मीरवाइज उमर फारूक श्रीनगर में फिर नजरबंद, जामिया मस्जिद में तकरीर से रोका गया
मीरवाइज उमर फारूक ने दावा किया कि उन्हें शुक्रवार को फिर नजरबंद किया गया, जिससे वह जामिया मस्जिद में जुमे की नमाज से पहले तकरीर नहीं दे सके।

मीरवाइज उमर फारूक फिर नजरबंद।
HighLights
मीरवाइज उमर फारूक को शुक्रवार को फिर नजरबंद किया गया।
जामिया मस्जिद में जुमे की नमाज से पहले तकरीर नहीं दे सके।
शेषनाग पर्यावरण, वंदे मातरम विवाद उठाने पर हुई कार्रवाई।
राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। हुर्रियत चेयरमैन और मीरवाइज-ए-कश्मीर मौलवी उमर फारूक ने शुक्रवार को दावा किया कि उन्हें एक बार फिर नजरबंद कर दिया गया, जिसके चलते वह जामिया मस्जिद में जुमे की नमाज से पहले तकरीर नहीं कर सके। उन्होंने इसे शुक्रवार को नजरबंद रखने की एक परंपरा करार देते हुए प्रशासन पर लोगों के मुद्दे उठाने पर उन्हें रोकने का आरोप लगाया।
मीरवाइज ने इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि उन्हें पहले से ही नजरबंदी की आशंका थी। इसकी वजह शेषनाग के पर्यावरण संवेदनशील क्षेत्र में संभावित आपदा को लेकर उनकी चिंता और वक्फ बोर्ड के धार्मिक कार्यक्रम में वंदे मातरम के पाठ का मुद्दा उठाना था।
उन्होंने कहा कि शेषनाग के वायरल दृश्यों के बाद उन्होंने वहां पर्यावरण को होने वाले संभावित नुकसान पर लोगों की चिंताओं को सामने रखा था। इसके अलावा वक्फ बोर्ड के धार्मिक आयोजन में वंदे मातरम के पाठ को लेकर भी लोगों की भावनाओं से जुड़े सवाल उठाए थे।
मीरवाइज ने आरोप लगाया कि जब भी वह जनता से जुड़े संवेदनशील मुद्दे उठाते हैं, उसी शुक्रवार उन्हें जामिया मस्जिद जाने से रोक दिया जाता है। उन्होंने सरकार से अपील की कि उन पर दबाव बनाने के बजाय जम्मू-कश्मीर के लोगों की भावनाओं और इन मुद्दों की संवेदनशीलता को समझे तथा ऐसे फैसलों से बचे, जिनसे लोगों को ठेस पहुंचती है।