कठुआ कांड पर महबूबा ने भाजपा को कठघरे में लिया
राज्य ब्यूरो, श्रीनगर : पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी की अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती
राज्य ब्यूरो, श्रीनगर : पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी की अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने शुक्रवार को फिर कठुआ कांड को उछालने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि बतौर मुख्यमंत्री मैंने पीड़िता के न्याय के लिए हर संभव प्रयास किया है। टवीटर पर उन्होंने इस मुद्दे पर सरकार में पूर्व सहयोगी भाजपा को भी लताड़ा। उन्होंने कहा कि इस घटना की ¨नदा करने की बजाय भाजपा के तत्कालीन विधायक आरोपितों के समर्थन में रैलियां करने लगे थे। मैंने न्याय को यकीनी बनाने के लिए अपनी तरफ से हर संभव प्रयास किया। मैं इस समय सिर्फ उम्मीद कर सकती हूं कि दोषियों को कठोरतम सजा मिले ताकि किसी अन्य लड़की को दोबारा पीड़ा, शोषण और ऐसी जघन्य घटनाओं का शिकार न होना पड़े। उन्होंने कहा कि कठुआ कांड को हुए आज ही एक साल हुआ है। अफसोस इसका है कि भाजपा के विधायकों ने आरोपितों के समर्थन में रैलियां की। दुष्कर्म जैसे जघन्य अपराध को भी सांप्रदायिक रंग देते हुए इसे सही ठहराने के लिए लोगों की भावनाओं को भड़काया गया।
गौरतलब है कि बीते साल जनवरी में खानाबदोश समुदाय की एक नाबालिग लड़की अचानक गायब हो गई थी। बाद में उसका शव मिला था। दावा किया गया था कि उसकी हत्या से पूर्व दुष्कर्म किया है। पुलिस ने इस मामले में सात आरोपितों को गिरफ्तार किया है। उनके खिलाफ इस समय अदालत में मामला चल रहा है।