे। (फोटो- साहिल मीर/जागरण)

लगभग दो सप्ताह की नज़रबंदी के बाद मीरवाइज़ जामा मस्जिद लौटे। (फोटो- साहिल मीर/जागरण)

HighLights

  1. मीरवाइज उमर फारूक दो सप्ताह बाद जामा मस्जिद पहुंचे।

  2. धार्मिक जिम्मेदारियों पर बार-बार पाबंदियों को अनुचित बताया।

  3. फिजूलखर्ची छोड़कर सादगीपूर्ण निकाह की अपील की।

राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। करीब दो सप्ताह की नजरबंदी के बाद मीरवाइज-ए-कश्मीर डॉ. मौलवी मोहम्मद उमर फारूक शुक्रवार को ऐतिहासिक जामा मस्जिद पहुंचे। यहां उन्होंने नमाजियों को संबोधित करते हुए अपनी गतिविधियों पर बार-बार लगाई जा रही पाबंदियों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि इससे न केवल उनकी धार्मिक जिम्मेदारियां प्रभावित होती हैं, बल्कि आम लोगों को भी परेशानी उठानी पड़ती है।

मीरवाइज ने कहा कि जामा मस्जिद का मंच हमेशा मजहबी मूल्यों, सच्चाई और लोगों के अधिकारों की आवाज उठाने का माध्यम रहा है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि वह लोगों के धार्मिक और सामाजिक मुद्दों को उठाने की अपनी जिम्मेदारी से पीछे नहीं हट सकते।

पाबंदियों के चलते एमएमयू की पहली जिला स्तरीय बैठक स्थगित

उन्होंने बताया कि पाबंदियों के कारण 4 नवंबर को बांडीपोरा में प्रस्तावित मुत्तहिदा मजलिस-ए-उलेमा (एमएमयू) की पहली जिला स्तरीय बैठक स्थगित करनी पड़ी। इसमें नशाखोरी, सामाजिक बुराइयों, युवाओं में आत्महत्या की बढ़ती समस्या और पर्यावरण संरक्षण पर चर्चा होनी थी।

रात 10 बजे तक वाजवान खत्म करने के फैसले का स्वागत

मीरवाइज ने कश्मीर वाजा एसोसिएशन के उस फैसले का स्वागत किया, जिसमें शादी समारोहों में वाजवान की दावत रात 10 बजे तक समाप्त करने की बात कही गई है।

उन्होंने इसे अनुशासन और सादगी की दिशा में कदम बताते हुए एमएमयू के पूर्ण सहयोग का भरोसा दिया।

शादियों में दिखावे और फिजूलखर्ची पर रोक लगाने की अपील

हालांकि, उन्होंने कहा कि केवल समय निर्धारित करने से समस्या हल नहीं होगी। शादियों में बढ़ती दिखावे की प्रवृत्ति, अतिरिक्त रस्मों और बेतहाशा खर्च ने परिवारों पर आर्थिक व सामाजिक दबाव बढ़ा दिया है।

उन्होंने लोगों से अपील की कि कश्मीरी शादी की परंपराओं की खूबसूरती बरकरार रखते हुए फिजूलखर्ची छोड़ें और निकाह को इस्लामी शिक्षाओं के अनुरूप सादा, गरिमापूर्ण और किफायती बनाएं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।