पाइपलाइन की खोदाई में मिले 3 जिंदा हैंड ग्रेनेड, जम्मू-कश्मीर के बारामूला के बाग में मचा हड़कंप
उत्तरी कश्मीर के बारामूला में पानी की पाइपलाइन बदलने के दौरान एक बाग में तीन जिंदा और जंग लगे हैंड ग्रेनेड मिले।

बारामूला के बाग में मिले तीन जिंदा जंग लगे हैंड ग्रेनेड। फाइल फोटो
HighLights
बारामुला के दूरहामा में मिले तीन जिंदा हैंड ग्रेनेड
पानी की पाइपलाइन बदलने के दौरान खोदाई में हुए बरामद
बम निरोधक दस्ते ने ग्रेनेड को सुरक्षित कब्जे में लिया
राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। उत्तरी कश्मीर के बारामूला जिले के दूरहामा इलाके में आज रविवार सुबह एक बाग में तीन जिंदा और जंग लगे हैंड ग्रेनेड मिलने से हड़कंप मच गया।
ये ग्रेनेड पानी की आपूर्ति करने वाली पाइपलाइन बदलने के लिए चल रहे खोदाई कार्य के दौरान बरामद हुए। ग्रेनेड एक पॉलीथिन बैग में लिपटे हुए थे। घटना की सूचना मिलने के बाद बारामूला के बम निरोधक दस्ते (बीडीएस) को मौके पर बुलाया गया।
अधिकारियों के अनुसार, इलाके में पानी की पाइपलाइन बदलने के लिए जेसीबी मशीन से खोदाई की जा रही थी। इसी दौरान स्थानीय बाग में जमीन के भीतर पॉलीथिन बैग में रखे तीन ग्रेनेड दिखाई दिए। इसके बाद संबंधित अधिकारियों को सूचित किया गया। बम निरोधक दस्ते को मौके पर बुलाकर आवश्यक कार्रवाई कर तीनों ग्रेनेड को अपने कब्जे में ले लिया।
आपको बता दें कि जम्मू-कश्मीर में पिछले कुछ महीनों के दौरान जंगलों, बागों और अन्य स्थानों पर पुराने ग्रेनेड तथा विस्फोटक सामग्री मिलने की कई घटनाएं सामने आई हैं। गत चार अक्टूबर को उत्तरी कश्मीर के बांडीपोरा जिले के गुरेज इलाके के चोंटिवारी गांव में किशनगंगा नदी के पास दो जंग लगे हैंड ग्रेनेड बरामद हुए थे। स्थानीय लोगों की नजर इन पर पड़ने के बाद पुलिस को सूचना दी गई थी।
इसी तरह 10 अक्टूबर को बारामूला जिले के ही सोपोर के मुकाम चेरहार जंगल क्षेत्र में तलाशी अभियान के दौरान सुरक्षाबलों ने 11 हैंड ग्रेनेड समेत हथियारों और विस्फोटक सामग्री का बड़ा जखीरा बरामद किया था। इस मामले में बम निरोधक दस्ते को भी बुलाया गया था।
इससे पहले 31 अगस्त को कुपवाड़ा जिले के क्रालपोरा के रशनपोरा वन क्षेत्र में तलाशी अभियान के दौरान एक हैंड ग्रेनेड मिला था। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाएं सार्वजनिक और ग्रामीण इलाकों में पुरानी विस्फोटक सामग्री की मौजूदगी को लेकर चिंता बढ़ाती हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।