'कश्मीर की 700 झीलें पहले से खतरे में', शेषनाग विवाद पर महबूबा मुफ्ती ने उमर अब्दुल्ला को घेरा; MOU रद करने की मांग
महबूबा मुफ्ती ने शेषनाग परियोजना के विस्तार पर जम्मू-कश्मीर सरकार से जवाब मांगा है, परियोजना को वापस लेने और समझौता ज्ञापन रद्द करने की मांग की।

PDP प्रमुख महबूबा मुफ्ती ने श्रीनगर में मीडिया को संबोधित किया। (फोटो- जागरण /साहिल मीर)
HighLights
महबूबा मुफ्ती ने शेषनाग परियोजना विस्तार पर सरकार से जवाब मांगा।
पर्यावरणीय संवेदनशीलता और अमरनाथ गुफा क्षेत्र के संरक्षण पर जोर दिया।
परियोजना विस्तार वापस लेने और समझौता रद्द करने की मांग की।
राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की अध्यक्ष एवं जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने प्रस्तावित शेषनाग परियोजना को दिए गए विस्तार पर जम्मू-कश्मीर सरकार से जवाब मांगा है। उन्होंने मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से सवाल किया कि आखिर इस परियोजना को विस्तार देने की जरूरत क्यों पड़ी? उन्होंने सरकार से परियोजना को दिया गया विस्तार वापस लेने, समझौता ज्ञापन रद्द करने और पूरे समझौते को सार्वजनिक करने की मांग की।
महबूबा मुफ्ती ने कहा कि मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला को इस मामले में स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि शेषनाग परियोजना से संबंधित समझौता ज्ञापन को तत्काल रद्द किया जाए और सरकार इस संबंध में किए गए समझौते का पूरा विवरण जनता के सामने रखे।
कश्मीर भूकंप के लिहाज से संवेदनशील, करीब 700 झीलें भी खतरे में
शेषनाग क्षेत्र में प्रस्तावित गतिविधियों पर गंभीर चिंता जताते हुए महबूबा ने कहा कि अमरनाथ गुफा के निकट स्थित यह इलाका धार्मिक और पर्यावरणीय दृष्टि से बेहद संवेदनशील है। कश्मीर भूकंपीय दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्र में आता है और यहां पहले से ही लगभग 700 झीलें पर्यावरणीय खतरों का सामना कर रही हैं।
ऐसे में किसी भी प्रकार की गतिविधि शुरू करने से पहले उसके दूरगामी प्रभावों का गंभीरता से आकलन किया जाना जरूरी है।
उन्होंने आशंका जताई कि क्षेत्र में पेड़ों की कटाई, चौड़ी सड़कों का निर्माण और जेसीबी जैसी भारी मशीनों की आवाजाही से पर्यावरण को और अधिक नुकसान पहुंच सकता है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर इतने संवेदनशील क्षेत्र में निर्माण कार्यों की अनुमति किस आधार पर दी जा रही है।
मंत्री के शेषनाग दौरे पर भी मांगा स्पष्टीकरण
महबूबा मुफ्ती ने कहा कि शेषनाग की धार्मिक पवित्रता और प्राकृतिक पारिस्थितिकी को बनाए रखना बेहद जरूरी है। किसी भी विकास परियोजना के नाम पर इस क्षेत्र के पर्यावरणीय संतुलन और प्राकृतिक स्वरूप से खिलवाड़ नहीं किया जाना चाहिए।
उन्होंने यह सवाल भी उठाया कि उन्हें परियोजना स्थल का दौरा करने की अनुमति क्यों नहीं दी गई। इसके अलावा उन्होंने हाल ही में एक मंत्री द्वारा किए गए शेषनाग दौरे पर भी स्पष्टीकरण मांगा। उन्होंने कहा कि इस दौरे से संबंधित कोई तस्वीर या वीडियो अब तक सार्वजनिक नहीं किया गया है, जिससे कई सवाल खड़े होते हैं।
शेषनाग परियोजना का विरोध करने वालों को हिरासत में लेने का आरोप
महबूबा ने आरोप लगाया कि परियोजना का विरोध करने वाले लोगों को हिरासत में लिया जा रहा है, उनके मोबाइल फोन जब्त किए जा रहे हैं और याचिकाओं पर हस्ताक्षर करने वाले लोगों को भी परेशान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण को लेकर आवाज उठाने वाले नागरिकों के साथ इस तरह का व्यवहार उचित नहीं है।
किश्तवाड़ बादल फटने की घटना का जिक्र
किश्तवाड़ में बादल फटने की घटना का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा के समय लोगों ने एकजुट होकर एक-दूसरे का साथ दिया था। उन्होंने अपील की कि कश्मीर के नाजुक पर्यावरण और प्राकृतिक धरोहरों को बचाने के लिए भी समाज को इसी तरह एकजुट होकर प्रयास करने चाहिए।
अमरनाथ गुफा और आसपास के क्षेत्रों को बचाना सभी की जिम्मेदारी
शेषनाग को कश्मीर की धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक पहचान का अभिन्न हिस्सा बताते हुए महबूबा मुफ्ती ने कहा कि अमरनाथ गुफा और उसके आसपास के क्षेत्रों का संरक्षण सभी की जिम्मेदारी है। इस क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता, धार्मिक महत्ता और पर्यावरणीय विरासत को किसी भी कीमत पर नुकसान नहीं पहुंचना चाहिए।
पीडीपी अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से एक बार फिर मांग की कि शेषनाग परियोजना को दिया गया विस्तार तत्काल वापस लिया जाए और इससे संबंधित समझौता ज्ञापन रद्द किया जाए। उन्होंने समझौते की सभी शर्तों और विवरणों को सार्वजनिक करने के साथ-साथ पर्यावरण विशेषज्ञों तथा संबंधित मंत्रियों से इस परियोजना पर विस्तृत रिपोर्ट तलब करने की मांग की।
उन्होंने सरकार से पर्यावरणीय आकलन रिपोर्ट के निष्कर्षों को सार्वजनिक करने और विशेषज्ञों की सिफारिशों के आधार पर शेषनाग तथा अमरनाथ गुफा क्षेत्र के संरक्षण के लिए ठोस कदम उठाने की अपील की।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।