विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'घोटाले पर घोटाला हो रहा है...', परीक्षा घोटाले पर भड़कीं महबूबा मुफ्ती, 30 करोड़ फीस वसूली को लेकर सरकार को घेरा

By Naveen NawazEdited By: Dallu Slathia
Published: Sat, 21 Nov 2026 12:54 PM (IST)

महबूबा मुफ्ती ने जम्मू-कश्मीर में परीक्षा घोटालों को लेकर नेशनल कॉन्फ्रेंस सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार छात्रों से करोड़ों रुपये वसूलने के बावजूद उन्हें निष्पक्ष परीक्षा नहीं दे पा रही, जिससे उनका भविष्य दांव पर है।

महबूबा मुफ्ती बोलीं- बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ बंद करे सरकार। (फाइल फोटो)

महबूबा मुफ्ती बोलीं- बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ बंद करे सरकार। (फाइल फोटो)

HighLights

  1. महबूबा मुफ्ती ने परीक्षा अनियमितताओं पर सरकार को घेरा।

  2. आरोप लगाया कि छात्रों से 30 करोड़ रुपये वसूले गए।

  3. निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।

राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी की अध्यक्ष और जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेतृत्व वाली सरकार पर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि जम्मू-कश्मीर में परीक्षा घोटालों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है और इसकी सबसे बड़ी कीमत मेहनती छात्रों को अपने भविष्य से चुकानी पड़ रही है। महबूबा ने कहा कि सरकार की लापरवाही और परीक्षा प्रणाली में व्याप्त कथित गड़बड़ियां हजारों युवाओं के सपनों को कुचल रही हैं।

श्रीनगर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए महबूबा मुफ्ती ने कहा कि एक साल में छात्रों से करीब 30 करोड़ रुपये वसूले जाते हैं, लेकिन इतनी बड़ी रकम लेने के बावजूद सरकार उन्हें निष्पक्ष और पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था मुहैया कराने में नाकाम साबित हो रही है।

उन्होंने सवाल उठाया कि जब सरकार बच्चों को उनकी मेहनत और योग्यता के आधार पर आगे बढ़ने का उचित अवसर ही नहीं दे सकती, तो फिर उनके भविष्य की जिम्मेदारी कौन उठाएगा?

परीक्षा में पारदर्शिता नहीं होगी तो युवाओं का टूटेगा भरोसा

महबूबा मुफ्ती ने कहा कि बच्चे अपनी पूरी जिंदगी मेहनत करते हैं। अगर हम उन्हें एक निष्पक्ष परीक्षा तक नहीं दे सकते, जिसमें वे अपनी मेहनत और योग्यता के दम पर जिंदगी में कुछ हासिल कर सकें, तो फिर हम उन्हें क्या देंगे? ऐसी परिस्थितियों में हमारे बच्चे अवसाद का शिकार हो जाएंगे।

महबूबा का सरकार पर निशाना 

महबूबा ने परीक्षा विवादों को लेकर सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि हालात में कोई सुधार नहीं हुआ है। उन्होंने तल्ख लहजे में कहा, 'घोटाले पर घोटाला हो रहा है। पहले अगर राज्यपाल शासन के दौरान ऐसा होता था, तो आज नेशनल कॉन्फ्रेंस की सरकार में भी वही सब जारी है। आखिर बदलाव कहां हुआ? यह छात्रों के साथ बहुत बड़ा अन्याय है।'

दिल्ली में कार्रवाई हुई, जम्मू-कश्मीर में जवाबदेही क्यों नहीं?

दिल्ली में परीक्षा विवाद को लेकर हुई कार्रवाई का हवाला देते हुए महबूबा ने कहा कि वहां इस तरह का मामला सामने आने पर जनता ने जोरदार विरोध किया और एक मंत्री को पद से हटाया गया, लेकिन जम्मू-कश्मीर में इतनी गंभीर स्थिति के बावजूद सरकार की ओर से वैसी जवाबदेही नजर नहीं आ रही है। उन्होंने कहा कि यहां ऐसा माहौल बना हुआ है, मानो कुछ हुआ ही न हो।

महबूबा ने कहा कि जब उन्होंने इस मुद्दे को उठाया, तभी राष्ट्रीय समाचार चैनलों ने भी इसे प्रमुखता से दिखाया। उन्होंने सरकार को आगाह करते हुए कहा कि यह कोई सामान्य मामला नहीं, बल्कि हजारों छात्रों के भविष्य से जुड़ा गंभीर सवाल है। सरकार को अपनी जिम्मेदारी समझनी चाहिए और युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ नहीं करना चाहिए।

सच्चाई सामने आने तक भर्ती प्रक्रिया आगे न बढ़ाने की मांग

पीडीपी अध्यक्ष ने परीक्षा प्रक्रिया में सामने आई तमाम कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि केवल औपचारिक कार्रवाई से काम नहीं चलेगा, बल्कि इस पूरे मामले के पीछे सक्रिय कथित बड़े सिंडिकेट और माफिया की पहचान कर उनके खिलाफ जवाबदेही तय की जानी चाहिए।

उन्होंने कहा कि जब तक सच्चाई सामने नहीं आती और दोषियों की पहचान नहीं होती, तब तक संबंधित भर्ती प्रक्रिया को आगे नहीं बढ़ाया जाना चाहिए। छात्रों के विरोध प्रदर्शन में शामिल होने के सवाल पर महबूबा मुफ्ती ने संक्षिप्त जवाब देते हुए कहा, 'हम देखेंगे।'

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।