महबूबा मुफ्ती लगातार पांचवीं बार बनीं पीडीपी अध्यक्ष, निर्विरोध चुनी गईं; कश्मीर की सियासत में फिर संभाली कमान
Mehbooba Mufti Re-elected PDP President: महबूबा मुफ्ती को लगातार पांचवीं बार पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) का अध्यक्ष चुना गया है, जिससे जम्मू-कश्मीर की राजनीति में उनका नेतृत्व बरकरार रहा।

लगातार पांचवीं बार पीडीपी अध्यक्ष चुनी गईं महबूबा मुफ्ती। (फोटो- जागरण/साहिल मीर)
HighLights
महबूबा मुफ्ती पांचवीं बार पीडीपी अध्यक्ष चुनी गईं।
जम्मू-कश्मीर की राजनीति में उनका नेतृत्व कायम रहा।
पार्टी राज्य के मुद्दों पर अपनी भूमिका मजबूत करेगी।
राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री और पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती को लगातार पांचवीं बार पार्टी का अध्यक्ष निर्विरोध चुन लिया गया है। उनके पुनर्निर्वाचन के साथ ही पीडीपी में उनका नेतृत्व एक बार फिर कायम रहा। पार्टी के इस फैसले को संगठन के भीतर उनके नेतृत्व पर भरोसे के रूप में देखा जा रहा है।
महबूबा मुफ्ती का दोबारा अध्यक्ष चुना जाना ऐसे समय में हुआ है, जब जम्मू-कश्मीर की राजनीति कई महत्वपूर्ण मुद्दों को लेकर सक्रिय है। वर्ष 2019 में अनुच्छेद 370 के प्रावधानों को निरस्त किए जाने और जम्मू-कश्मीर के पुनर्गठन के बाद से प्रदेश में राजनीतिक परिस्थितियां बदल गई हैं।
राज्य का दर्जा बहाल करने, संवैधानिक अधिकारों, रोजगार और स्थानीय पहचान जैसे मुद्दे क्षेत्रीय राजनीति के केंद्र में बने हुए हैं।
केंद्र की नीतियों पर मुखर रही हैं महबूबा मुफ्ती
पीडीपी इन मुद्दों पर लगातार अपनी राजनीतिक भूमिका दर्ज कराती रही है। महबूबा मुफ्ती भी केंद्र सरकार की नीतियों और जम्मू-कश्मीर के राजनीतिक भविष्य को लेकर मुखर रही हैं।
हाल ही में 2 नवंबर को श्रीनगर में पार्टी के स्थापना दिवस समारोह में उन्होंने नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां) पर जम्मू-कश्मीर के राजनीतिक हितों और स्वायत्तता के मुद्दे पर समझौता करने का आरोप लगाया था। उन्होंने केंद्र और प्रदेश के लोगों के बीच सार्थक संवाद की जरूरत भी बताई थी।
2015 में पीडीपी-भाजपा गठबंधन से बनी थी सरकार
आपको बता दें कि वर्ष 2015 में पीडीपी ने भाजपा के साथ गठबंधन कर सरकार बनाई थी और महबूबा मुफ्ती ने अप्रैल 2016 में मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी संभाली थी। जून 2018 में भाजपा ने समर्थन वापस ले लिया था, जिसके बाद गठबंधन सरकार गिर गई थी।
अब लगातार पांचवीं बार पार्टी अध्यक्ष चुने जाने के बाद महबूबा मुफ्ती के सामने पीडीपी के संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं को सक्रिय रखने और जम्मू-कश्मीर के मौजूदा राजनीतिक मुद्दों पर पार्टी की भूमिका को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी होगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।