संपत्ति विवाद में छत से गिरकर व्यक्ति की मौत, 7 दिन बाद अस्पताल में तोड़ा दम; 4 लोगों पर FIR
श्रीनगर के सौरा में संपत्ति विवाद के दौरान घर की छत से गिरकर गंभीर रूप से घायल हुए 50 वर्षीय मोहम्मद अशरफ सोफी की उपचार के दौरान मौत हो गई।
-1794748598741_m.webp)
संपत्ति विवाद में छत से गिरे व्यक्ति की मौत।
HighLights
सौरा में संपत्ति विवाद के दौरान छत से गिरकर व्यक्ति घायल
50 वर्षीय मोहम्मद अशरफ सोफी की उपचार के दौरान मौत
परिजनों के विरोध प्रदर्शन के बाद चार लोगों पर एफआईआर
राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। सौरा के वेचरनाग इलाके में पारिवारिक विवाद के दौरान घर की छत से गिरकर गंभीर रूप से घायल हुए 50 वर्षीय व्यक्ति की उपचार के दौरान मौत हो गई।
मृतक की पहचान मोहम्मद अशरफ सोफी पुत्र स्वर्गीय गुलाम मोहम्मद सोफी निवासी सोफी मोहल्ला के रूप में हुई है। वह सात नवंबर से एसकेआइएमएस सौरा में जिंदगी के लिए संघर्ष कर रहे था। शनिवार रात उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
पुलिस और अधिकारियों के अनुसार, यह घटना सात नवंबर को हुई थी। बताया जा रहा है कि अशरफ सोफी का अपने भाई तारिक अहमद सोफी और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ संपत्ति विवाद को लेकर कहासुनी हुई थी।
इसी दौरान वह अपने घर की छत से नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद उन्हें तत्काल एसकेआइएमएस सौरा पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत नाजुक देखते हुए उपचार शुरू किया गया। हालांकि, तमाम प्रयासों के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
अशरफ सोफी की मौत की खबर फैलते ही उनके परिजनों और स्थानीय लोगों में रोष फैल गया। रविवार को रिश्तेदारों और इलाके के लोगों ने अवंतीभवन चौक पर एकत्र होकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने घटना में कथित रूप से शामिल लोगों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग उठाई।
इस बीच, मामले को लेकर सौरा पुलिस स्टेशन में चार लोगों के खिलाफ संबंधित कानूनी धाराओं के तहत एफआइआर दर्ज की गई है। प्रदर्शन के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सौरा और अहमदनगर पुलिस थानों के जवान मौके पर तैनात रहे। पुलिस ने विश्वास दिलाया कि पूरे मामले की जांच की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।