विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कश्मीर की जामा मस्जिद में लगी भीषण आग, चार लोग झुलसे; इलाज के लिए श्रीनगर रेफर

Published: Sun, 15 Nov 2026 04:25 PM (IST)

उत्तरी कश्मीर के पट्टन स्थित जामिया मस्जिद में रविवार सुबह आग लगने से चार स्थानीय लोग घायल हो गए और मस्जिद को आंशिक क्षति पहुंची।

पट्टन की जामिया मस्जिद में लगी आग, चार लोग झुलसे।

पट्टन की जामिया मस्जिद में लगी आग, चार लोग झुलसे।

HighLights

  1. पट्टन की जामिया मस्जिद में रविवार सुबह लगी आग

  2. आग से चार स्थानीय लोग घायल, मस्जिद को नुकसान

  3. दमकल, सेना ने मिलकर आग पर पाया काबू

राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। उत्तरी कश्मीर के बारामुला जिले के पट्टन इलाके में रविवार सुबह एक जामिया मस्जिद में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। हामरे इलाके में स्थित मस्जिद में लगी आग की चपेट में आने से चार स्थानीय लोग घायल हो गए, जबकि मस्जिद को भी आंशिक नुकसान पहुंचा है।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल एवं आपातकालीन सेवा विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं जबकि सेना के जवानों ने भी आग पर काबू पाने में मदद की। नतीजतन समय रहते आग बुझा दिए जाने से इसे आसपास के क्षेत्रों में फैलने से रोक लिया गया।

अधिकारियों के अनुसार, रविवार को सुबह करीब 8:40 बजे हामरे की जामिया मस्जिद की ऊपरी मंजिल में अचानक आग लग गई। आग तेजी से फैलने लगी, जिससे मस्जिद के नीचले हिस्सों को भी नुकसान पहुंचा। घटना के दौरान वहां मौजूद कुछ स्थानीय लोग भी इसकी चपेट में आकर घायल हो गए।

आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें व सेना के जवान घटनास्थल पर पहुंचे और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। संयुक्त प्रयासों से आग पर जल्द काबू पा लिया गया और एक बड़ा हादसा टल गया।

घटना में घायल हुए चारों लोग स्थानीय निवासी हैं। उनकी पहचान इरशाद अहमद पुत्र अब्दुल रशीद भट, मोहम्मद अल्ताफ पुत्र अहसान पंडित, मंजूर अहमद मीर और मोहम्मद अशरफ मीर के रूप में हुई है। सभी घायलों को पहले उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया।

जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए श्रीनगर के अस्पतालों में रेफर कर दिया गया। अधिकारियों के मुताबिक, चारों को मामूली चोटें आई हैं और उनकी हालत को लेकर फिलहाल किसी गंभीर स्थिति की सूचना नहीं है।

दमकल एवं आपातकालीन सेवा विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है और इसे आगे फैलने से रोक लिया गया। हालांकि, आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। संबंधित विभाग की ओर से घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

घटना के बाद इलाके में कुछ समय तक अफरा-तफरी का माहौल रहा। राहत की बात यह रही कि दमकल विभाग और सेना की तत्परता से आग पर समय रहते काबू पा लिया गया। इससे मस्जिद को और अधिक नुकसान होने तथा आसपास के क्षेत्र में आग फैलने की आशंका टल गई।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।